logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

आगरा में 11 नवंबर तक ट्रैफिक डायवर्जन:बाजारों में ई-रिक्शा-ऑटो की एंट्री बंद, खरीदारों के लिए तय की गई पार्किंग; जानिए रूट प्लान

आगरा में दिवाली और अन्य त्योहारों को देखते हुए 11 नवंबर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। शाहगंज, एमजी रोड और पुराने शहर के बाजारों में सुबह 8 से रात 10 बजे तक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी।


  • November 06, 2026
  • 1 minute
  • 9 Views
Image

आगरा। धनतेरस, नरक चतुर्दशी, दीपावली, गोवर्धन पूजा और भाई दूज के त्योहारों को देखते हुए आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने शहर में विशेष यातायात व्यवस्था लागू की है। बाजारों में बढ़ने वाली भीड़ और जाम की समस्या से निपटने के लिए 11 नवंबर तक ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। इसके तहत शाहगंज, एमजी रोड और पुराने शहर के प्रमुख बाजारों में सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। संकरे बाजारों में ऑटो और ई-रिक्शा के प्रवेश पर भी प्रतिबंध लगाया गया है।

पुलिस ने अलग-अलग इलाकों के लिए वैकल्पिक रूट निर्धारित किए हैं। वाहन चालकों से अपील की गई है कि वे निर्धारित रास्तों का इस्तेमाल करें और प्रतिबंधित मार्गों पर जाने से बचें।

शाहगंज में सुबह 8 से रात 10 बजे तक डायवर्जन

शाहगंज क्षेत्र में त्योहारों के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने के लिए कई चौराहों पर यातायात व्यवस्था बदली गई है।

  • डबल फाटक रूई की मंडी: यहां से चार और तीन पहिया वाहन रूई की मंडी चौराहे की ओर नहीं जा सकेंगे। इन्हें नगला छउआ और ईदगाह चौराहे से निकाला जाएगा।

  • रूई की मंडी चौराहा: यहां यातायात रोक-रोककर चलाया जाएगा।

  • तहसील चौराहा: ऑटो, ई-रिक्शा और चार पहिया वाहन रूई की मंडी की ओर नहीं जाएंगे। इन्हें पचकुइयां चौराहा और कोठी मीना बाजार से निकाला जाएगा।

  • भोगीपुरा चौराहा: रूई की मंडी और संगीता टॉकीज मार्ग पर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन सीओडी तिराहा से साकेत कॉलोनी होकर जाएंगे।

  • शाहगंज चौराहा: रूई की मंडी और संगीता टॉकीज मार्ग पर तीन और चार पहिया वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।

  • पचकुइयां चौराहा: शाहगंज मार्ग पर तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे। इन्हें कोठी मीना बाजार से साकेत चौराहा होकर निकाला जाएगा।

  • स्पीड कलर लैब चौराहा: शाहगंज चौराहे की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  • सीओडी तिराहा: भोगीपुरा चौराहे की ओर जाने वाले वाहनों को साकेत चौराहा या रामनगर की पुलिया से निकाला जाएगा।

  • पृथ्वीनाथ फाटक तिराहा: यहां पुलिसकर्मियों की ड्यूटी रहेगी। जरूरत पड़ने पर वाहनों को शंकरगढ़ की पुलिया और रामनगर पुलिया की ओर डायवर्ट किया जाएगा।

एमजी रोड पर बसों के लिए बदले गए रूट

एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब से दीवानी चौराहे के बीच यातायात नियंत्रित रहेगा। इसके चलते बसों के लिए अलग रूट निर्धारित किए गए हैं।

सूरसदन से भगवान टॉकीज जाने वाली बसें: सूरसदन तिराहे से वजीरपुरा, पालीवाल पार्क गेट, विजय नगर पुलिस चौकी और सुल्तानगंज की पुलिया होकर जाएंगी।

भगवान टॉकीज से सूरसदन आने वाली बसें: सुल्तानगंज की पुलिया चौराहा, विजय नगर पुलिस चौकी और पालीवाल पार्क गेट से कॉसमॉस मॉल तिराहा होकर सूरसदन पहुंचेंगी। दूसरा विकल्प सेंट पीटर्स कॉलेज, पानी की टंकी तिराहा और हरीपर्वत चौराहा का रहेगा।

नो-पार्किंग में वाहन खड़ा करने पर होगी कार्रवाई

सूरसदन से दीवानी गोल चक्कर के बीच यातायात रोक-रोककर चलाया जाएगा। इस दौरान सड़क किनारे वाहन खड़े करने की अनुमति नहीं होगी। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को क्रेन से उठाकर कार्रवाई की जाएगी।

वाहनों की पार्किंग के लिए निर्धारित स्थान:

  • नगर निगम परिसर

  • सूरसदन प्रेक्षागृह

  • संजय प्लेस की विभिन्न पार्किंग

पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे बाजारों में खरीदारी के लिए निकलने से पहले पार्किंग की व्यवस्था का ध्यान रखें।

पुराने शहर के बाजारों में सभी वाहनों की एंट्री बंद

त्योहारों के दौरान पुराने शहर के घने बाजारों में सबसे ज्यादा भीड़ रहने की संभावना है। इसे देखते हुए सुभाष बाजार पुलिस चौकी, चिम्मन पूड़ी तिराहा और मदीना होटल तिराहा से सुभाष बाजार, लोहारगली, रावतपाड़ा, सेठ गली, जौहरी बाजार और नमक की मंडी होते हुए फुव्वारा चौराहे तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

खरीदारी के लिए आने वाले लोग अपने वाहन फोर्ट स्टेशन पार्किंग में खड़े कर सकेंगे। इसके बाद बाजारों तक पैदल जाना होगा।

पुराने शहर में इन वैकल्पिक रास्तों से निकलेंगे वाहन

पुराने शहर के विभिन्न चौराहों पर भी यातायात डायवर्जन लागू किया गया है।

  • चिम्मन पूड़ी तिराहा: कश्मीरी बाजार और फुव्वारा की ओर जाने वाले तीन और चार पहिया वाहन रावतपाड़ा, नमक की मंडी और किनारी बाजार नहीं जा सकेंगे। इन्हें पीपल मंडी, दरेसी नंबर-1, काला महल और गुदड़ी मंसूर खां होकर निकाला जाएगा।

  • पीपल मंडी तिराहा: रावतपाड़ा तिराहे की ओर तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। वाहन चिम्मन पूड़ी होकर जाएंगे।

  • घटिया आजम खां: फुव्वारा और कश्मीरी बाजार की ओर जाने वाले वाहन धुलियागंज, गुदड़ी मंसूर खां और काला महल चौराहे से होकर निकलेंगे।

  • सिंधी मार्केट चर्च गेट: तीन और चार पहिया वाहन गुड़ की मंडी और फुलट्टी होकर छिली ईंट व घटिया आजम खां जा सकेंगे।

  • हॉस्पिटल रोड: व्यास मेडिकल स्टोर तिराहे से सिंधी बाजार, पीपल गेट होते हुए फुव्वारा तक तीन और चार पहिया वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

  • चर्च गेट: हॉस्पिटल रोड तिराहे से फुव्वारा की ओर तीन और चार पहिया वाहन नहीं जा सकेंगे।

इन बाजारों में ऑटो और ई-रिक्शा पूरी तरह प्रतिबंधित

पुराने शहर के संकरे बाजारों में भीड़ और जाम से बचने के लिए ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन पर विशेष प्रतिबंध लगाया गया है।

इन क्षेत्रों में ऑटो और ई-रिक्शा नहीं चल सकेंगे:

  1. चिम्मन पूड़ी तिराहा, लोहार गली, रावतपाड़ा, नमक की मंडी, सेठ गली, किनारी बाजार, कसेरठ बाजार, फुव्वारा और कश्मीरी बाजार के बीच का क्षेत्र।

  2. फुलट्टी तिराहे से सेव का बाजार, कश्मीरी बाजार और फुव्वारा के बीच का क्षेत्र।

  3. लाडो गली हींग की मंडी (पाकीजा होटल) से दवा मार्केट कोतवाली के बीच का क्षेत्र।

त्योहारों पर घर से निकलने से पहले जान लें ट्रैफिक व्यवस्था

आगरा पुलिस कमिश्नरेट ने लोगों से अपील की है कि त्योहारों के दौरान बाजारों में अनावश्यक रूप से निजी वाहन लेकर न जाएं। निर्धारित पार्किंग स्थलों का उपयोग करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। सही रूट का इस्तेमाल करने से जाम की समस्या कम होगी और लोगों को त्योहारों पर खरीदारी करने में सहूलियत मिलेगी।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *