ताज मेट्रोस्टेशन में दो संदिग्धों ने की घुसने की कोशिश:सुरक्षा गार्ड ने रोका, 85 सुरक्षा कर्मी मॉकड्रिल में हुए शामिल
आगरा के ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर 13 नवंबर को सुरक्षा मॉक ड्रिल हुई। 85 सुरक्षाकर्मियों ने हिस्सा लिया और दो हथियारबंद संदिग्धों को पकड़ने का अभ्यास किया।
आगरा। ताजमहल मेट्रो स्टेशन पर दो हथियारबंद संदिग्धों के घुसने की कोशिश से सुरक्षा व्यवस्था अलर्ट हो गई। दोनों ने छोटे हथियार छिपाकर AFC एग्जिट गेट से स्टेशन में प्रवेश करने का प्रयास किया, लेकिन तैनात सुरक्षा गार्ड की सतर्कता के चलते वे अपने मंसूबों में कामयाब नहीं हो सके। इसके बाद दोनों कॉन्कोर्स एरिया में लिफ्ट के पास मशीन रूम और प्लेटफॉर्म की ओर जाने वाले इमरजेंसी गेट के अंदर छिप गए।
हालांकि, यह कोई वास्तविक आतंकी हमला नहीं था, बल्कि 13 नवंबर को आगरा मेट्रो की ओर से आयोजित सुरक्षा मॉक ड्रिल का हिस्सा था। इस अभ्यास का उद्देश्य स्टेशन पर किसी आपात स्थिति में सुरक्षा कर्मियों की तत्परता और कार्रवाई की क्षमता को परखना था।
सुरक्षा गार्ड की सतर्कता से शुरू हुआ ऑपरेशन
मॉक ड्रिल के दौरान सुरक्षा गार्ड ने संदिग्धों को देखकर शोर मचाया। सूचना मिलते ही SSF के सुरक्षा कर्मी मौके पर पहुंचे। पाली प्रभारी अजीत सिंह ने SCR से समन्वय स्थापित कर ऑपरेशन कंट्रोल सेंटर (OCC) को स्थिति की जानकारी दी। OCC ने तत्काल क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) को मौके पर पहुंचकर कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
इसके बाद अन्य सुरक्षा कर्मियों को भी हथियारों और जरूरी संसाधनों के साथ स्टेशन पर बुलाया गया। संदिग्धों की घेराबंदी कर उन्हें पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमों ने मोर्चा संभाला।
ग्राउंड फ्लोर पर बनाया गया बेस स्टेशन
ऑपरेशन को व्यवस्थित तरीके से पूरा करने के लिए मेट्रो स्टेशन के ग्राउंड फ्लोर पर बेस स्टेशन बनाया गया। यहां QRT सपोर्ट टीम, प्रोटेक्शन टीम, सर्च टीम और गिरफ्तारी टीम का गठन किया गया।
प्रोटेक्शन टीम को स्टेशन पर अनावश्यक लोगों की आवाजाही रोकने की जिम्मेदारी सौंपी गई। वहीं, स्टेशन पर तैनात SSF जवानों ने संदिग्धों के छिपे हुए स्थानों की घेराबंदी की, ताकि वे भाग न सकें और स्टेशन की सुरक्षा को कोई खतरा न हो।
काफी मशक्कत के बाद सुरक्षा कर्मियों ने दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से दो पिस्टल, 35 कारतूस, एक टैक्टिकल टॉर्च और मेट्रो स्टेशन का नक्शा बरामद हुआ। मॉक ड्रिल की प्रक्रिया के तहत दोनों को स्थानीय पुलिस के सुपुर्द किया गया।
मेट्रो सेवाएं बाधित करने की थी काल्पनिक साजिश
मॉक ड्रिल के दौरान पूछताछ में दोनों संदिग्धों ने स्टेशन के महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों को नुकसान पहुंचाने, मेट्रो सेवाएं बाधित करने, प्रशासन की छवि खराब करने और आम लोगों में दहशत फैलाने के इरादे से स्टेशन में घुसने की बात कही।
सुरक्षा बलों ने इस काल्पनिक स्थिति में समय रहते कार्रवाई करते हुए दोनों संदिग्धों को पकड़ लिया। अभ्यास के जरिए यह जांचा गया कि ऐसी परिस्थिति में सुरक्षा एजेंसियां कितनी तेजी से एक-दूसरे के साथ समन्वय कर सकती हैं।
85 सुरक्षाकर्मियों ने लिया हिस्सा
इस मॉक ड्रिल में प्रभारी निरीक्षक सुशांत गौर, निरीक्षक राजीव कुमार सहित 9 उपनिरीक्षक, 35 मुख्य आरक्षी और 17 आरक्षी शामिल रहे। इसके अलावा सुरक्षा आयुक्त, सुरक्षा अधिकारी और असिस्टेंट मैनेजर ऑपरेशन सहित करीब 85 कर्मचारियों ने हिस्सा लिया।
अभ्यास का मुख्य उद्देश्य आपात स्थिति में सुरक्षा बलों की तैयारी, आपसी तालमेल, संदिग्धों की पहचान, घेराबंदी और त्वरित कार्रवाई की क्षमता को परखना था। इस तरह की मॉक ड्रिल से मेट्रो स्टेशनों पर यात्रियों की सुरक्षा और आपातकालीन प्रबंधन को मजबूत बनाने में मदद मिलती है।