आगरा: सड़क पर गड्ढे या मौत के जाल? मोती कटरा से हनुमान चौराहे तक बदहाल सड़कें; ये है तस्वीर
आगरा के वार्ड 35 डेरा सरस में मोती कटरा, पटेल नगर और प्रमुख चौराहों की सड़कें खस्ताहाल हैं। गड्ढों से ई-रिक्शा और स्कूली रिक्शे पलट रहे हैं।
आगरा। शहर के वार्ड संख्या 35 डेरा सरस में खराब सड़कों ने स्थानीय निवासियों और व्यापारियों की परेशानी बढ़ा दी है। मोती कटरा, पटेल नगर, दाल सेव चौराहे और हनुमान चौराहे की सड़कें लंबे समय से खस्ताहाल हैं। सड़कों पर जगह-जगह गहरे गड्ढे और उधड़ी गिट्टियों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थिति इतनी खराब है कि ई-रिक्शा, ढकेल और स्कूली बच्चों के रिक्शे तक पलट रहे हैं।
स्थानीय लोगों के मुताबिक, इन सड़कों से गुजरना अब किसी चुनौती से कम नहीं है। गड्ढों के कारण वाहन चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। इसके बावजूद कई बार ई-रिक्शा और रिक्शे असंतुलित होकर पलट जाते हैं, जिससे उनमें सवार लोग चोटिल हो रहे हैं। पैदल चलने वालों को भी उधड़ी गिट्टियों और खराब सड़क के कारण काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
पार्षद ने नगर आयुक्त से की शिकायत
वार्ड 35 के पार्षद मुन्ना सिंह प्रजापति ने सड़कों की बदहाल स्थिति को लेकर नगर आयुक्त से शिकायत की है। उन्होंने बताया कि मोती कटरा, दाल सेव चौराहे और हनुमान चौराहे की सड़कें बेहद खराब हो चुकी हैं। इन मार्गों पर लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं। स्कूली बच्चों को ले जाने वाले रिक्शों के पलटने से उनकी सुरक्षा को लेकर भी चिंता बनी हुई है।
पार्षद ने नगर निगम प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र की सड़कों की जल्द मरम्मत कराई जाए, ताकि लोगों को आवागमन में राहत मिल सके और दुर्घटनाओं पर रोक लगाई जा सके।
हॉट मिक्स तकनीक से पैचवर्क कराने की मांग
पार्षद ने नगर निगम से मोती कटरा, दाल सेव चौराहे और हनुमान चौराहे की सड़कों पर तत्काल हॉट मिक्स तकनीक से पैचवर्क कराने की मांग की है। वहीं, इस मामले में नगर निगम के चीफ इंजीनियर अरविंद श्रीवास्तव ने आश्वासन दिया है कि सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी।
अब क्षेत्रीय निवासियों और व्यापारियों को नगर निगम की कार्रवाई का इंतजार है। लोगों की मांग है कि केवल आश्वासन देने के बजाय जल्द से जल्द मरम्मत कार्य शुरू कराया जाए, जिससे हादसों का खतरा कम हो और आवागमन सुगम हो सके।