आगरा की कीठम पक्षी विहार के चारों ओर बनेगा 1 KM इको सेंसिटिव जोन
Agra Keetham Bird Sanctuary News: एनजीटी की सख्ती के बाद सूर सरोवर पक्षी विहार की विस्तारित 798.1505 हेक्टेयर सीमा के चारों ओर एक किलोमीटर इको सेंसिटिव जोन निर्धारित करने की प्रक्रिया शुरू। 25 नवंबर को डीएम की अध्यक्षता में बैठक होगी।
आगरा। रामसर साइट सूर सरोवर पक्षी विहार (कीठम) के संरक्षण को लेकर प्रशासन ने कदम उठाने शुरू कर दिए हैं। राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की सख्ती के बाद कीठम पक्षी विहार के विस्तारित 798.1505 हेक्टेयर क्षेत्र के चारों ओर एक किलोमीटर का इको सेंसिटिव जोन (पर्यावरण संवेदनशील क्षेत्र) निर्धारित करने की प्रक्रिया शुरू हो गई है। इस संबंध में 25 नवंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में अंतरविभागीय निगरानी समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
जिलाधिकारी के कैंप कार्यालय में शाम 5:30 बजे होने वाली बैठक में पक्षी विहार की विस्तारित सीमा के अनुरूप इको सेंसिटिव जोन की सीमाओं, पर्यावरणीय मानकों और संरक्षण से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर चर्चा होगी। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति और पर्यावरण संरक्षण की आवश्यकताओं के आधार पर प्रस्तावित क्षेत्र का निर्धारण करेंगे।
एनजीटी की सख्ती के बाद वापस हुई पुरानी अधिसूचना
सूर सरोवर पक्षी विहार, जिसे कीठम पक्षी विहार के नाम से भी जाना जाता है, पर्यावरण और वन्यजीव संरक्षण की दृष्टि से महत्वपूर्ण क्षेत्र है। पूर्व में पक्षी विहार के इको सेंसिटिव जोन को शून्य घोषित करने की अधिसूचना जारी की गई थी। इस मामले में राष्ट्रीय हरित अधिकरण (एनजीटी) की सख्ती के बाद शासन स्तर पर उक्त अधिसूचना वापस ले ली गई थी।
अब पक्षी विहार के विस्तारित 798.1505 हेक्टेयर क्षेत्र के चारों ओर एक किलोमीटर का इको सेंसिटिव जोन निर्धारित करने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। इस कदम का उद्देश्य पक्षी विहार के आसपास पर्यावरणीय गतिविधियों को नियंत्रित करना, जैव विविधता की रक्षा करना और अवैध निर्माण व प्रदूषण जैसी गतिविधियों पर रोक लगाना है।
अंतरविभागीय निगरानी समिति करेगी जोन का निर्धारण
उत्तर प्रदेश शासन के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन अनुभाग-4 के 12 जनवरी 2021 के आदेश के तहत गठित अंतरविभागीय निगरानी समिति इस प्रक्रिया में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। समिति के अध्यक्ष जिलाधिकारी आगरा हैं, जबकि उप वन संरक्षक, राष्ट्रीय चंबल अभयारण्य परियोजना को सदस्य सचिव बनाया गया है।
समिति में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, नगर आयुक्त, मुख्य विकास अधिकारी, संयुक्त निदेशक पर्यटन, उप निदेशक उद्यान, लोक निर्माण विभाग और सिंचाई विभाग के अधिशासी अभियंता, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी, जिला कृषि अधिकारी, जिला पंचायत राज अधिकारी, इटावा के वन्यजीव वार्डेन समेत अन्य संबंधित अधिकारी शामिल हैं। इसके अलावा राज्य सरकार की ओर से नामित एनजीओ प्रतिनिधि और पारिस्थितिकी एवं जैव विविधता विशेषज्ञ भी समिति के सदस्य होंगे।
अवैध निर्माण और प्रदूषण पर रोक लगाने की तैयारी
उप वन संरक्षक राजेश कुमार ने समिति के सभी सदस्यों को बैठक में उपस्थित रहने के लिए पत्र भेजा है। बैठक में पक्षी विहार की विस्तारित सीमा के अनुरूप इको सेंसिटिव जोन निर्धारित करने और आसपास के क्षेत्रों में पर्यावरणीय नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करने पर चर्चा होगी।
कीठम पक्षी विहार के आसपास इको सेंसिटिव जोन निर्धारित होने से क्षेत्र में निर्माण गतिविधियों, प्रदूषण और पर्यावरण को प्रभावित करने वाले कार्यों पर नियमानुसार निगरानी और नियंत्रण की व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद है। प्रशासन की इस पहल को सूर सरोवर पक्षी विहार और उसके आसपास के प्राकृतिक पर्यावरण के संरक्षण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें