बड़ी खबर: वृंदावन में बनेगा बांकेबिहारी का नया मंदिर? 50 एकड़ जमीन का प्रस्ताव, जानें क्या है पूरा प्लान
वृंदावन के बांकेबिहारी मंदिर की हाईपावर्ड कमेटी की 22वीं बैठक में नए मंदिर का प्रस्ताव सामने आया। सेवायत सदस्य ने सरकार से 50 एकड़ जमीन मांगी और कॉरिडोर का वैकल्पिक मॉडल सुझाया।
वृंदावन। ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर की व्यवस्थाओं को बेहतर बनाने और श्रद्धालुओं को सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराने के लिए मंगलवार को लक्ष्मण शहीद सभागार में हाईपावर्ड कमेटी की 22वीं बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंदिर के विस्तार, आराध्य के नए भवन के निर्माण और प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर कई महत्वपूर्ण सुझाव सामने आए। सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने सरकार से 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की मांग करते हुए वृंदावन में नया मंदिर बनाने का वैकल्पिक प्रस्ताव रखा।
बैठक में मंदिर की आय-व्यय, करीब आठ करोड़ रुपये की धनराशि के उपयोग, गोस्वामी और सेवायतों के अतिथियों के प्रवेश तथा श्रद्धालुओं की दर्शन व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा हुई। मंदिर के चार्टर्ड अकाउंटेंट की ओर से प्रस्तुत रिपोर्ट के आधार पर बताया गया कि वित्तीय प्रावधानों के अनुसार 31 मार्च 2027 तक लगभग आठ करोड़ रुपये ठाकुरजी से संबंधित कार्यों में खर्च किए जाने हैं, ताकि कर संबंधी लाभ प्राप्त किया जा सके। इस धनराशि को मंदिर के विस्तार और श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं विकसित करने में खर्च करने के सुझाव पर विचार किया गया।
हालांकि, जिलाधिकारी, एसएसपी और अन्य संबंधित अधिकारियों की अनुपस्थिति के कारण धनराशि के उपयोग को लेकर अंतिम निर्णय नहीं हो सका। कमेटी की बैठक में मंदिर से जुड़े आगामी उत्सवों और शोभायात्राओं की व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई।
बिहार पंचमी के आयोजन के लिए आठ लाख रुपये मंजूर
बैठक में बिहार पंचमी के उत्सव को भव्यता के साथ मनाने के लिए आठ लाख रुपये खर्च करने की स्वीकृति दी गई। इसके साथ ही पिछली शोभायात्रा में बैंड संचालकों द्वारा फिल्मी गाने बजाए जाने की शिकायत पर भी नाराजगी जताई गई। कमेटी ने स्पष्ट किया कि भविष्य में शोभायात्राओं के दौरान फिल्मी गाने बजाने पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। कमेटी अध्यक्ष अशोक ने कहा कि नियमों का उल्लंघन करने वाले बैंड संचालकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
सेवायत सदस्य ने उठाए श्रद्धालुओं की सुरक्षा और दर्शन व्यवस्था के मुद्दे
बैठक में सेवायत सदस्य हिमांशु गोस्वामी ने मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं पर कई सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि सुरक्षाकर्मियों द्वारा महिलाओं के साथ छेड़खानी और पुलिसकर्मियों द्वारा श्रद्धालुओं से अभद्रता किए जाने की शिकायतों के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई है। उन्होंने इन मामलों में जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने 14 दिसंबर को ठाकुर बांकेबिहारी महाराज के प्राकट्योत्सव के आयोजन के लिए कम से कम 11 लाख रुपये का बजट निर्धारित करने का सुझाव दिया। उनका कहना था कि इससे कम बजट में आयोजन की समुचित व्यवस्थाएं करना मुश्किल होगा। उन्होंने आम श्रद्धालुओं को सुगम और व्यवस्थित दर्शन कराने को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की बात कही।
हिमांशु गोस्वामी ने यह भी कहा कि हाईपावर्ड कमेटी की 22 बैठकें होने के बावजूद धरातल पर अपेक्षित बदलाव दिखाई नहीं दे रहे हैं। नगर निगम और विद्युत विभाग को लगातार निर्देश दिए जाते हैं, लेकिन कई समस्याओं का समाधान अब तक नहीं हुआ है।
50 एकड़ जमीन पर नया मंदिर बनाने का सुझाव
प्रस्तावित कॉरिडोर को लेकर हिमांशु गोस्वामी ने एक वैकल्पिक मॉडल कमेटी के सामने रखा। उन्होंने सरकार से 50 एकड़ जमीन उपलब्ध कराने की मांग की, ताकि वहां संप्रदाय का नया मंदिर बनाया जा सके। उनका सुझाव था कि ऐसा विकल्प तैयार किया जाए, जिससे वृंदावन की ऐतिहासिक कुंज गलियों और धार्मिक विरासत को सुरक्षित रखा जा सके।
उन्होंने कहा कि कॉरिडोर निर्माण के नाम पर किसी का घर नहीं उजड़ना चाहिए, किसी का रोजगार प्रभावित नहीं होना चाहिए और प्राचीन मंदिरों को तोड़ने की स्थिति नहीं बननी चाहिए। नए मंदिर के निर्माण का प्रस्ताव इसी उद्देश्य से रखा गया है, ताकि श्रद्धालुओं की सुविधाओं का विस्तार भी हो और वृंदावन की धार्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान भी सुरक्षित रहे।
फिलहाल हाईपावर्ड कमेटी की बैठक में सामने आए इस प्रस्ताव पर अंतिम निर्णय नहीं हुआ है। आने वाले समय में संबंधित अधिकारियों और कमेटी के स्तर पर इस पर आगे विचार किया जा सकता है।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें