आगरा में दीपावली पर आतिशबाजी से हवा में घुला प्रदूषण का जहर, PM2.5 और पीएम10 की मात्रा बढ़ी
आगरा में दिवाली पर आतिशबाजी से वायु प्रदूषण बढ़ा। ताजमहल में पीएम10 316 और पीएम2.5 का स्तर 216 पहुंचा। नुनिहाई में पीएम10 340 दर्ज किया गया।
आगरा। दीपावली पर आतिशबाजी ने ताजनगरी की हवा को पिछले साल के मुकाबले ज्यादा प्रदूषित कर दिया। पटाखों के धुएं और बारूद के कारण हवा में धूल कणों (पीएम10) और अति सूक्ष्म कणों (पीएम2.5) की मात्रा में बढ़ोतरी दर्ज की गई। इसका असर लोगों की सेहत पर भी देखने को मिला। कई लोगों को घुटन, आंखों में जलन और सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा। वहीं, पटाखों की तेज आवाज से ध्वनि प्रदूषण भी निर्धारित मानकों से काफी ऊपर पहुंच गया।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) की ओर से किए गए अध्ययन में ताजमहल और औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में वायु गुणवत्ता की जांच की गई। एक नवंबर को दीपावली से पहले और आठ नवंबर को दीपावली के दिन दर्ज आंकड़ों की तुलना में दोनों स्थानों पर प्रदूषण के स्तर में बढ़ोतरी सामने आई। हालांकि, पिछले साल की तुलना में इस बार ध्वनि प्रदूषण का औसत स्तर कुछ कम रहा।
ताजमहल और नुनिहाई में बढ़े पीएम10 और पीएम2.5 के स्तर
सीपीसीबी की जांच के अनुसार, ताजमहल क्षेत्र में दीपावली से पहले पीएम10 का स्तर 254 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया था, जो दीपावली के दिन बढ़कर 316 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। इसी तरह पीएम2.5 का स्तर 168 से बढ़कर 216 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर हो गया।
औद्योगिक क्षेत्र नुनिहाई में भी प्रदूषण का स्तर बढ़ा। यहां पीएम10 की मात्रा 239 से बढ़कर 340 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज की गई। वहीं, पीएम2.5 का स्तर 181 से घटकर 180 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर रहा।
सीपीसीबी के निर्धारित 24 घंटे के मानकों के अनुसार पीएम10 का स्तर 100 और पीएम2.5 का स्तर 60 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से अधिक नहीं होना चाहिए। इसके मुकाबले ताजमहल और नुनिहाई दोनों क्षेत्रों में पीएम10 का स्तर काफी अधिक रहा। ताजमहल में पीएम2.5 भी निर्धारित सीमा से साढ़े तीन गुना से अधिक दर्ज किया गया।
आवासीय क्षेत्रों में मानक से डेढ़ गुना अधिक रहा शोर
दीपावली पर सिर्फ हवा ही प्रदूषित नहीं हुई, बल्कि पटाखों की आवाज ने भी लोगों को परेशान किया। सीपीसीबी ने शाम छह बजे से रात 12 बजे तक जीपीआरए कॉलोनी करकुंज और एचआर एस्टेट बिचपुरी में ध्वनि प्रदूषण की निगरानी की।
जीपीआरए कॉलोनी में एक नवंबर को शोर का औसत स्तर 58.40 डेसिबल था, जो आठ नवंबर को बढ़कर 76.42 डेसिबल पहुंच गया। इसी तरह एचआर एस्टेट में दीपावली से पहले 57.91 डेसिबल दर्ज किया गया था, जो दीपावली के दिन बढ़कर 75.32 डेसिबल हो गया।
आवासीय क्षेत्रों में रात के समय ध्वनि प्रदूषण का निर्धारित मानक 45 डेसिबल है। ऐसे में दीपावली पर दोनों क्षेत्रों में शोर का औसत स्तर मानक से काफी अधिक रहा।
रात 11 से 12 बजे तक जीपीआरए कॉलोनी में 114 डेसिबल शोर
पटाखों की आतिशबाजी के दौरान कई बार शोर का अधिकतम स्तर 100 डेसिबल से भी ऊपर पहुंच गया। जीपीआरए कॉलोनी में रात 11 से 12 बजे के बीच अधिकतम शोर 114 डेसिबल दर्ज किया गया। वहीं, एचआर एस्टेट में रात आठ से नौ बजे के बीच अधिकतम शोर का स्तर 115.3 डेसिबल तक पहुंच गया।
लगातार तेज आवाज के कारण बुजुर्गों, बच्चों और बीमार लोगों को परेशानी हुई। तेज धमाकों से पशु-पक्षी भी व्याकुल नजर आए।
पांच साल के आंकड़ों में 2023 में सबसे ज्यादा प्रदूषण
ताजमहल क्षेत्र में पिछले पांच वर्षों के दीपावली के आंकड़ों पर नजर डालें तो वर्ष 2023 में वायु प्रदूषण का स्तर सबसे अधिक दर्ज किया गया था। उस साल पीएम10 का स्तर 453 और पीएम2.5 का स्तर 415 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया था।
इसके बाद 2024 में पीएम10 353 और पीएम2.5 270 दर्ज किया गया। वर्ष 2025 में यह आंकड़ा क्रमशः 289 और 195 था। वहीं, 2026 में पीएम10 बढ़कर 316 और पीएम2.5 बढ़कर 216 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर पहुंच गया। इससे स्पष्ट है कि इस बार पिछले साल की तुलना में प्रदूषण में फिर बढ़ोतरी हुई है।
नुनिहाई औद्योगिक क्षेत्र में भी 2026 में पीएम10 का स्तर 340 दर्ज किया गया, जो 2025 के 220 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर से काफी अधिक है।
सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का स्तर
सीपीसीबी की रिपोर्ट के अनुसार, दीपावली के दिन ताजमहल क्षेत्र में सल्फर डाइऑक्साइड (SO2) का स्तर डिटेक्शन लिमिट से नीचे रहा, जबकि नाइट्रोजन डाइऑक्साइड (NO2) 17 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर दर्ज किया गया। नुनिहाई में दोनों गैसों का स्तर डिटेक्शन लिमिट से नीचे रहा।
सीपीसीबी ने 24 घंटे के लिए सल्फर डाइऑक्साइड और नाइट्रोजन डाइऑक्साइड का मानक 80-80 माइक्रोग्राम प्रति घन मीटर निर्धारित किया है।
प्रदूषण से बच्चों, बुजुर्गों और सांस के मरीजों को खतरा
दीपावली के बाद हवा में बढ़े धूल कण और पटाखों का धुआं स्वास्थ्य के लिए चिंता का विषय है। पीएम2.5 जैसे सूक्ष्म कण सांस के जरिए फेफड़ों तक पहुंच सकते हैं। इससे अस्थमा, सांस संबंधी परेशानी और आंखों में जलन की समस्या बढ़ सकती है।
विशेषज्ञों के अनुसार, बच्चों, बुजुर्गों और पहले से सांस संबंधी बीमारियों से जूझ रहे लोगों को प्रदूषित वातावरण में विशेष सावधानी बरतनी चाहिए। प्रदूषण का स्तर अधिक होने पर अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचना और जरूरत पड़ने पर चिकित्सकीय सलाह लेना जरूरी है।