Skip to main content
Agra Trends home
Agra Trends

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

यूपी: तेज रफ्तार और गलत दिशा में ड्राइविंग से रहें सावधान, आगरा में सड़क सुरक्षा पखवाड़ा शुरू

Agra News: आगरा में 30 नवंबर तक सड़क सुरक्षा पखवाड़ा चलेगा। आरटीओ ने प्रचार वाहन रवाना किया। हेलमेट, सीट बेल्ट और यातायात नियमों के प्रति लोगों को जागरूक किया जाएगा।


  • November 17, 2026
  • 1 minute
  • 6 Views
Image

आगरा। शहर में सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए सोमवार को सड़क सुरक्षा पखवाड़े का शुभारंभ किया गया। यह अभियान 30 नवंबर तक चलेगा। इसके तहत शहर और आसपास के क्षेत्रों में प्रचार वाहन के माध्यम से लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जाएगा। अभियान का उद्देश्य वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और सड़क पर सावधानी बरतने के लिए प्रेरित करना है।

आरटीओ ने प्रचार वाहन को दिखाई हरी झंडी

संभागीय परिवहन कार्यालय में आरटीओ संजय कुमार तिवारी ने सड़क सुरक्षा प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस अवसर पर परिवहन विभाग के अधिकारियों, कर्मचारियों और उपस्थित नागरिकों को सड़क सुरक्षा की शपथ भी दिलाई गई।

आरटीओ ने लोगों से अपील की कि वाहन चलाते समय यातायात नियमों का पालन करें और अपनी सुरक्षा के साथ दूसरों की जिंदगी का भी ध्यान रखें। उन्होंने कहा कि सड़क पर की गई छोटी सी लापरवाही भी गंभीर हादसे का कारण बन सकती है।

हेलमेट और सीट बेल्ट लगाने के लिए करेंगे जागरूक

एआरटीओ प्रशासन विनय कुमार ने बताया कि सड़क सुरक्षा पखवाड़े के दौरान दोपहिया वाहन चालकों को मानक हेलमेट पहनने और कार चालकों को सीट बेल्ट लगाने के लिए जागरूक किया जाएगा।

इसके साथ ही वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं करने, नशे की हालत में ड्राइविंग से बचने, गलत दिशा में वाहन नहीं चलाने और निर्धारित गति सीमा का पालन करने की अपील की जाएगी। लोगों को यातायात संकेतों का पालन करने और सड़क पार करते समय सावधानी बरतने की जानकारी भी दी जाएगी।

हादसे में घायलों की मदद के लिए राह-वीर बनने की अपील

अभियान के दौरान सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने के लिए भी नागरिकों को प्रेरित किया जाएगा। अधिकारियों ने लोगों से अपील की कि हादसे में घायल व्यक्ति को गोल्डन ऑवर के दौरान अस्पताल पहुंचाने में मदद करें, ताकि समय पर उपचार मिलने से उसकी जान बचाई जा सके। इसके लिए लोगों को राह-वीर बनने के प्रति जागरूक किया जाएगा।

परिवहन विभाग के अधिकारी रहे मौजूद

सड़क सुरक्षा पखवाड़े के शुभारंभ कार्यक्रम में एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार और अजय कुमार गुप्ता, पीटीओ विकास अस्थाना, विजय किशोर आनंद और आभा त्रिपाठी, आरआई संजीत सिंह तथा जितेंद्र कुमार सहित अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

परिवहन विभाग की ओर से 30 नवंबर तक चलने वाले इस अभियान के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने का प्रयास किया जाएगा।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *