आगरा पोइया घाट पैंटून पुल पर फिसलने का खतरा, लोहे की चादरों में खामियां
आगरा के पोइया घाट पैंटून पुल पर लोहे की चादरें असमतल और रेत जमा होने से बाइक चालकों के फिसलने का खतरा है। PWD ने खामियां सुधारने का आश्वासन दिया।
यमुना पैंटून पुल पर संभलकर करें सफर, पोइया घाट पर दोपहिया वाहन फिसलने का खतरा
आगरा। दयालबाग से खंदौली और खंदौली से दयालबाग जाने वाले लोगों की सुविधा के लिए यमुना के पोइया घाट पर बनाए गए पैंटून पुल पर वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लोक निर्माण विभाग (PWD) ने 13.87 लाख रुपये की लागत से इस पुल का निर्माण कराया है और 11 नवंबर से इस पर वाहनों का आवागमन शुरू हो गया है। हालांकि, पुल पर बिछाई गई लोहे की चादरों में खामियां और रेत जमा होने से दोपहिया वाहन चालकों के फिसलने का खतरा बना हुआ है।
पुल पर जमीन को समतल किए बिना लोहे की चादरें (चकर्ड प्लेट) बिछा दी गई हैं। कई प्लेट ऊंची-नीची हैं और उनके बीच भी गैप छोड़ दिया गया है। इससे वाहन चालकों को पुल पार करने में परेशानी हो रही है। विशेष रूप से बाइक और स्कूटर चालकों के लिए यह रास्ता जोखिम भरा बना हुआ है।
लोहे की चादरों पर जमा रेत बढ़ा रही परेशानी
पैंटून पुल पर यमुना की रेत जमा होने के कारण दोपहिया वाहन फिसलने की आशंका रहती है। स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह से शाम तक कई बाइक चालक संतुलन बिगड़ने के कारण गिरकर चोटिल हो रहे हैं। पुल पर चादरों का असमतल होना और उनके बीच गैप होने से समस्या और बढ़ गई है।
गुरुवार दोपहर दो बजे मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लेने पर पुल की चादरों में असमानता और रेत जमा होने की समस्या दिखाई दी। स्थानीय लोगों ने पुल की खामियों को जल्द दूर कराने की मांग की है।
ट्रैफिक कर्मियों और स्ट्रीट लाइट की भी मांग
पोइया घाट निवासी हरी सिंह ने बताया कि पुल पर सुबह से शाम तक दोपहिया वाहन चालकों के गिरने की घटनाएं होती रहती हैं। ट्रैफिक कर्मियों की तैनाती नहीं होने से कई बार पुल पर वाहनों की लंबी कतारें लग जाती हैं। उन्होंने पुल और आसपास स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग की, ताकि रात के समय भी वाहन चालकों को सुरक्षित आवागमन में सुविधा मिल सके।
राहगीर कर्मवीर का कहना है कि रात के समय भारी वाहन भी पुल से गुजरते हैं, जिससे पुल की स्थिति जल्द खराब होने की आशंका है। धूल-मिट्टी उड़ने से आसपास के लोगों को भी परेशानी हो रही है।
खामियां दूर करने का आश्वासन
पैंटून पुल का निर्माण दयालबाग और खंदौली के बीच आवागमन को आसान बनाने के उद्देश्य से किया गया है, लेकिन निर्माण संबंधी खामियों के कारण लोगों को अभी राहत नहीं मिल पा रही है। लोक निर्माण विभाग ने पुल की कमियों को जल्द सुधारने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि लोहे की चादरों को समतल कर, गैप ठीक करके और रेत हटाकर पुल को सुरक्षित बनाया जाएगा।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें