मां तुझे प्रणाम: 15 अगस्त को पांच चौराहों पर गूंजेगा राष्ट्रगान, आगरा में ऐसे मनाया जाएगा आजादी का जश्न
आगरा में ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत 13 अगस्त को वीरांगनाओं का सम्मान, 14 को तिरंगा वाहन रैली और 15 अगस्त को पांच प्रमुख चौराहों पर सामूहिक राष्ट्रगान होगा।
आगरा में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का अनूठा नजारा देखने को मिलेगा। अमर उजाला और जीजी स्कूल ऑफ नर्सिंग एवं पैरामेडिकल के संयुक्त अभियान ‘मां तुझे प्रणाम’ के तहत शहर में तीन दिन तक विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। अभियान के तहत 13 अगस्त को वीरांगनाओं का सम्मान, 14 अगस्त को तिरंगा वाहन रैली और 15 अगस्त को प्रमुख चौराहों पर सामूहिक राष्ट्रगान व तिरंगा फहराने का कार्यक्रम होगा।
पांच प्रमुख चौराहों पर सामूहिक राष्ट्रगान
15 अगस्त को आगरा के प्रमुख स्थानों पर एक साथ राष्ट्रगान का आयोजन किया जाएगा। आगरा विकास मंच और रामलाल वृद्धाश्रम के सहयोग से सिकंदरा तिराहा पर तिरंगा फहराकर राष्ट्रगान होगा।
इसी तरह मुन्नी देवी शिवहरे ट्रस्ट के सहयोग से धाकरान चौराहा, जागरूक नागरिक सद्भाव समिति के सहयोग से कोठी मीना बाजार चौराहा और आगरा विकास मंच के साथ सेंट जोंस चौराहा व संजय प्लेस तिराहे पर राष्ट्रगान का आयोजन होगा।
इन कार्यक्रमों में सामाजिक संगठनों, युवाओं और जागरूक नागरिकों की भागीदारी रहेगी। तिरंगे के साथ सामूहिक राष्ट्रगान के जरिए शहरवासियों को एकता, अखंडता और राष्ट्रप्रेम का संदेश दिया जाएगा।
पक्षीघर में होगा सांस्कृतिक कार्यक्रम
आगरा विकास मंच की ओर से कोठी मीना बाजार स्थित पक्षीघर पर विशेष सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में देशभक्ति से जुड़े गीत और प्रस्तुतियां लोगों में राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करेंगी।
13 अगस्त को वीरांगनाओं का सम्मान
‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत 13 अगस्त को दोपहर 12 बजे से खंदारी स्थित आरबीएस सभागार में वीरांगना सम्मान समारोह आयोजित होगा। इसमें शहीदों के परिजनों और वीर नारियों को सम्मानित किया जाएगा।
यह कार्यक्रम उन परिवारों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर होगा, जिन्होंने देश की रक्षा के लिए अपने प्रियजनों को समर्पित किया।
14 अगस्त को निकलेगी तिरंगा वाहन रैली
स्वतंत्रता दिवस से एक दिन पहले 14 अगस्त को सुबह 7:30 बजे तिरंगा वाहन रैली निकाली जाएगी। रैली की शुरुआत एकलव्य स्पोर्ट्स स्टेडियम से होगी और इसका समापन कॉसमॉस मॉल पर किया जाएगा।
रैली में शहरवासी अपने वाहनों के साथ तिरंगा लेकर शामिल होंगे। इसका उद्देश्य शहर में राष्ट्रप्रेम, भाईचारे और एकता का संदेश पहुंचाना है।
देशभक्ति के रंग में रंगेगा आगरा
‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत आयोजित होने वाले इन कार्यक्रमों से स्वतंत्रता दिवस से पहले ही आगरा देशभक्ति के रंग में रंगता नजर आएगा। सामूहिक राष्ट्रगान, तिरंगा रैली, वीरांगना सम्मान और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से अभियान लोगों को देश के प्रति सम्मान और जिम्मेदारी का संदेश देगा।