एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा: नींद में सो रहे यात्रियों की चीख-पुकार से गूंजा इलाका, दो की मौत
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद के पास मिनी ट्रैवलर बस ट्रक में पीछे से घुस गई। हादसे में दो यात्रियों की मौत और 13 घायल हुए।
आगरा। आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। अयोध्या से आगरा आ रही यात्रियों से भरी मिनी ट्रैवलर बस आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दो यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 13 यात्री घायल हो गए। घायलों में तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, चालक धीरज पाटिल पुत्र सुरेश निवासी लक्ष्मी नारायण सोसायटी, थाना डिडौली, सूरत (गुजरात) मिनी ट्रैवलर बस में यात्रियों को लेकर अयोध्या से आगरा आ रहे थे। शनिवार सुबह करीब चार बजे थाना फतेहाबाद क्षेत्र में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 37.100 के पास बस अनियंत्रित होकर आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। अचानक हुए धमाके से बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
पुलिस और यूपीडा की टीम ने संभाला मोर्चा
हादसे की सूचना मिलते ही यूपीडा की टीम और फतेहाबाद थाना प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। राहत एवं बचाव कार्य शुरू करते हुए बस में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया। इसके बाद एंबुलेंस की मदद से सभी घायलों को उपचार के लिए एसएन मेडिकल कॉलेज, आगरा भेजा गया। घायलों में तीन यात्रियों की हालत गंभीर बताई जा रही है।
हादसे में दो यात्रियों की मौत
इस भीषण दुर्घटना में प्रदीप पुत्र किशन (करीब 53 वर्ष) और जनक बेन (करीब 58 वर्ष) की मौत हो गई। वहीं, हादसे में घायल अन्य यात्रियों का अस्पताल में उपचार किया जा रहा है।
हादसे में घायल यात्रियों में मनोहर पुत्र शिंदे, जनक पुत्र वेन, उमा वेन पत्नी प्रदीप सिंह, पदम वेन पत्नी सुरेंद्र सिंह, उर्वशी वेन पत्नी पलिया, किट्टू कुमारी, कीरत सिंह, पृथ्वी पुत्र वीरेंद्र सिंह, क्ररूठा पुत्री वीरेंद्र सिंह, बरसा वेन पत्नी मनोहर सिंह, रेणुका वेन पत्नी इंद्र सिंह और हिना वेन पत्नी करनवा शामिल हैं।
पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। शुरुआती जानकारी के मुताबिक बस ट्रक में पीछे से टकराई थी। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर एक्सप्रेसवे पर तेज रफ्तार और वाहन चालकों की सतर्कता को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।