यूपी में सिसकती रही इंसानियत: खुरचकर समेटना पड़ा वजूद, सड़क से चिपक गया था चेहरा, युवक को गाड़ियों ने रौंदा
आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर वाहन की टक्कर से युवक की मौत हो गई। रातभर वाहनों के गुजरने से शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
आगरा: आगरा जिले में आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। डौकी थाना क्षेत्र में अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हुए करीब 30 वर्षीय युवक की मौत हो गई। इसके बाद रातभर एक्सप्रेसवे से गुजरते वाहनों के कारण शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गया।
घटना की जानकारी मंगलवार सुबह राहगीरों को हुई। शव की हालत देखकर लोगों ने अपने वाहन रोक दिए और तत्काल पुलिस तथा यूपीडा टीम को सूचना दी। मौके पर पहुंची टीम को शव को सड़क से एकत्र करने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
अज्ञात वाहन की टक्कर से हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार रात आगरा-लखनऊ एक्सप्रेसवे पर फतेहाबाद के डौकी थाना क्षेत्र में आगरा से लखनऊ जाने वाली लेन पर किलोमीटर 9.200 के पास हुआ। बताया गया कि किसी अज्ञात वाहन ने युवक को टक्कर मार दी, जिसके बाद वह सड़क पर घायल अवस्था में पड़ा रहा।
रात के समय लगातार वाहनों की आवाजाही के कारण शव कई वाहनों की चपेट में आता रहा। इससे शव की स्थिति बेहद खराब हो गई और सड़क पर काफी दूर तक अवशेष फैल गए।
सुबह राहगीरों ने पुलिस को दी सूचना
मंगलवार सुबह एक्सप्रेसवे से गुजर रहे कुछ राहगीरों ने सड़क पर शव देखा तो उन्होंने अपने वाहन रोके। इसके बाद पुलिस और यूपीडा को घटना की जानकारी दी गई। सूचना मिलते ही टीम मौके पर पहुंची और शव को सड़क से हटाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
चेहरा बुरी तरह क्षतिग्रस्त, नहीं हो सकी पहचान
वाहनों के लगातार गुजरने से युवक का चेहरा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। इसके चलते मौके पर उसकी पहचान नहीं हो सकी। पुलिस के अनुसार मृतक की उम्र करीब 30 वर्ष है और उसके पैरों में जूते या चप्पल नहीं थे।
पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए एक्सप्रेसवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। फुटेज के माध्यम से हादसे की परिस्थितियों और मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी जुटाई जा रही है।
हादसे ने खड़े किए सड़क सुरक्षा पर सवाल
इस घटना ने एक्सप्रेसवे पर रात के समय सड़क सुरक्षा और दुर्घटना के बाद तत्काल मदद मिलने की व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। हादसे के बाद यदि समय पर पुलिस या एंबुलेंस को सूचना मिल जाती, तो घटनाक्रम अलग हो सकता था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के प्रयास जारी हैं।