बारावफात जुलूस को लेकर आगरा में बदला ट्रैफिक प्लान, घर से निकलने से पहले जान लें रूट डायवर्जन
बारावफात जुलूस को लेकर आगरा में बुधवार सुबह 8 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा। जुलूस खत्म होने तक कई मार्गों पर भारी वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी।
आगरा। बारावफात के जुलूस को लेकर आगरा में यातायात व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया गया है। बुधवार सुबह 8 बजे से जुलूस समाप्त होने तक शहर के कई मार्गों पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। जुलूस के दौरान भीड़ और यातायात को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने आंतरिक और बाहरी मार्गों के लिए अलग-अलग डायवर्जन प्लान जारी किया है।
डीसीपी ट्रैफिक सोनम कुमार के मुताबिक, शहर के विभिन्न हिस्सों से जुलूस निकाला जाएगा। इसे देखते हुए यातायात को सुचारु रखने और जाम की स्थिति से बचने के लिए यह व्यवस्था लागू की गई है।
शहर के अंदर इन रास्तों पर रहेगा डायवर्जन
बारावफात जुलूस के दौरान मारुति एस्टेट से बोदला की ओर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा अवधपुरी तिराहा से बोदला-बिचपुरी रोड, सिकंदरा से बोदला और लोहामंडी से बोदला चौराहे की ओर भी भारी वाहन नहीं जा सकेंगे।
मारुति एस्टेट से बोदला जाने वाले वाहनों को बालाजीपुरम, सौ फुटा रोड, अवधपुरी तिराहा और बिचपुरी रोड होकर आगे जाना होगा। वहीं बोदला से मारुति एस्टेट की ओर जाने वाले वाहनों को अवधपुरी, सौ फुटा-अलबतिया रोड, शंकरगढ़ की पुलिया और मारुति एस्टेट होकर जाना होगा।
मदिया कटरा, सेंट जोंस और कोठी मीना बाजार की ओर से आने वाले वाहनों को लोहामंडी चौराहे की तरफ जाने की अनुमति नहीं होगी।
बाहरी मार्गों पर भी भारी वाहनों का रूट बदला
शहर के बाहरी हिस्सों में भी भारी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं। मथुरा और फिरोजाबाद के बीच चलने वाले वाहन एनएच-19 से फिरोजाबाद की ओर सामान्य रूप से आवागमन कर सकेंगे।
फिरोजाबाद से जयपुर की ओर जाने वाले भारी वाहनों को रूनकता से दक्षिणी बाईपास का रास्ता अपनाना होगा। अलीगढ़, हाथरस और जलेसर (एटा) की ओर से आने वाले वाहनों को टेढ़ी बगिया से रामबाग और फिर एनएच-19 होकर जाना होगा।
ग्वालियर और जयपुर से अलीगढ़ की ओर जाने वाले भारी वाहन दक्षिणी बाईपास से एनएच-19 होकर जाएंगे।
फतेहाबाद और शमशाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए भी रूट तय
फतेहाबाद रोड से आने वाले भारी वाहनों को आगरा नगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। इन्हें इनर रिंग रोड से होकर जाना होगा।
वहीं शमशाबाद की ओर से आने वाले भारी वाहनों को एकता पुलिस चौकी से सौ फुटा, इनर रिंग रोड और तोरा चौकी के सामने से आगे जाने का रास्ता निर्धारित किया गया है।
फतेहपुर सीकरी की ओर से आगरा नगर क्षेत्र में आने वाले सभी प्रकार के भारी वाहनों को पथौली नहर चौराहा से रोहता चौराहा होकर अपने गंतव्य की ओर जाना होगा।
इन मार्गों पर भी भारी वाहनों की नो एंट्री
पथौली नहर चौराहा से वायु विहार तिराहा होकर आगरा आने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा अमरपुरा चौराहा से बोदला की ओर भी किसी भारी वाहन को जाने की अनुमति नहीं होगी।
एनएच-19 पर चलने वाले भारी वाहनों को भी आगरा महानगर क्षेत्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्गों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
जुलूस खत्म होने तक लागू रहेगा प्लान
बारावफात जुलूस के मद्देनजर लागू की गई यह यातायात व्यवस्था बुधवार सुबह 8 बजे से जुलूस समाप्त होने तक प्रभावी रहेगी। पुलिस का उद्देश्य जुलूस के दौरान यातायात को सुचारु बनाए रखना और शहर में अनावश्यक जाम की स्थिति को रोकना है।
अगर आप बुधवार को आगरा में सफर करने वाले हैं तो घर से निकलने से पहले अपना रूट जरूर जांच लें। खासकर भारी वाहन चालकों को निर्धारित डायवर्जन का पालन करना होगा, ताकि जुलूस के दौरान यातायात व्यवस्था प्रभावित न हो।