logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

आगरा की ऐतिहासिक राम बरात: सिया वरन को निकले रघुराई, झांकियों निकलना हुईं शुरू

आगरा में 168 झांकियों से सजी ऐतिहासिक राम बरात निकली।


  • October 06, 2026
  • 1 minute
  • 13 Views
Image

आगरा में उत्तर भारत की सुप्रसिद्ध ऐतिहासिक राम बरात ढोल-नगाड़ों और बैंड-बाजों की गूंज के बीच धूमधाम से निकाली जा रही है। राम बरात में सबसे पहले भव्य झांकियों का निकलना शुरू हुआ। इस बार 168 झांकियों से सजी बरात में आस्था, सनातन परंपरा, धार्मिक स्थलों और सामाजिक संदेशों का विराट स्वरूप देखने को मिल रहा है। भगवान श्रीराम सिया वरण के लिए भव्य बरात के साथ निकले हैं।

राम बरात के सबसे आगे रजत रथ पर भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी विराजमान होकर बरात का नेतृत्व कर रहे हैं। इसके बाद देश के अलग-अलग हिस्सों के प्रमुख धार्मिक स्थलों और धार्मिक परंपराओं को दर्शाती झांकियां शामिल की गई हैं। गोवर्धन लीला, तिरुपति बालाजी, सांवरिया सेठ, सालासर बालाजी, श्रीनाथजी, वैष्णो देवी और भगवान जगन्नाथ समेत कई धार्मिक स्वरूप बरात की भव्यता बढ़ा रहे हैं।

धार्मिक और सामाजिक संदेशों का अनूठा संगम

इस बार राम बरात में पांच भव्य झांकियां विशेष रूप से तैयार की गई हैं। इनमें फल और मेवा से सजाई गई झांकियों के साथ सामाजिक, आध्यात्मिक और देशभक्ति के संदेश देने वाली झांकियां भी शामिल हैं। राम बरात प्रभारी प्रवीण स्वरूप बंसल ने बताया कि झांकियों के माध्यम से दक्षिण भारत से लेकर उत्तर भारत तक के ऐतिहासिक मंदिरों और धार्मिक परंपराओं को प्रस्तुत किया गया है।

बरात की शुरुआती पांच झांकियां भगवान गणेश को समर्पित हैं। इनमें करीब आठ फुट ऊंचे गणेश जी हाथ जोड़कर बरात की अगवानी करते नजर आ रहे हैं। झांकियों में उत्तराखंड, महाराष्ट्र, केरल, असम, पश्चिम बंगाल और राजस्थान समेत विभिन्न राज्यों की धार्मिक एवं सांस्कृतिक झलक देखने को मिल रही है।

मेवा और फलों से सजी झांकियां बनीं आकर्षण

मीडिया प्रभारी राहुल गौतम के अनुसार गोवर्धन लीला की झांकी में पर्वत और सरोवर के साथ मेवा से सजा आकर्षक दृश्य तैयार किया गया है। सांवरिया सेठ की झांकी श्रद्धालुओं के बीच भक्ति का रंग बिखेर रही है, जबकि तिरुपति बालाजी की झांकी को फलों से सजाया गया है।

सालासर बालाजी और श्रीनाथजी के स्वरूप भी श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं। इसके अलावा पीतांबरी देवी, वैष्णो देवी, भगवान जगन्नाथ और नीब करौरी बाबा की झांकियां भी राम बरात में शामिल की गई हैं।

बच्चों और युवाओं के लिए भी खास आकर्षण

राम बरात में विशाल बजरंग बली का स्वरूप विशेष आकर्षण का केंद्र बना हुआ है। वहीं प्लेटफॉर्म पर हिलता-चलता डायनासोर बच्चों और युवाओं को खासा आकर्षित कर रहा है। फिल्मी दृश्यों और कलाकारों की जीवंत प्रस्तुतियां भी बरात की भव्यता में चार चांद लगा रही हैं।

आस्था, संस्कृति, मनोरंजन और सामाजिक संदेशों से सजी आगरा की यह ऐतिहासिक राम बरात शहर के लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी आकर्षण का प्रमुख केंद्र बनी हुई है।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *