छह वर्षों में 6 किलोमीटर ही चल पाई आगरा मेट्रो, अब 2027 तक करना होगा इंतजार; जानें नया अपडेट
आगरा मेट्रो परियोजना की दिसंबर 2025 की समय-सीमा बीत गई है। 8,379 करोड़ रुपये की लागत वाली 29.4 किलोमीटर परियोजना अब जून 2027 तक पूरी होगी। निर्माण में देरी से शहरवासी जाम, धूल और टूटी सड़कों से परेशान हैं।
आगरा। शहरवासियों को जाम से राहत दिलाने और बेहतर सार्वजनिक परिवहन उपलब्ध कराने के उद्देश्य से शुरू हुई आगरा मेट्रो परियोजना की रफ्तार धीमी पड़ गई है। दिसंबर 2025 में परियोजना पूरी करने की निर्धारित समय-सीमा निकल चुकी है, लेकिन अभी तक करीब छह किलोमीटर के प्राथमिकता कॉरिडोर पर ही यात्री सेवा संचालित हो रही है। अब पूरी परियोजना को जून 2027 तक पूरा करने का नया लक्ष्य निर्धारित किया गया है।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 दिसंबर 2020 को वर्चुअल माध्यम से आगरा मेट्रो परियोजना का शुभारंभ किया था। करीब 8,379.62 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना को पांच साल में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। हालांकि, निर्माण कार्य में लगातार आ रही बाधाओं के कारण परियोजना निर्धारित समय पर पूरी नहीं हो सकी।
मेट्रो निर्माण में देरी का खामियाजा शहरवासियों को भी भुगतना पड़ रहा है। शहर के कई इलाकों में सड़कों की खुदाई, टूटी सड़कें, उड़ती धूल और संकरे रास्तों के कारण रोजाना जाम की समस्या बनी रहती है। जिस मेट्रो परियोजना से शहर की यातायात व्यवस्था बेहतर होने की उम्मीद थी, उसका निर्माण ही लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गया है।
29.4 किलोमीटर के दो कॉरिडोर पर चल रहा काम
आगरा मेट्रो परियोजना के तहत कुल 29.4 किलोमीटर लंबे दो कॉरिडोर बनाए जा रहे हैं। पहला कॉरिडोर सिकंदरा से ताज ईस्ट गेट तक 14 किलोमीटर लंबा है, जबकि दूसरा कॉरिडोर आगरा कैंट से कालिंदी विहार तक 15.4 किलोमीटर का होगा। दोनों कॉरिडोर पर कुल 27 स्टेशन प्रस्तावित हैं।
यूपीएमआरसी के संयुक्त महाप्रबंधक पंचानन मिश्रा के अनुसार, नवंबर 2026 तक आईएसबीटी से सिकंदरा के बीच करीब 70 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। परियोजना के शेष काम को पूरा करने के लिए जून 2027 की समय-सीमा तय की गई है।
छह किलोमीटर के हिस्से में ही चल रही मेट्रो
आगरा में मेट्रो की यात्री सेवा 6 मार्च 2024 को ताज ईस्ट गेट से मनकामेश्वर मंदिर तक शुरू हुई थी। करीब छह किलोमीटर के इस प्राथमिकता कॉरिडोर में छह स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, शहर के बड़े हिस्से को जोड़ने वाला मेट्रो नेटवर्क अभी निर्माणाधीन है।
पहले कॉरिडोर में गुरु का ताल और सिकंदरा तिराहा स्टेशन महत्वपूर्ण हैं। इन दोनों स्टेशनों को दिसंबर 2026 तक तैयार करने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, आगरा कैंट से आगरा कॉलेज के बीच दिसंबर 2026 तक मेट्रो संचालन शुरू करने की योजना है। आगरा कॉलेज से कालिंदी विहार तक शेष निर्माण जून 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य है।
इन वजहों से पिछड़ गया मेट्रो का निर्माण
आगरा मेट्रो परियोजना में देरी के पीछे कई प्रशासनिक और स्थानीय बाधाएं सामने आई हैं। यूपीएमआरसी के अधिकारियों के मुताबिक, आगरा कैंट क्षेत्र में अनुमति मिलने में देरी हुई। एमजी रोड पर निर्माण कार्य शुरू होने के दौरान व्यापारियों ने विरोध किया, जबकि मोती कटरा में कई महीनों तक निर्माण मशीनें बंद रहीं।
इसके अलावा निर्माण कार्य की जद में आने वाले पेड़ों को काटने की अनुमति मिलने में भी देरी हुई। सिकंदरा में पत्थर के घोड़े और गुरु का ताल मॉन्यूमेंट से संबंधित अनुमति नहीं मिलने के कारण करीब आठ महीने तक काम प्रभावित रहा।
इन तमाम बाधाओं के चलते आगरा मेट्रो परियोजना निर्धारित समय पर पूरी नहीं हो सकी। अब शहरवासियों को पूरे मेट्रो नेटवर्क की सुविधा मिलने के लिए जून 2027 तक इंतजार करना होगा।