आगरा मेट्रो ने पीछे की बेरीकेडिंग, एमजी रोड के शोरूम्स को दीवाली पर मिली राहत
आगरा के एमजी रोड पर स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा तक मेट्रो की बैरिकेडिंग पीछे हटाई जा रही है। डीएम मनीष बंसल की नाराजगी के बाद यूपीएमआरसी ने सड़क मरम्मत और बैरिकेडिंग हटाने का काम शुरू किया है, जिससे दिवाली से पहले दुकानदारों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
आगरा। शहर के व्यस्त एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण के कारण लंबे समय से लगी बैरिकेडिंग को अब पीछे हटाया जा रहा है। स्पीड कलर लैब से सूरसदन तिराहा तक यूपी मेट्रो रेल कॉरपोरेशन (यूपीएमआरसी) की टीम ने रविवार सुबह बैरिकेडिंग को करीब दो मीटर पीछे कर दिया। बाकी हिस्सों में भी बैरिकेडिंग हटाने की प्रक्रिया जारी है। इस कदम से दुकानदारों और वाहन चालकों को राहत मिलने की उम्मीद है।
डीएम की नाराजगी के बाद हरकत में आया यूपीएमआरसी
एमजी रोड पर बैरिकेडिंग के कारण पिछले एक साल से दुकानदारों और शोरूम संचालकों को परेशानी हो रही थी। उनका कहना था कि संबंधित हिस्से में मेट्रो का काम बंद होने के बावजूद बैरिकेडिंग लगाकर सड़क का बड़ा हिस्सा घेरा गया है। इससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती थी और रोजाना जाम की स्थिति बनती थी।
लगातार मिल रही शिकायतों के बाद डीएम मनीष बंसल ने यूपीएमआरसी के अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताई और परियोजना निदेशक अरविंद कुमार से रिपोर्ट मांगी। इसके बाद टीम ने मौके पर जांच की और बैरिकेडिंग पीछे करने का काम शुरू किया।
सड़क और नाले की भी कराई गई मरम्मत
यूपीएमआरसी की टीम ने सूरसदन तिराहा से स्पीड कलर लैब की ओर जाने वाली लेन की मरम्मत भी कराई है। इस हिस्से में नाले को भूमिगत कर दिया गया है। परियोजना निदेशक के अनुसार, जिन स्थानों पर गड्ढे थे, उन्हें भी भरवाया गया है।
इसके अलावा हरीपर्वत चौराहे के आसपास सड़क की मरम्मत कराई जा रही है। दीवानी चौराहे के पास भी सड़क सुधार का काम शुरू कर दिया गया है।
डीएम ने दिए बैरिकेडिंग हटाने और गड्ढे भरने के निर्देश
डीएम मनीष बंसल ने एमजी रोड पर जिन स्थानों पर मेट्रो का काम पूरा हो चुका है, वहां से बैरिकेडिंग हटाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही सड़क पर बने गड्ढों को ठीक तरीके से भरने या जरूरत के अनुसार नई सड़क बनाने को कहा गया है।
दिवाली से पहले सड़क की स्थिति में सुधार होने से एमजी रोड पर यातायात सुगम होने की उम्मीद है। इससे बाजार आने वाले लोगों, दुकानदारों और रोजाना इस मार्ग से गुजरने वाले वाहन चालकों को राहत मिल सकती है।