मुख्य सामग्री पर जाएं
बुधवार, 25 नवम्बर 2026
ब्रेकिंग
सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे को लेकर आगरा में सियासी हलचल तेज, खेरागढ़ पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी; उत्तर और दक्षिण सीट पर भी नजर आगरा: भावना क्लार्क्स इन में केक मिक्सिंग सेरेमनी के साथ क्रिसमस की तैयारियों का आगाज, ड्राई फ्रूट्स और नट्स से तैयार हुआ खास मिश्रण रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाया गुरु का ताल चंबल अटेर पुल पर सीढ़ियों का चक्रव्यूह, यूपी-एमपी के 100 गांव परेशान आगरा अर्जुन नगर हादसा: टैंकर ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला, मौत Agra Traffic Diversion Today: गुरु का ताल प्रकाश पर्व पर हाईवे डायवर्जन आगरा गुरु का ताल में 557वां प्रकाश पर्व, 2 लाख श्रद्धालुओं की उम्मीद आगरा मेट्रो: फरवरी में कैंट से आगरा कॉलेज तक चलेगी ट्रेन, जनवरी में ट्रायल आगरा में अगले साल खुलेगा छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय, बनेंगी 7 गैलरी आगरा में बुलडोजर एक्शन: टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार में दूसरे दिन टूटीं दुकानें
Trending in Agra

रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाया गुरु का ताल

आगरा में गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व धूमधाम से मनाया गया। गुरुद्वारा गुरु का ताल रंग-बिरंगी रोशनी से जगमगाया। भव्य आतिशबाजी में ओंकार और खंडा साहिब की आकृतियां दिखाई दीं। माईथान, दशमेश दरबार और रंगूराम दरबार में भी कीर्तन, अरदास और लंगर का आयोजन हुआ।

रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाया गुरु का ताल
रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाया गुरु का ताल

आगरा में श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर गुरुद्वारा गुरु का ताल में भव्य आयोजन हुआ। रंग-बिरंगी रोशनी से सजे गुरुद्वारे, शबद कीर्तन, श्रद्धा से भरी संगत और रात में हुई शानदार आतिशबाजी ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। आतिशबाजी के दौरान आसमान में ओंकार और खंडा साहिब की आकृतियां दिखाई दीं, जिन्हें देखकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे।

गुरुद्वारा गुरु का ताल में उमड़ी श्रद्धालुओं की संगत

श्री गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व के अवसर पर मंगलवार को गुरुद्वारा गुरु का ताल में सुबह से ही श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया। तड़के 3:30 बजे से संगत ने गुरुद्वारे पहुंचकर श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष शीश नवाया और अरदास कर गुरु का आशीर्वाद प्राप्त किया।

दिनभर गुरुद्वारा परिसर गुरु की वाणी, शबद कीर्तन और जयकारों से गूंजता रहा। प्रकाश पर्व के अवसर पर गुरुद्वारा गुरु का ताल को रंग-बिरंगी लाइटों, झालरों और आकर्षक सजावट से सजाया गया। रात में झिलमिलाती रोशनी से गुरुद्वारा बेहद खूबसूरत नजर आया और श्रद्धालु इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते रहे।

शबद कीर्तन से भक्तिमय हुआ वातावरण

सुबह श्री गुरु ग्रंथ साहिब जी की सवारी पालकी में दरबार साहिब पहुंची। प्रकाश के बाद नितनेम और कीर्तन का आयोजन हुआ। हजूरी रागी भाई हरजीत सिंह और भाई लवप्रीत सिंह ने शबद कीर्तन के माध्यम से गुरु नानक देव जी की महिमा का गुणगान किया।

ज्ञानी केवल सिंह ने संगत को गुरु नानक देव जी की शिक्षाओं नाम जपो, किरत करो और वंड छको के महत्व के बारे में बताया। उन्होंने मानव जीवन में सेवा, ईमानदारी, मेहनत, प्रेम और आपसी भाईचारे को अपनाने का संदेश दिया।

