यूपी: निर्माणाधीन नाले की सिल्ट बनी मुसीबत, दो लाख लोग हो रहे परेशान; ये है स्मार्ट सिटी आगरा का हाल
आगरा के बोदला-बिचपुरी रोड पर निर्माणाधीन नाले से निकाली गई सिल्ट एक महीने से सड़क पर पड़ी है। सड़क की एक लेन बंद होने से करीब दो लाख लोगों को रोजाना जाम, बदबू और दुर्घटना का खतरा झेलना पड़ रहा है।
आगरा। आगरा के बोदला-बिचपुरी रोड पर निर्माणाधीन नाले से निकाली गई सिल्ट राहगीरों के लिए मुसीबत बन गई है। एक महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी सड़क पर पड़ी कीचड़ और सिल्ट को नहीं हटाया गया है। इसके चलते सड़क की एक लेन कई जगह बंद हो गई है। करीब दो लाख लोगों को रोजाना जाम, दुर्गंध और दुर्घटनाओं के खतरे का सामना करना पड़ रहा है। वहीं, नाले के पक्के निर्माण का काम भी बेहद धीमी गति से चल रहा है।
बोदला-बिचपुरी रोड आगरा के प्रमुख मार्गों में शामिल है। इस सड़क से बिचपुरी, अछनेरा, कलवारी और रायभा समेत सैकड़ों गांव शहर से जुड़े हैं। मार्ग पर कई स्कूल, फैक्ट्रियां, अस्पताल और कृषि महाविद्यालय भी स्थित हैं। प्रतिदिन बड़ी संख्या में लोग इस रास्ते से आवागमन करते हैं। इसके बावजूद सड़क पर फैली सिल्ट को हटाने की व्यवस्था नहीं की गई है।
मघटई तिराहे और कलवारी चौराहे समेत कई स्थानों पर सड़क की एक लेन बंद होने से यातायात प्रभावित हो रहा है। खासकर स्कूलों की छुट्टी के समय यहां लंबा जाम लग जाता है। सड़क पर फैली कीचड़ से दुर्गंध भी उठ रही है, जिससे राहगीरों और आसपास रहने वाले लोगों को परेशानी हो रही है।
एडीए करा रहा नाले का पक्का निर्माण
आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) की ओर से सिंचाई विभाग के सदर वन नाले का पक्का निर्माण कराया जा रहा है। जीडी गोयनका पब्लिक स्कूल के पास से पक्का बाग तिराहे तक नाले को पक्का करने का काम चल रहा है। निर्माण के दौरान नाले से निकाली गई सिल्ट को बोदला-बिचपुरी रोड पर मघटई तिराहे और कलवारी चौराहे सहित कई स्थानों पर डाल दिया गया। एक महीने से अधिक समय गुजरने के बाद भी इसे नहीं हटाया गया है। इससे सड़क पर आवागमन लगातार प्रभावित हो रहा है।
बदबू और जाम से परेशान राहगीर
आजमपाड़ा निवासी अरबाज ने बताया कि वह रोजाना काम के सिलसिले में बिचपुरी जाते हैं। सड़क पर फैली कीचड़ के कारण निकलना मुश्किल हो गया है। एक तरफ दुर्गंध परेशान करती है तो दूसरी तरफ जाम में फंसना पड़ता है। एक ही लेन से वाहनों के निकलने के कारण दुर्घटना का डर भी बना रहता है।
राहगीर अभिषेक ने बताया कि अछनेरा जाने के दौरान एक लेन से आवागमन होने के कारण उन्हें जाम में देरी का सामना करना पड़ा। सड़क पर इतनी गंदगी फैली हुई है कि लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने मांग की कि जल्द से जल्द सिल्ट हटाई जाए।
ठेकेदार को दिए सिल्ट हटाने के निर्देश
एडीए के अधिशासी अभियंता नरेंद्र कुमार ने बताया कि ठेकेदार को सड़क से सिल्ट हटाने के लिए कहा गया है। सिल्ट को नाले के किनारे डाला गया था, लेकिन वह फैलकर सड़क तक पहुंच गई है। जिन स्थानों पर एक लेन बंद है, वहां प्राथमिकता के आधार पर सबसे पहले सिल्ट हटवाई जाएगी।