दशरथ ने जनक को दिया राम की लगुन-सगाई का न्योता, बैंड-बाजों के साथ जनक निवास पहुंचे अयोध्यावासी
आगरा में श्रीराम की लगुन-सगाई और मेहंदी-संगीत समारोह से पहले दशरथ परिवार ने जनक निवास पहुंचकर विवाह का निमंत्रण दिया।
आगरा। श्रीराम विवाहोत्सव को लेकर आगरा में तैयारियां जोरों पर हैं। वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में सोमवार को श्रीराम की लगुन-सगाई और मेहंदी-संगीत समारोह का आयोजन किया जाएगा। इससे पहले रविवार को विवाहोत्सव की परंपराओं के तहत राजा दशरथ परिवार सहित राजा जनक के निवास पर पहुंचे और उन्हें श्रीराम विवाह का निमंत्रण दिया।
राजा दशरथ के जनक निवास पहुंचने पर उत्सव जैसा माहौल नजर आया। नेहरू नगर स्थित राधा कृष्ण मंदिर से बैंड-बाजों के साथ दशरथ परिवार की शोभायात्रा निकली। रास्ते में श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर स्वागत किया। बैंड की मधुर धुनों और धार्मिक जयकारों से पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
श्रीराम विवाहोत्सव की इस परंपरा में राजा दशरथ द्वारा राजा जनक को विवाह का निमंत्रण देने की रस्म विशेष आकर्षण का केंद्र रही। जनक निवास पर पहुंचने के बाद दोनों पक्षों के बीच विवाहोत्सव को लेकर तैयारियों और कार्यक्रमों की परंपरागत रस्में पूरी की गईं।
सोमवार को वाटर वर्क्स स्थित अग्रवन में श्रीराम की लगुन-सगाई के साथ मेहंदी और संगीत कार्यक्रम आयोजित होगा। इसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। कार्यक्रम को लेकर आयोजन स्थल पर विशेष तैयारियां की गई हैं।
श्रीराम विवाहोत्सव की विभिन्न रस्मों के माध्यम से शहर में धार्मिक और सांस्कृतिक उत्सव का माहौल बना हुआ है। श्रद्धालु राम-सीता विवाह से जुड़ी परंपराओं को देखने और उनमें शामिल होने के लिए उत्साहित हैं। आने वाले दिनों में विवाहोत्सव से जुड़े अन्य कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।