यूपी: मैरिज होम के बाहर नहीं खड़े होंगे वाहन, पुलिस ने जारी किए ये निर्देश; शादी में जाने वाले ध्यान दें
आगरा में 21 नवंबर से शादी समारोह शुरू होने के मद्देनजर पुलिस ने यातायात व्यवस्था की तैयारी की है। एमजी रोड और फतेहाबाद रोड के मैरिज होम के बाहर पार्किंग पर रोक रहेगी। वाहनों की पार्किंग परिसर के अंदर करनी होगी।
आगरा। देवोत्थान एकादशी के बाद 21 नवंबर से शुरू होने वाले शादी समारोहों को देखते हुए आगरा पुलिस ने यातायात व्यवस्था दुरुस्त रखने की तैयारी शुरू कर दी है। शहर के प्रमुख मार्ग एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर स्थित मैरिज होम के बाहर वाहनों की पार्किंग नहीं होने दी जाएगी। शादी समारोह में आने वाले मेहमानों के वाहनों की पार्किंग मैरिज होम परिसर के अंदर ही करानी होगी। इसके लिए पुलिस मैरिज होम संचालकों के साथ समन्वय स्थापित करेगी।
मैरिज होम संचालकों को दिए निर्देश
बृहस्पतिवार को अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल ने यातायात व्यवस्था को लेकर बैठक की। इसमें उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शादी समारोहों के दौरान मैरिज होम के बाहर सड़क पर वाहनों की पार्किंग नहीं होने दी जाए। एमजी रोड और फतेहाबाद रोड पर स्थित मैरिज होम संचालकों से बातचीत कर पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने कहा कि 21 नवंबर से देवोत्थान एकादशी के बाद वैवाहिक कार्यक्रम शुरू हो जाएंगे। ऐसे में इन प्रमुख मार्गों पर यातायात का दबाव बढ़ने की संभावना है। सड़क किनारे वाहनों के खड़े होने से जाम की स्थिति पैदा होती है। इसे देखते हुए पहले से ही प्रभावी इंतजाम किए जाएं, ताकि आम लोगों को आवागमन में परेशानी न हो।
यातायात माह के अभियान की भी समीक्षा
बैठक में नवंबर 2026 के यातायात माह के तहत पिछले 10 दिनों में यातायात पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और जागरूकता अभियानों की समीक्षा भी की गई। अपर पुलिस आयुक्त ने आगामी 20 दिनों के लिए प्रस्तावित कार्ययोजना पर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
स्कूलों में होंगी निबंध और कला प्रतियोगिताएं
अपर पुलिस आयुक्त ने निर्देश दिए कि स्कूलों में यातायात नियमों को लेकर निबंध और कला प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएं। इसके माध्यम से बच्चों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया जाए।
उन्होंने यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई जारी रखने के निर्देश भी दिए। पुलिस का उद्देश्य शादी समारोहों के दौरान शहर के प्रमुख मार्गों पर जाम की समस्या को रोकना और यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखना है।