Skip to main content
Agra Trends home
Agra Trends

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

विश्व मधुमेह दिवस: मेहनतकश ग्रामीणों को भी जकड़ रहा डायबिटीज, रिसर्च में सामने आई ये खतरनाक वजह

आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज के अध्ययन में ग्रामीण मधुमेह रोगियों के रक्त में कीटनाशकों का स्तर स्वस्थ लोगों से 2.9 गुना अधिक मिला। विशेषज्ञों ने भूजल प्रदूषण और अत्यधिक शराब सेवन से जुड़े जोखिमों पर चिंता जताई।


  • November 14, 2026
  • 1 minute
  • 14 Views
Image

आगरा। खेतों में दिनभर मेहनत करने, पैदल चलने और तनावमुक्त जीवन जीने के बावजूद ग्रामीण क्षेत्रों के लोग मधुमेह की चपेट में आ रहे हैं। आमतौर पर शारीरिक मेहनत करने वालों में मधुमेह का खतरा कम माना जाता है, लेकिन आगरा के एसएन मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में हुए एक अध्ययन ने चिंता बढ़ा दी है। शोध में सामने आया है कि ग्रामीण क्षेत्रों में भूजल के माध्यम से शरीर में पहुंचने वाले कीटनाशकों के अवशेष और अत्यधिक शराब का सेवन मधुमेह के जोखिम से जुड़े हो सकते हैं।

एसएन मेडिकल कॉलेज में ग्रामीण क्षेत्र के 220 लोगों पर किए गए अध्ययन में मधुमेह से पीड़ित और स्वस्थ व्यक्तियों के बीच रक्त में ऑर्गेनोक्लोरीन पेस्टिसाइड्स (ओसीपी) के स्तर की तुलना की गई। इसमें मधुमेह रोगियों के रक्त में इन कीटनाशकों का औसत स्तर स्वस्थ लोगों की तुलना में करीब 2.9 गुना अधिक पाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, ये रसायन शरीर में इंसुलिन की कार्यप्रणाली को प्रभावित कर सकते हैं।

शनिवार को विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर डॉक्टर लोगों को बीमारी के कारणों, बचाव और बेहतर उपचार के प्रति जागरूक करेंगे।

220 लोगों पर हुआ अध्ययन, मधुमेह रोगियों में 2.9 गुना अधिक मिले कीटनाशक

एसएन मेडिकल कॉलेज के टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक के प्रभारी डॉ. प्रभात अग्रवाल ने बताया कि वर्ष 2024 से 2026 तक 18 महीने ग्रामीण क्षेत्र के 220 लोगों पर अध्ययन किया गया। इनमें 110 मधुमेह से पीड़ित थे, जबकि 110 स्वस्थ व्यक्ति शामिल थे।

अध्ययन में दोनों समूहों के लोगों की जीवनशैली, रहन-सहन और आसपास के वातावरण को ध्यान में रखा गया। सभी की फास्टिंग ब्लड शुगर, भोजन के बाद की ब्लड शुगर और तीन महीने की औसत शुगर यानी एचबीए1सी की जांच की गई। इसके अलावा सीरम क्रिएटिनिन और लिपिड प्रोफाइल का भी परीक्षण हुआ।

रक्त में ऑर्गेनोक्लोरीन कीटनाशकों की मात्रा जानने के लिए गैस क्रोमैटोग्राफी तकनीक का इस्तेमाल किया गया। जांच में मधुमेह रोगियों में ओसीपी का औसत स्तर 4.87 नैनोग्राम प्रति मिलीलीटर मिला, जबकि स्वस्थ व्यक्तियों में यह 1.68 नैनोग्राम प्रति मिलीलीटर था।

इस तरह मधुमेह रोगियों में कीटनाशकों का स्तर करीब 2.9 गुना अधिक पाया गया। विशेषज्ञों के अनुसार, खेतों में कीटनाशकों के छिड़काव के बाद इनके अवशेष मिट्टी और भूजल तक पहुंच सकते हैं। ग्रामीण क्षेत्रों में इसी भूजल का इस्तेमाल पीने के लिए होने से लोगों के शरीर में इन रसायनों का संपर्क बढ़ सकता है।

अत्यधिक शराब से इंसुलिन बनाने वाली कोशिकाओं को नुकसान

एसएन मेडिकल कॉलेज के एंडोक्राइनोलॉजिस्ट डॉ. धर्मेंद्र तिवारी ने बताया कि लंबे समय तक अत्यधिक शराब का सेवन अग्न्याशय को नुकसान पहुंचा सकता है। इससे इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स प्रभावित होती हैं और उनकी कार्यक्षमता कम हो सकती है।

इंसुलिन शरीर में ब्लड शुगर को नियंत्रित रखने का काम करता है। जब अग्न्याशय की बीटा सेल्स पर्याप्त इंसुलिन नहीं बना पातीं, तो रक्त में शुगर का स्तर बढ़ने लगता है। विशेषज्ञों के मुताबिक, युवाओं में मधुमेह के बढ़ते मामलों के पीछे शराब का अत्यधिक सेवन भी एक महत्वपूर्ण जोखिम कारक हो सकता है।

मधुमेह रोगियों की स्क्रीनिंग में आगरा प्रदेश में तीसरे नंबर पर

सीएमओ डॉ. अरुण श्रीवास्तव के अनुसार, जिले में 30 वर्ष से अधिक आयु के 7,38,214 लोगों की जिला अस्पताल और अन्य स्वास्थ्य केंद्रों पर मधुमेह की स्क्रीनिंग की गई है। इनमें से 8,925 मधुमेह रोगियों का उपचार चल रहा है।

