Skip to main content
Agra Trends home
Agra Trends

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

यूपी: सीएम योगी का आगरा दौरा अचानक रद्द, मथुरा के मंथन के बाद सीधे दिल्ली होंगे रवाना; सियासी हलचल तेज

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त हो गया। मथुरा में भाजपा चिंतन शिविर के बाद मुख्यमंत्री दिल्ली रवाना होंगे।


  • November 17, 2026
  • 1 minute
  • 5 Views
Image

आगरा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का मंगलवार को प्रस्तावित आगरा दौरा निरस्त हो गया है। मथुरा में भाजपा के दो दिवसीय चिंतन शिविर में शामिल होने के बाद मुख्यमंत्री अब दिल्ली रवाना होंगे। आगरा में उन्हें फतेहाबाद के दिवंगत भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा के परिजनों से मुलाकात करनी थी। अचानक कार्यक्रम में बदलाव के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।

पहले खेरिया एयरपोर्ट पहुंचने का था कार्यक्रम

निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में भाजपा की बैठक में शामिल होने के बाद बरसाना जाना था। यहां उन्हें दिवंगत पद्मश्री रमेश बाबा को श्रद्धांजलि अर्पित करनी थी। इसके बाद हेलीकॉप्टर से आगरा के खेरिया एयरपोर्ट पहुंचकर शमशाबाद रोड स्थित दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के आवास पर जाने का कार्यक्रम प्रस्तावित था।

हालांकि, कार्यक्रम में अचानक बदलाव के चलते मुख्यमंत्री का आगरा दौरा रद्द कर दिया गया। उनके दिल्ली रवाना होने के फैसले के पीछे की वजह को लेकर अभी तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।

दिवंगत विधायक छोटेलाल वर्मा के परिवार से होनी थी मुलाकात

फतेहाबाद विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का 24 सितंबर को बीमारी के कारण निधन हो गया था। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को उनके आवास पर पहुंचकर शोक संतप्त परिजनों से मुलाकात करनी थी।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और नगर निगम ने तैयारियां शुरू कर दी थीं। शमशाबाद रोड स्थित आवास तक जाने वाले मार्ग पर सड़क मरम्मत, विशेष सफाई अभियान और अतिक्रमण हटाने का काम कराया गया था। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी तैयारियां की गई थीं। दौरा निरस्त होने के बाद प्रशासनिक तैयारियां रोक दी गईं।

मथुरा चिंतन शिविर में 2027 चुनाव की रणनीति पर मंथन

मथुरा के परखम स्थित पंडित दीनदयाल उपाध्याय गो-अनुसंधान केंद्र में भाजपा की दो दिवसीय योजना बैठक आयोजित की गई। बैठक में आगामी 2027 उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर संगठन और सरकार की रणनीति पर चर्चा हुई।

बैठक में विपक्ष के पीडीए नैरेटिव की काट तैयार करने, पारंपरिक और नए सामाजिक समीकरणों को मजबूत करने तथा सनातन के मुद्दे को और प्रभावी बनाने पर मंथन किया गया। इसके अलावा सरकार की लोककल्याणकारी योजनाओं को जमीनी स्तर तक पहुंचाने और कार्यकर्ताओं की शिकायतों के समाधान पर भी जोर दिया गया।

पार्टी ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर चर्चा की। कमजोर बूथों को चिह्नित करने और हारी हुई विधानसभा सीटों पर पकड़ मजबूत करने के लिए बड़े नेताओं की रैलियों और दौरों का रोडमैप तैयार करने पर भी बात हुई।

युवा चेहरों को मौका देने पर भी चर्चा

चिंतन शिविर में चुनाव से पहले एंटी-इंकंबेंसी की चुनौती से निपटने के लिए नए और युवा चेहरों को मौका देने के मुद्दे पर भी चर्चा हुई। बैठक में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक और केशव प्रसाद मौर्य, प्रदेश प्रभारी विनोद तावड़े, राष्ट्रीय महामंत्री स्मृति ईरानी, सांसद हेमा मालिनी, प्रदेश संगठन महामंत्री धर्मपाल और प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

योगी के दिल्ली जाने से बढ़ीं राजनीतिक अटकलें

मथुरा में भाजपा की बैठक के बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का अचानक दिल्ली रवाना होना राजनीतिक चर्चाओं का विषय बन गया है। हाल के दिनों में भाजपा की चुनावी तैयारियों और संगठनात्मक समीकरणों को लेकर भी चर्चा चल रही है।

कुछ समय पहले एक कथित सूची के हवाले से दावा किया गया था कि मुख्यमंत्री ने 209 संभावित प्रत्याशियों के नाम हाईकमान को भेजे हैं। हालांकि, इस सूची को लेकर आधिकारिक पुष्टि सामने नहीं आई थी। ऐसे में मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे को लेकर भी अटकलें लगाई जा रही हैं।

फिलहाल मुख्यमंत्री के दिल्ली दौरे के एजेंडे को लेकर कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। ऐसे में यह स्पष्ट नहीं है कि आगरा का कार्यक्रम निरस्त करने और दिल्ली जाने के पीछे क्या कारण है। अब राजनीतिक हलकों की नजर दिल्ली में होने वाली संभावित गतिविधियों पर बनी हुई है।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *