आगरा में मैथ्स टीचर की हत्या का खुलासा, पूर्व छात्रा काे भेजता था अश्लील मैसेज; दोस्त ने काट दिया गला
आगरा के जगदीशपुरा में गणित शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या का पुलिस ने खुलासा किया है। पुलिस के अनुसार, पूर्व छात्रा को ब्लैकमेल करने से नाराज उसके मित्र निखिल ने चाकू से शिक्षक की हत्या की थी। आरोपी गिरफ्तार, स्कूटी बरामद।
आगरा। आगरा के जगदीशपुरा क्षेत्र में गणित शिक्षक ओम प्रकाश यादव की हत्या के मामले में पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस के मुताबिक, शिक्षक अपनी पूर्व छात्रा को आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर रहे थे। इससे परेशान छात्रा ने अपने मित्र निखिल को पूरी बात बताई। इसके बाद निखिल ने शिक्षक की हत्या की साजिश रची और कोचिंग सेंटर में चाकू से हमला कर उनका गला काट दिया। पुलिस ने आरोपी निखिल को हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया है। उसके कब्जे से शिक्षक की स्कूटी भी बरामद कर ली गई है।
छह नवंबर को कोचिंग में मिला था शिक्षक का शव
जगदीशपुरा की आवास विकास कॉलोनी के सेक्टर-3 स्थित वीएस प्लाजा में कोचिंग संचालक और गणित शिक्षक ओम प्रकाश यादव का शव छह नवंबर को मिला था। उन्हें आखिरी बार दो नवंबर को देखा गया था। घटना के बाद पुलिस ने जांच शुरू की और शिक्षक के मोबाइल की कॉल डिटेल तथा मैसेज खंगाले।
जांच के दौरान पुलिस ने कोचिंग की एक पूर्व छात्रा से पूछताछ की। शुरुआत में छात्रा ने शिक्षक को अच्छा बताया, लेकिन जब पुलिस ने उसे कॉल डिटेल और मैसेज दिखाए तो वह रोने लगी। छात्रा ने बताया कि शिक्षक उसे लगातार कॉल और मैसेज करते थे तथा स्नैपचैट से प्राप्त कुछ आपत्तिजनक तस्वीरों के जरिए ब्लैकमेल कर रहे थे।
छात्रा की परेशानी सुनकर निखिल ने दी थी धमकी
पुलिस के अनुसार, शिक्षक की हरकतों से परेशान होकर छात्रा उनसे पीछा छुड़ाना चाहती थी। इसी दौरान उसकी दोस्ती शाहगंज निवासी निखिल से हुई। छात्रा ने निखिल को शिक्षक द्वारा ब्लैकमेल किए जाने की बात बताई। इसके बाद निखिल ने शिक्षक को छात्रा से दूर रहने की धमकी दी थी।
दो नवंबर को निखिल चाकू लेकर कोचिंग सेंटर पहुंचा। वहां शिक्षक और उसके बीच विवाद हुआ। आरोप है कि शिक्षक ने उसे डांटकर भगा दिया, जिसके बाद निखिल ने चाकू से उन पर कई वार किए और गला काटकर हत्या कर दी।
ब्लैकबोर्ड पर लिखा रेपिस्ट, स्कूटी लेकर फरार हुआ आरोपी
हत्या के बाद आरोपी ने कोचिंग के ब्लैकबोर्ड पर ओपी यादव रेपिस्ट लिख दिया। इसके बाद वह शिक्षक की स्कूटी लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी ने अपना मोबाइल भी तोड़कर फेंक दिया था, ताकि पुलिस को कोई सुराग न मिल सके।
पुलिस कर रही आरोपी से पूछताछ
डीसीपी सिटी रवींद्र कुमार ने बताया कि आरोपी निखिल को पकड़ लिया गया है। उससे पूछताछ की जा रही है। शिक्षक की स्कूटी भी बरामद कर ली गई है। पुलिस मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और साक्ष्यों की जांच कर रही है।