आतिशबाजी में दिखाई दी ओंकार और खंडा साहिब की आकृति

रात करीब नौ बजे गुरुद्वारा गुरु का ताल में भव्य आतिशबाजी का आयोजन हुआ। रंग-बिरंगी हवाई आतिशबाजी, दूधिया रोशनी के झरने और चकरी ने आसमान को रोशन कर दिया। आतिशबाजी के बीच ओंकार और खंडा साहिब की आकृतियां दिखाई दीं, जिसने श्रद्धालुओं का मन मोह लिया।

करीब डेढ़ से दो घंटे तक आतिशबाजी का सिलसिला चलता रहा। संगत ने इस भव्य आयोजन को देखकर गुरु पर्व की खुशियां मनाईं। संत बाबा प्रीतम सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी की वाणी पूरे मानव समाज को प्रेम, समानता, सेवा और भाईचारे का संदेश देती है।

रंगूराम दरबार में सजा कीर्तन दरबार

कैलाशपुरी स्थित रंगूराम दरबार में भी गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व पर कीर्तन दरबार का आयोजन किया गया। स्वामी गुरमुख दास उदासीन और दीपक उदासीन ने गुरु महिमा के भजन-कीर्तन सुनाकर संगत को भावविभोर कर दिया। दरबार सतनाम वाहेगुरु के जयकारों से गूंज उठा।

कार्यक्रम के समापन पर गुरु का अटूट लंगर वितरित किया गया। वक्ताओं ने संगत से गुरु नानक देव जी की सेवा, समानता और मानवता की शिक्षाओं को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

गुरुद्वारा दशमेश दरबार में श्रद्धा के साथ मनाया प्रकाश पर्व

शहीद नगर-विभव नगर स्थित गुरुद्वारा दशमेश दरबार में भी प्रकाश पर्व श्रद्धा और उल्लास के साथ मनाया गया। अमृतवेले से ही संगत ने श्री गुरु ग्रंथ साहिब के समक्ष मत्था टेककर सुख, शांति और खुशहाली की अरदास की।

फूलों और रोशनी से सजे दरबार में सुखमनी साहिब और चौपाई साहिब के पाठ के बाद शबद कीर्तन हुआ। भाई हरजिंदर सिंह ने कीर्तन से संगत को भावविभोर किया। कार्यक्रम के समापन पर ज्ञानी मंशा सिंह ने अरदास की और भाई मनदीप सिंह ने हुकमनामा लिया।

गुरुद्वारा माईथान में गूंजे गुरु नानक देव जी के संदेश

गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा माईथान में भी प्रकाश पर्व पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। ‘सतिगुर नानक परगटिआ मिटी धुंधु जगि चानणु होआ’ की पावन वाणी के बीच कीर्तन समागम का शुभारंभ श्री गुरु ग्रंथ साहिब के पाठ से हुआ।

अखंड कीर्तनी जसपाल सिंह ने आसा दी वार का गायन किया। इसके बाद हजूरी रागी, स्त्री सत्संग सभा और गुरुद्वारा गुरु का बाग मधु नगर के रागी विक्रम सिंह ने शबद कीर्तन प्रस्तुत किया। आनंद साहिब के पाठ के बाद हेड ग्रंथी ज्ञानी कुलविंदर सिंह ने सरबत के भले की अरदास की।

प्रधान कंवलदीप सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संदेश ‘किरत करो, नाम जपो, वंड छको’ आज भी समाज को सही दिशा देने वाला है। कार्यक्रम में विभिन्न धर्मों के प्रमुख जनों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया।

आगरा के विभिन्न गुरुद्वारों में आयोजित प्रकाश पर्व के कार्यक्रमों ने सेवा, भाईचारे, समानता और मानवता के संदेश को मजबूत किया। श्रद्धा, कीर्तन, लंगर और रोशनी के बीच शहर में गुरु नानक देव जी के प्रकाश पर्व की खुशियां मनाई गईं।

यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें

WhatsApp पर भेजें
शेयर करें: WhatsApp

अपनी राय दें

और देखें
WhatsApp