आंकड़ों के अनुसार, शहरी क्षेत्र में वयस्क आबादी के करीब 10 प्रतिशत लोग मधुमेह से प्रभावित हैं, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों में यह आंकड़ा सात प्रतिशत है। मधुमेह रोगियों की स्क्रीनिंग के मामले में आगरा प्रदेश में तीसरे स्थान पर है।

अब हाथ पर लगने वाले सेंसर से 24 घंटे हो रही शुगर की निगरानी

उत्तर प्रदेश डायबिटीज एसोसिएशन के उपाध्यक्ष डॉ. अतुल कुलश्रेष्ठ ने बताया कि मधुमेह की जांच और उपचार के क्षेत्र में नई तकनीकों से काफी सुधार हुआ है। अब कंटीन्यूअस ग्लूकोज मॉनिटरिंग (सीजीएम) तकनीक के जरिए मरीज के शरीर में शुगर के स्तर पर लगातार नजर रखी जा सकती है।

इसके लिए मरीज के हाथ पर एक छोटा सेंसर लगाया जाता है, जो लगभग हर 15 मिनट में ग्लूकोज का स्तर रिकॉर्ड करता है। शुगर कम या ज्यादा होने पर अलार्म के माध्यम से चेतावनी भी मिल सकती है। इससे डॉक्टर को इंसुलिन और दवाओं की खुराक तय करने में मदद मिलती है।

इसके अलावा अब सप्ताह में एक बार दी जाने वाली इंसुलिन भी उपलब्ध है। नई जीएलपी-1 एगोनिस्ट समूह की दवाएं शुगर नियंत्रित करने के साथ वजन कम करने में भी मदद कर सकती हैं। हालांकि, इनका इस्तेमाल डॉक्टर की सलाह से ही करना चाहिए।

20 साल से मधुमेह, नियमित व्यायाम से नियंत्रित रख रहे शुगर

शास्त्रीपुरम निवासी रामपूजन द्विवेदी बेसिक शिक्षा परिषद से सेवानिवृत्त हैं। वह पिछले 20 वर्षों से मधुमेह से पीड़ित हैं। उन्होंने बताया कि नियमित दिनचर्या और शारीरिक गतिविधियों के माध्यम से वह अपनी शुगर नियंत्रित रखने का प्रयास करते हैं।

रामपूजन प्रतिदिन तीन से चार किलोमीटर पैदल चलते हैं और पांच से सात किलोमीटर साइकिल चलाते हैं। कई बार शुगर का स्तर नियंत्रित रहने पर डॉक्टर की सलाह से दवाओं की खुराक भी कम करनी पड़ती है।

टाइप-1 डायबिटीज के 400 मरीज पंजीकृत, बच्चों को भी लेना पड़ रहा इंसुलिन

एसएन मेडिकल कॉलेज के टाइप-1 डायबिटीज क्लीनिक में करीब 400 मरीज पंजीकृत हैं। टाइप-1 डायबिटीज में अग्न्याशय की इंसुलिन बनाने वाली बीटा सेल्स नष्ट होने लगती हैं। ऐसे मरीजों को दिन में तीन से चार बार इंसुलिन लेने की जरूरत पड़ सकती है। यह बीमारी पांच से 17 वर्ष की आयु के बच्चों और किशोरों में भी देखने को मिलती है।

आलोक लालवानी को वर्ष 2024 में टाइप-1 डायबिटीज का पता चला था। वह नियमित रूप से इंसुलिन लेते हैं और इसके माध्यम से अपने ब्लड शुगर के स्तर को नियंत्रित रख रहे हैं।

अनियंत्रित शुगर से आंखों और गुर्दों को नुकसान, हार्ट अटैक का खतरा

विशेषज्ञों के अनुसार, मधुमेह के कई मरीज शुगर नियंत्रित होने पर अपनी मर्जी से दवाएं बंद कर देते हैं या डॉक्टर की सलाह के बिना घरेलू नुस्खों पर निर्भर हो जाते हैं। करेले का जूस और अन्य घरेलू उपायों को दवाओं का विकल्प मानना खतरनाक हो सकता है।

लंबे समय तक अनियंत्रित ब्लड शुगर रहने से आंखों की रोशनी प्रभावित हो सकती है। डायबिटिक रेटिनोपैथी के कारण गंभीर स्थिति में व्यक्ति की आंखों की रोशनी तक जा सकती है। इसके अलावा गुर्दों को नुकसान, हृदय रोग और हार्ट अटैक का खतरा भी बढ़ जाता है। मधुमेह के मरीजों में टीबी संक्रमण को लेकर भी विशेष सावधानी बरतने की जरूरत होती है।

डॉक्टरों का कहना है कि शुगर का स्तर सामान्य होने पर भी बिना चिकित्सकीय सलाह के दवा या इंसुलिन बंद नहीं करनी चाहिए। नियमित जांच और समय पर उपचार बेहद जरूरी है।

आज आगरा में लगेंगे निशुल्क मधुमेह जांच एवं परामर्श शिविर

विश्व मधुमेह दिवस के अवसर पर आगरा डायबिटिक फोरम की ओर से खेलगांव और कंपनी गार्डन, सदर में निशुल्क जांच एवं परामर्श शिविर लगाए जा रहे हैं। शिविर का आयोजन सुबह 6:30 बजे से 8:30 बजे तक होगा।

इस दौरान लोगों की ब्लड शुगर की जांच की जाएगी और उन्हें मधुमेह से बचाव, खानपान, नियमित व्यायाम तथा बीमारी को नियंत्रित रखने के उपायों के बारे में जागरूक किया जाएगा। विशेषज्ञों ने लोगों से समय-समय पर शुगर की जांच कराने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने की अपील की है।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *