मुख्य सामग्री पर जाएं
बुधवार, 25 नवम्बर 2026
ब्रेकिंग
सपा-कांग्रेस सीट बंटवारे को लेकर आगरा में सियासी हलचल तेज, खेरागढ़ पर कांग्रेस की मजबूत दावेदारी; उत्तर और दक्षिण सीट पर भी नजर आगरा: भावना क्लार्क्स इन में केक मिक्सिंग सेरेमनी के साथ क्रिसमस की तैयारियों का आगाज, ड्राई फ्रूट्स और नट्स से तैयार हुआ खास मिश्रण रोशनी और आतिशबाजी से जगमगाया गुरु का ताल चंबल अटेर पुल पर सीढ़ियों का चक्रव्यूह, यूपी-एमपी के 100 गांव परेशान आगरा अर्जुन नगर हादसा: टैंकर ने बाइक सवार युवक-युवती को कुचला, मौत Agra Traffic Diversion Today: गुरु का ताल प्रकाश पर्व पर हाईवे डायवर्जन आगरा गुरु का ताल में 557वां प्रकाश पर्व, 2 लाख श्रद्धालुओं की उम्मीद आगरा मेट्रो: फरवरी में कैंट से आगरा कॉलेज तक चलेगी ट्रेन, जनवरी में ट्रायल आगरा में अगले साल खुलेगा छत्रपति शिवाजी महाराज संग्रहालय, बनेंगी 7 गैलरी आगरा में बुलडोजर एक्शन: टेढ़ी बगिया-कालिंदी विहार में दूसरे दिन टूटीं दुकानें
Trending in Agra

यूपी: 'पापा जल्दी लौटेंगे...' इंतजार करते रहे भाई-बहन, घर पहुंची माता-पिता की मौत की खबर; हादसे से बेहाल मासूम

आगरा के अर्जुन नगर में टैंकर की टक्कर से पूर्व सैनिक सुखविंदर सिंह और उनकी पत्नी रेखा की मौत हो गई। घर पर इंतजार कर रहे बेटी माही और बेटे आरव पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा।

यूपी: 'पापा जल्दी लौटेंगे...' इंतजार करते रहे भाई-बहन, घर पहुंची माता-पिता की मौत की खबर; हादसे से बेहाल मासूम
यूपी: 'पापा जल्दी लौटेंगे...' इंतजार करते रहे भाई-बहन, घर पहुंची माता-पिता की मौत की खबर; हादसे से बेहाल मासूम

आगरा के अर्जुन नगर क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार को उजाड़ दिया। टैंकर की टक्कर से पूर्व सैनिक सुखविंदर सिंह और उनकी पत्नी रेखा सिंह की मौत हो गई। घर पर माता-पिता के लौटने का इंतजार कर रहे 13 वर्षीय बेटी माही उर्फ सौम्या और उसके छोटे भाई आरव को जब हादसे की खबर मिली, तो उनके पैरों तले जमीन खिसक गई। दोनों बच्चे बार-बार अपने माता-पिता को याद कर रोने लगे। परिवार, रिश्तेदार और कॉलोनी के लोग इस दुखद घटना से सदमे में हैं।

'एक घंटे में लौटेंगे...', बच्चों से कहकर निकले थे माता-पिता

माही ने बताया कि उनकी मां रेखा को अक्सर सिर में दर्द रहता था। दवा लेने से उन्हें आराम मिल जाता था। पिता सुखविंदर सिंह अक्सर मां को अस्पताल और डॉक्टरों के पास लेकर जाते थे। प्रकाश पर्व के चलते स्कूल की छुट्टी थी, इसलिए दोनों बच्चे घर पर ही थे।

उस दिन पिता ने बच्चों से कहा था कि मां को डॉक्टर के पास दिखाना है और वे करीब एक घंटे में वापस लौट आएंगे। उन्होंने बेटी से भाई आरव का ध्यान रखने को भी कहा था। दोनों बच्चों को क्या पता था कि माता-पिता से कही गई यह आखिरी बात बन जाएगी।

करीब 11:30 बजे घर पर पुलिस पहुंची। पुलिसकर्मियों ने हादसे की जानकारी दी और परिवार के किसी बड़े सदस्य को बुलाने के लिए कहा। इसके बाद माही ने अपने ताऊ पुष्पेंद्र को फोन कर बुलाया। जब उन्हें पता चला कि टैंकर की टक्कर से उनके माता-पिता की मौत हो गई है, तो घर में चीख-पुकार मच गई। माही रोते हुए अपने छोटे भाई को संभालने लगी, लेकिन खुद भी गम से टूट गई।

सेना में जांबाज सिपाही थे सुखविंदर सिंह

सुखविंदर सिंह मूल रूप से राजस्थान के भरतपुर के रहने वाले थे। वर्ष 2002 में उन्होंने भारतीय सेना में भर्ती होकर देश की सेवा शुरू की थी। वह सेना की आर्मर्ड कोर में तैनात रहे, जो मुख्य रूप से टैंक और बख्तरबंद युद्धक इकाइयों से संबंधित है।

करीब सात साल पहले मेरठ से सेवानिवृत्त होने के बाद उन्होंने आगरा के धनौली क्षेत्र में अपना मकान बनवाया और परिवार के साथ रहने लगे। वह तीन भाइयों में मझले थे। उनके बड़े भाई पुष्पेंद्र ठेकेदारी करते हैं, जबकि तीसरे भाई गांव में रहते हैं।

सुखविंदर सिंह की शादी मध्य प्रदेश निवासी रेखा सिंह से करीब 15 साल पहले हुई थी। रेखा की तबीयत अक्सर खराब रहती थी और सुखविंदर उनका इलाज कराने के लिए मिलिट्री अस्पताल तथा निजी डॉक्टरों के पास ले जाते थे। वह अपने बच्चों के भविष्य को लेकर भी काफी चिंतित रहते थे। उनकी इच्छा थी कि बेटा सेना में भर्ती हो और बेटी सरकारी नौकरी हासिल करे।

मयूर विहार कॉलोनी में पसरा मातम

पूर्व सैनिक सुखविंदर सिंह और उनकी पत्नी रेखा सिंह की मौत की खबर से मयूर विहार कॉलोनी में मातम छा गया। पड़ोसियों के मुताबिक, परिवार सभी के साथ अच्छे संबंध रखता था। इस हादसे के बाद दोनों बच्चों के सिर से माता-पिता का साया उठ गया।

स्थानीय निवासी पार्थ सिंह और प्रीतम सिंह ने बताया कि घटना से कॉलोनी के लोग बेहद दुखी हैं। बच्चों के भविष्य और उनकी देखभाल को लेकर हर कोई चिंतित है। घर पहुंचे रिश्तेदार और परिचित दोनों बच्चों को संभालने की कोशिश करते रहे।

टूटे हेलमेट देखकर रिश्तेदारों को हुआ हादसे की भयावहता का एहसास

हादसे में दोनों के हेलमेट भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए थे। पोस्टमार्टम हाउस पर जब रिश्तेदार पहुंचे और उन्होंने टूटे हुए हेलमेट देखे, तो दुर्घटना की भयावहता का अंदाजा लगा सके। एक हेलमेट पूरी तरह पिचक गया था, जबकि दूसरा भी गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त था।

हादसे की जानकारी मिलने पर रिश्तेदार सुमन पोस्टमार्टम हाउस पहुंचीं। वहां हेलमेट की हालत देखकर वह भी भावुक हो गईं।

सड़क पर वीडियो बनाते रहे लोग, पुलिस ने संभाला मोर्चा

अर्जुन नगर में हादसे के बाद मौके पर भीड़ जमा हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कई लोग घटना का वीडियो बनाने में लगे रहे और मदद के लिए आगे नहीं आए। उस समय सराय ख्वाजा चौकी पर चौकी प्रभारी अमित कुमार और दो सिपाही मौजूद थे।

पुलिसकर्मियों ने वाहन की व्यवस्था की और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया संभाली। घटना के बाद वीडियो बनाने वालों को पुलिस ने फटकार भी लगाई।

यह हादसा एक परिवार के लिए ऐसी त्रासदी बन गया, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। दो मासूम बच्चों के इंतजार और उनकी आंखों में बसे माता-पिता के सपने अब एक दर्दनाक याद बनकर रह गए हैं।

यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें

WhatsApp पर भेजें
शेयर करें: WhatsApp

अपनी राय दें

और देखें
WhatsApp