Skip to main content
Agra Trends home
Agra Trends

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

आगरा मेट्रो: दिन में रोशनी के लिए नहीं जलानी पड़ेंगी लाइटें, सदर स्टेशन पर पीईबी स्ट्रक्चर का निर्माण शुरू

Agra Metro के दूसरे कॉरिडोर के एलिवेटेड स्टेशनों पर ट्रांसलूसेंट पॉलीकार्बोनेट शीट लगाई जा रही हैं। सदर स्टेशन से शुरुआत, दिन में प्राकृतिक रोशनी से होगी बिजली की बचत।


  • November 17, 2026
  • 1 minute
  • 10 Views
Image

आगरा। आगरा मेट्रो परियोजना के दूसरे कॉरिडोर पर यात्रियों को जल्द ही एक खास सुविधा देखने को मिलेगी। इस कॉरिडोर के एलिवेटेड मेट्रो स्टेशनों पर दिन के समय प्लेटफॉर्म प्राकृतिक रोशनी से जगमगाएंगे। इसके लिए उत्तर प्रदेश मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (यूपीएमआरसी) स्टेशनों की छतों पर ट्रांसलूसेंट पॉलीकार्बोनेट शीट लगा रहा है। इन शीट के माध्यम से सूरज की रोशनी सीधे प्लेटफॉर्म तक पहुंचेगी, जिससे दिन में आर्टिफिशियल लाइटों पर निर्भरता कम होगी और बिजली की खपत में भी कमी आएगी।

इस तकनीक को लागू करने की शुरुआत सदर मेट्रो स्टेशन से हो गई है। यहां प्री-इंजीनियर्ड बिल्डिंग (पीईबी) स्ट्रक्चर का निर्माण शुरू कर दिया गया है। इसी स्ट्रक्चर की छत पर ट्रांसलूसेंट पॉलीकार्बोनेट शीट लगाई जाएंगी। इससे स्टेशन के अंदर पर्याप्त प्राकृतिक रोशनी बनी रहेगी और यात्रियों को बेहतर अनुभव मिलेगा।

आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बन रहा दूसरा कॉरिडोर

यूपीएमआरसी के महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के अनुसार, आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक विकसित किए जा रहे दूसरे मेट्रो कॉरिडोर के एलिवेटेड स्टेशनों पर पीईबी स्ट्रक्चर लगाए जा रहे हैं। इनकी छतों में विशेष प्रकार की पारदर्शी पॉलीकार्बोनेट शीट का इस्तेमाल होगा। इनसे प्राकृतिक रोशनी स्टेशन के प्लेटफॉर्म तक पहुंचेगी। इस व्यवस्था से बिजली की बचत के साथ यात्रियों को पर्याप्त रोशनी उपलब्ध कराना संभव होगा।

रावली क्रॉसिंग पर 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन की तैयारी

दूसरे कॉरिडोर के निर्माण में कई तकनीकी चुनौतियों पर भी काम किया जा रहा है। रावली क्रॉसिंग, सेंट जोंस क्रॉसिंग, भगवान टॉकीज और यमुना नदी के ऊपर सामान्य यू-गर्डर के स्थान पर स्टील स्पैन का निर्माण किया जा रहा है।

रावली क्रॉसिंग पर 60 मीटर लंबे स्टील स्पैन की असेंबली का काम चल रहा है। इस स्पैन को जोड़ने के लिए लगभग 26 हजार बोल्ट लगाए जाएंगे। तैयार होने के बाद इसे रेलवे लाइन के ऊपर रोल करके स्थापित किया जाएगा। वहीं, यमुना नदी पर 45-45 मीटर लंबे दो स्टील स्पैन बनाए जाएंगे।

15.4 किलोमीटर लंबा होगा आगरा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर

आगरा मेट्रो का दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक बनाया जा रहा है। इसकी कुल लंबाई 15.4 किलोमीटर होगी। इस रूट पर कुल 13 एलिवेटेड स्टेशन प्रस्तावित हैं, जिनमें से छह स्टेशन एमजी रोड पर बनाए जाएंगे।

दूसरे कॉरिडोर पर आधुनिक निर्माण तकनीक और ऊर्जा बचत से जुड़े उपायों को शामिल किया जा रहा है। प्राकृतिक रोशनी की व्यवस्था से न केवल बिजली की खपत कम करने में मदद मिलेगी, बल्कि मेट्रो स्टेशनों को अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल बनाने की दिशा में भी यह महत्वपूर्ण कदम साबित होगा।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *