Skip to main content
Agra Trends home
Agra Trends

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

यूपी: भाजपा के अभेद्य किले में दलित कार्ड से सेंध लगाएगी सपा, पश्चिम की 140 सीटों के लिए बिसात; देखें आंकड़े

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सपा आगरा में 15 नवंबर को दलित महासम्मेलन आयोजित करेगी। अखिलेश यादव के नेतृत्व में पश्चिमी यूपी के 30 जिलों से एक लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य।


  • November 10, 2026
  • 1 minute
  • 10 Views
Image

आगरा। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी आगरा से चुनावी अभियान का औपचारिक आगाज करने जा रही है। इसके तहत 15 नवंबर को पंचकुइयां स्थित राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) मैदान में दलित महासम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 30 जिलों से कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज के लोगों को जुटाने की तैयारी है। सपा का लक्ष्य इस सम्मेलन के जरिए दलित मतदाताओं को अपने साथ जोड़ना और आगामी विधानसभा चुनाव में मजबूत राजनीतिक आधार तैयार करना है।

सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की अगुवाई में होने वाले इस सम्मेलन में आगरा, अलीगढ़, मेरठ, सहारनपुर, बरेली और मुरादाबाद मंडलों से एक लाख से अधिक अनुसूचित जाति के लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। पार्टी इसे 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले पश्चिमी उत्तर प्रदेश में अपनी राजनीतिक पकड़ मजबूत करने के बड़े अभियान के रूप में देख रही है।

समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं राज्यसभा सांसद रामजीलाल सुमन ने कहा कि आगरा ऐतिहासिक रूप से दलितों की सामाजिक और राजनीतिक चेतना का प्रमुख केंद्र रहा है। उनके मुताबिक, दलित उत्पीड़न और महापुरुषों की प्रतिमाओं के कथित अनादर जैसे मुद्दों को लेकर बहुजन समाज में नाराजगी है। ऐसे में समाज एक नए राजनीतिक विकल्प की तलाश कर रहा है।

पीडीए फॉर्मूले में दलित वोटों पर सपा की नजर

समाजवादी पार्टी अपने पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) फॉर्मूले को आगामी विधानसभा चुनाव में प्रमुख रणनीति के रूप में आगे बढ़ा रही है। पार्टी नेतृत्व का मानना है कि 2022 के विधानसभा और 2024 के लोकसभा चुनाव में दलित मतदाताओं के समर्थन से सपा गठबंधन को मजबूती मिली थी। बसपा के कमजोर होते राजनीतिक जनाधार के बीच सपा दलित समाज को अपने साथ जोड़ने की कोशिश में जुटी है।

सपा महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास का कहना है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में दलित मतदाताओं की भूमिका सरकार बनाने में निर्णायक रही है। उन्होंने कहा कि आगरा से सामाजिक एकजुटता का अभियान शुरू कर 2027 के चुनाव में भाजपा को चुनौती दी जाएगी।

आगरा की नौ विधानसभा सीटों पर भाजपा का दबदबा

आगरा की राजनीति में दलित मतदाताओं की भूमिका हमेशा महत्वपूर्ण रही है। चुनावी आंकड़ों पर नजर डालें तो 2017 और 2022 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने जिले की सभी नौ सीटों पर जीत दर्ज की थी। हालांकि, 2022 में पांच सीटों पर समाजवादी पार्टी दूसरे स्थान पर रही थी।

वहीं, 2007 और 2012 के विधानसभा चुनाव में बहुजन समाज पार्टी ने जिले की नौ में से छह-छह सीटों पर जीत हासिल की थी। 2012 में समाजवादी पार्टी को केवल एक सीट पर सफलता मिली थी, जबकि 1993 में पार्टी ने एत्मादपुर विधानसभा सीट पर जीत दर्ज की थी। इन्हीं राजनीतिक समीकरणों को देखते हुए सपा एक बार फिर दलित मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करना चाहती है।

पश्चिमी यूपी की 140 सीटों पर नजर

सपा के इस सम्मेलन का दायरा केवल आगरा तक सीमित नहीं है। पार्टी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के छह मंडलों के 30 जिलों में अपना राजनीतिक आधार मजबूत करने की तैयारी कर रही है। इन मंडलों में कुल 140 विधानसभा सीटें हैं।

2022 के विधानसभा चुनाव और उसके बाद हुए उपचुनावों के आंकड़ों के अनुसार, इन 140 सीटों में से 111 पर भाजपा और 29 पर समाजवादी पार्टी को जीत मिली थी। वहीं, बसपा इन क्षेत्रों में कोई सीट नहीं जीत सकी थी। ऐसे में सपा दलित, पिछड़े और अल्पसंख्यक मतदाताओं को एक मंच पर लाकर चुनावी समीकरण बदलने की रणनीति पर काम कर रही है।

वाल्मीकि बस्तियों में जनसंपर्क अभियान तेज

15 नवंबर को होने वाले दलित महासम्मेलन की तैयारियों के तहत सपा नेताओं ने आगरा की वाल्मीकि बस्तियों में जनसंपर्क तेज कर दिया है। महानगर अध्यक्ष शब्बीर अब्बास के नेतृत्व में बसई और रुई की मंडी स्थित वाल्मीकि बस्तियों में बैठकें और पंचायतें आयोजित की गईं।

इन बैठकों में महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। शब्बीर अब्बास ने कहा कि अनुसूचित जाति की आबादी में महिलाओं की हिस्सेदारी महत्वपूर्ण है। सामाजिक समानता और अधिकारों की लड़ाई में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी जरूरी है।

जनसंपर्क अभियान के दौरान प्रदेश सचिव राहुल चतुर्वेदी, धर्मेंद्र यादव, विनय अग्रवाल, डॉ. बबलू सिंह, रामजीलाल विद्यार्थी, बंटी यादव और पूनम वाल्मीकि सहित कई पार्टी पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

2027 के चुनाव से पहले आगरा बनेगा सियासी केंद्र

समाजवादी पार्टी का 15 नवंबर का दलित महासम्मेलन आगामी विधानसभा चुनाव की रणनीति के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है। आगरा से पश्चिमी उत्तर प्रदेश के 30 जिलों को साधने की कोशिश के जरिए पार्टी दलित मतदाताओं के बीच अपनी स्वीकार्यता बढ़ाना चाहती है। अब सबकी नजर इस बात पर रहेगी कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में होने वाला यह सम्मेलन 2027 के चुनाव से पहले पश्चिमी यूपी की राजनीति में कितना प्रभाव डालता है


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *