बटेश्वर मेला: 21 हजार दीपों से जगमगाए घाट, वैदिक मंत्रोच्चार के बीच हुई यमुना महाआरती; अद्भुत नजारा
आगरा के प्रसिद्ध तीर्थ स्थल बटेश्वरनाथ जी महाराज के वार्षिक मेले का पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह भदावर ने शुभारंभ किया। इस अवसर पर यमुना घाटों पर 21 हजार दीप जलाए गए और बनारस की तर्ज पर भव्य महाआरती हुई।
आगरा। तीर्थ स्थल श्री बटेश्वरनाथ जी महाराज के वार्षिक मेले का बुधवार शाम भव्य शुभारंभ हुआ। पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह भदावर ने शाम 5:40 बजे मुख्य प्रवेश द्वार पर फीता काटकर मेले का उद्घाटन किया। इस दौरान यमुना के घाट 21 हजार दीपों की रोशनी से जगमगा उठे। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच बनारस की तर्ज पर भव्य महाआरती का आयोजन किया गया। दीपोत्सव और महाआरती में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया।
मेले का उद्घाटन करने के बाद पूर्व मंत्री राजा अरिदमन सिंह भदावर ने कहा कि समय के साथ पशु मेलों का स्वरूप बदल रहा है। ट्रैक्टरों और आधुनिक कृषि उपकरणों के बढ़ते इस्तेमाल के कारण पशुओं की संख्या में कमी आई है, लेकिन प्राचीन लोक मेलों का आकर्षण आज भी बरकरार है। उन्होंने कहा कि कॉरिडोर निर्माण और सरकारी प्रयासों के माध्यम से इन पारंपरिक मेलों को नया विस्तार दिया जा रहा है।
21 हजार दीपों से जगमगाए यमुना के घाट
मेले के शुभारंभ के अवसर पर यमुना घाटों पर 21,000 दीप प्रज्ज्वलित कर भव्य दीपोत्सव मनाया गया। जिला पंचायत प्रशासक डॉ. मंजू भदौरिया ने विधि-विधान से यमुना पूजन किया। इसके बाद बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर महाआरती आयोजित की गई।
पुजारी अशोक गोस्वामी, रंजीत गोस्वामी और राकेश बाजपेयी ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ यमुना मैया की महाआरती कराई। दीपों की रोशनी और आरती के दौरान पूरा घाट परिसर भक्तिमय माहौल में नजर आया। श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की।
छात्राओं ने सजाई आकर्षक रंगोली
आयोजन के दौरान स्कूली छात्राओं ने मेला परिसर में आकर्षक रंगोली सजाई। दीपोत्सव, यमुना पूजन और महाआरती ने वार्षिक मेले के शुभारंभ को खास बना दिया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, मंदिर प्रबंधन और स्थानीय लोगों की भागीदारी रही।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री रामसकल गुर्जर, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया, पूर्व विधायक डॉ. राजेंद्र सिंह, भाजपा उपाध्यक्ष मानवेंद्र राठौर, अपर मुख्य अधिकारी मुकेश जैन, मेलाधिकारी मासूम रजा, अभियंता लव कुमार, पूर्व चेयरमैन एवं अधिवक्ता सुनील बाबू, ब्लॉक प्रमुख लाल सिंह चौहान, मंदिर प्रबंधक अजय भदौरिया, पुलकित भदौरिया, अलकेंद्र जादौन और बिट्टू सिंह भदौरिया सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।