आगरा के मलपुरा में कांवड़ियों से अभद्रता, कांवड़ खंडित करने की कोशिश का आरोप
आगरा के मलपुरा में कांवड़ियों के जत्थे को घेरकर कांवड़ खंडित करने की कोशिश का आरोप लगा है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए दो युवकों को स्कूटी समेत पकड़ लिया।
आगरा। मलपुरा क्षेत्र में सोमवार सुबह कांवड़ लेकर जा रहे शिवभक्तों के जत्थे को अराजक तत्वों ने घेर लिया। आरोप है कि पहले स्कूटी लहराकर कांवड़ियों के बीच अफरा-तफरी मचाई गई और विरोध करने पर गाली-गलौज की गई। इसके बाद करीब सवा किलोमीटर आगे साथियों को बुलाकर कांवड़ियों की घेराबंदी की गई और उनके साथ हाथापाई करते हुए कांवड़ छीनकर खंडित करने का प्रयास किया गया।
घटना जगनेर रोड पर नगला रेवती के पास की बताई जा रही है। अचानक हुए घटनाक्रम से कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों के हस्तक्षेप और पुलिस के पहुंचने के बाद आरोपी मौके से भागने लगे। पुलिस ने पीछा कर दो युवकों को स्कूटी समेत पकड़ लिया।
कछला घाट से डाक कांवड़ लेकर निकला था जत्था
गांव खलौआ निवासी जसवंत सिंह पुत्र तालेवर सिंह सोमवार सुबह करीब नौ बजे करीब एक दर्जन शिवभक्तों के साथ कासगंज के कछला घाट से डाक कांवड़ लेकर धनौली स्थित मुल्ला की प्याऊ की ओर जा रहे थे। इसी दौरान पीछे से स्कूटी सवार दो युवक आए और कांवड़ियों के जत्थे के बीच स्कूटी लहराने लगे।
इससे कांवड़ियों में अफरा-तफरी मच गई। शिवभक्तों ने इसका विरोध किया तो आरोप है कि दोनों युवक गाली-गलौज करते हुए आगे निकल गए।
सवा किलोमीटर आगे साथियों को बुलाकर की घेराबंदी
आरोप है कि करीब सवा किलोमीटर आगे नगला रेवती के पास दोनों युवकों ने अपने कुछ अन्य साथियों को बुला लिया। कांवड़ियों के वहां पहुंचते ही उनकी घेराबंदी कर दी गई। इसके बाद उनके साथ हाथापाई शुरू कर दी गई और कांवड़ छीनकर उसे खंडित करने का प्रयास किया गया।
अचानक हुए विवाद से माहौल तनावपूर्ण हो गया। कांवड़ियों ने बचाव के लिए राहगीरों से मदद की गुहार लगाई। आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे लोग मौके पर रुक गए और कांवड़ियों के पक्ष में खड़े हो गए।
पुलिस को देखकर भागने लगे आरोपी, दो पकड़े गए
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आता देखकर आरोपी तितर-बितर होकर भागने लगे। पुलिसकर्मियों ने पीछा कर दो युवकों को पकड़ लिया। उनकी स्कूटी भी कब्जे में ले ली गई।
पुलिस ने कांवड़ियों को सुरक्षित खलौआ गांव रवाना किया। वहां पहुंचकर शिवभक्तों ने मंदिर में जलाभिषेक किया। इसके बाद बड़ी संख्या में कांवड़िए मलपुरा थाने पहुंचे और आरोपितों के खिलाफ तहरीर दी।
मलपुरा इंस्पेक्टर राजीव कुमार ने बताया कि मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। पुलिस घटना की जांच कर रही है और अन्य लोगों की भूमिका की भी जानकारी जुटाई जा रही है।