स्मार्ट सिटी आगरा का गजब हाल: करोड़ों खर्च, फिर भी नालों का बुरा हाल, सफाई के दावों की खुली पोल
आगरा में बैनारा फैक्टरी, लगड़े की चौकी, मंटोला समेत कई इलाकों के नाले कचरे और गाद से भरे हैं। करोड़ों खर्च के दावों के बावजूद सफाई व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।
आगरा में नगर निगम की सफाई व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। सफाई पर करोड़ों रुपये खर्च किए जाने के दावों के बावजूद शहर के कई इलाकों में नाले कचरे, पॉलिथीन और गाद से भरे पड़े हैं। बैनारा फैक्टरी, लगड़े की चौकी, मंटोला और कई अन्य क्षेत्रों में नालों की हालत खराब है। नगर निगम के अधिकारियों को निर्देश दिए जाने और महापौर के निरीक्षण के बाद भी जमीनी स्तर पर सफाई व्यवस्था में सुधार नजर नहीं आ रहा है।
मंगलवार को शहर के नालों की स्थिति की पड़ताल में कई स्थानों पर नाले सिल्ट, कचरे और पॉलिथीन से चोक मिले। यह स्थिति तब है जब एक दिन पहले ही महापौर हेमलता दिवाकर ने मारुति एस्टेट क्षेत्र में नाला सफाई में लापरवाही मिलने पर जेडएसओ समेत तीन कर्मचारियों को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए थे।
बैनारा फैक्टरी के पीछे नाला गंदगी से अटा
बोदला और लोहामंडी क्षेत्र से होकर गुजरने वाले बैनारा फैक्टरी के पीछे खुले नाले में कचरा और गाद जमा मिली। स्थानीय स्तर पर बरसात से पहले और बाद में सफाई के नाम पर केवल ऊपरी कचरा हटाने की शिकायतें सामने आई हैं, जबकि नालों की तली में जमी सिल्ट पूरी तरह साफ नहीं की गई।
महापौर ने विभिन्न वार्डों का निरीक्षण कर नालों की सफाई में तेजी लाने और तलीझाड़ सफाई कराने के निर्देश दिए थे। इसके बावजूद छत्ता, लोहामंडी, हरीपर्वत और ताजगंज जोन में कई स्थानों पर सफाई व्यवस्था अपेक्षित स्तर पर नहीं दिखाई दी।
मारुति एस्टेट निवासी रवि भूषण शर्मा ने सफाई कार्यों की निगरानी और सफाई गैंग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए हैं।
इन इलाकों में नालों की हालत खराब
बैनारा फैक्टरी और लगड़े की चौकी के अलावा मंटोला नाला, भैरों नाला, जीवनी मंडी, बोदला, शाहगंज और ट्रांस यमुना क्षेत्र के नालों में भी जगह-जगह कचरा जमा होने की शिकायतें हैं।
स्थानीय निवासी दिलीप पाठक के मुताबिक, नालों में पॉलिथीन और ठोस कचरा फंसने से पानी का बहाव प्रभावित हो रहा है। आसपास की बस्तियों में दुर्गंध फैलने से लोगों को परेशानी हो रही है। गंदगी और जलभराव की स्थिति से संक्रामक बीमारियों का खतरा भी बढ़ सकता है।
सफाई व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
शहर के कई क्षेत्रों में नालों की बदहाल स्थिति नगर निगम की सफाई व्यवस्था और निगरानी पर सवाल खड़े कर रही है। लोगों की मांग है कि नालों की केवल ऊपरी सफाई नहीं, बल्कि तलीझाड़ सफाई कराई जाए और नियमित निगरानी सुनिश्चित हो, ताकि कचरे के कारण पानी का बहाव बाधित न हो।
आगरा में सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए अधिकारियों को निर्देश देने के साथ-साथ जमीनी स्तर पर कार्यों की निगरानी और जवाबदेही सुनिश्चित करना भी जरूरी है।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें