आगरा: एमजी रोड पर भीषण जाम, 5 मिनट की दूरी तय करने में लगे 20 मिनट
आगरा के एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण से भीषण जाम लगा। पांच मिनट की दूरी तय करने में 20 मिनट लगे, स्कूल के बच्चे भी परेशान हुए।
आगरा के एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के चलते बुधवार को लोगों को भीषण ट्रैफिक जाम का सामना करना पड़ा। सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक साईं की तकिया से रावली तक वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं। हालात ऐसे रहे कि महज पांच मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को करीब 20 मिनट तक लग गए। स्कूलों की छुट्टी के समय बच्चे भी जाम में फंसकर परेशान होते रहे।
एमजी रोड पर मेट्रो निर्माण कार्य के कारण यातायात व्यवस्था लगातार प्रभावित हो रही है। बुधवार को आरबीएस चौराहे पर दोपहर करीब एक बजे स्कूलों की छुट्टी के समय जाम की स्थिति और गंभीर हो गई। ट्रांसपोर्ट नगर और खंदारी हनुमान मंदिर चौराहे की ओर से आने वाले वाहनों को पुलिसकर्मी रोक-रोककर निकाल रहे थे। सड़क पर वाहनों का दबाव अधिक होने के कारण लोगों को काफी देर तक इंतजार करना पड़ा। दोपहर तीन बजे तक यहां यातायात प्रभावित रहा।
सूरसदन से सेंट जोंस की तरफ जाने वाले मार्ग पर भी जाम की समस्या देखने को मिली। दोपहर करीब दो बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद इस मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। जाम के कारण स्कूली बच्चों और उनके अभिभावकों को परेशानी उठानी पड़ी।
हरीपर्वत चौराहे पर यू-टर्न बना जाम की वजह
हरीपर्वत चौराहे पर मेट्रो के पिलर निर्माण कार्य के कारण यातायात का रास्ता बदला गया है। वाहनों को एमडी जैन इंटर कॉलेज के सामने से यू-टर्न लेकर वापस हरीपर्वत चौराहे की तरफ आना पड़ता है। इसके बाद वाहन सेंट जोंस की ओर जाते हैं। यू-टर्न पर दोनों तरफ से आने वाले वाहनों के फंसने से जाम की स्थिति बन गई। चौराहे पर भी वाहनों की लंबी लाइन लगती रही।
रावली और साईं की तकिया पर भी वाहन चालकों की परेशानी
रावली क्षेत्र में भी दिनभर यातायात प्रभावित रहा। यहां मेट्रो निर्माण कार्य के चलते साईं की तकिया से कलेक्ट्रेट तक आने-जाने वाले वाहन चालकों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। जाम के कारण लोगों का कीमती समय बर्बाद हुआ और रोजमर्रा के कामकाज पर भी असर पड़ा।
मौके पर यातायात पुलिसकर्मी मौजूद रहे, लेकिन वाहनों का अत्यधिक दबाव होने के कारण जाम पर पूरी तरह नियंत्रण नहीं हो सका। एडीसीपी अलका सिंह के अनुसार, मेट्रो निर्माण कार्य के कारण कुछ स्थानों पर यातायात प्रभावित हो रहा है। व्यवस्था सुचारु बनाए रखने के लिए इन स्थानों पर पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ाई गई है।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें