logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

आगरा में हाईवे किनारे ढाबे में भीषण आग, सिलेंडर फटने से जोरदार धमाका; मची अफरा-तफरी

आगरा के हेलो ढाबे में देर रात भीषण आग लगने के बाद सिलेंडर फट गया। धमाके से हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई। दमकल ने करीब 3 बजे आग पर काबू पाया।


  • October 07, 2026
  • 1 minute
  • 7 Views
Image

आगरा में भावना क्लार्क होटल के पास स्थित हेलो ढाबे में मंगलवार देर रात करीब 1:30 बजे अचानक भीषण आग लग गई। आग ने कुछ ही देर में ढाबे को अपनी चपेट में ले लिया। इसी दौरान ढाबे में रखा एक गैस सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया। धमाके की आवाज सुनकर आसपास के इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

घटना की सूचना मिलते ही सिकंदरा पुलिस मौके पर पहुंची और सुरक्षा के मद्देनजर लोगों को ढाबे के पास जाने से रोक दिया। आग और सिलेंडर फटने की आशंका को देखते हुए हाईवे की एक लेन पर यातायात भी रोकना पड़ा। रात करीब 3 बजे फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।

लोगों ने हिम्मत दिखाकर सिलेंडर बाहर निकाले

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ढाबे से अचानक आग की तेज लपटें उठने लगीं। आग बढ़ती देख आसपास मौजूद कुछ लोगों ने हिम्मत दिखाई और ढाबे के अंदर रखे कुछ गैस सिलेंडरों को बाहर निकाल लिया। इसी दौरान अंदर मौजूद एक सिलेंडर तेज धमाके के साथ फट गया।

धमाके की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास मौजूद लोग घबरा गए और सुरक्षित स्थान की ओर भागने लगे। समय रहते लोगों द्वारा कुछ सिलेंडर बाहर निकाल लिए जाने से बड़ा हादसा टलने की संभावना जताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड पहुंचने में देरी का आरोप

स्थानीय लोगों का आरोप है कि आग लगने की सूचना देने के काफी देर बाद तक फायर ब्रिगेड की गाड़ियां मौके पर नहीं पहुंचीं। इस वजह से आग लगातार फैलती रही। रात करीब 2 बजे तक ढाबे से आग की ऊंची लपटें उठती रहीं, जिन्हें हाईवे से काफी दूर तक देखा जा सकता था।

बाद में दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया गया। करीब 3 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया गया।

ग्राहक नहीं होने से टला बड़ा हादसा

राहत की बात यह रही कि जिस समय ढाबे में आग लगी, उस वक्त वहां कोई ग्राहक मौजूद नहीं था। इससे जनहानि की बड़ी आशंका टल गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर आसपास के लोगों को घटनास्थल से दूर रखा और सुरक्षा व्यवस्था संभाली।

आग लगने की वजह की जांच जारी

घटना सिकंदरा थाना क्षेत्र की है। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण का पता नहीं चल सका है। पुलिस और फायर विभाग की टीम मामले की जांच कर रही है। आग से ढाबे में कितना नुकसान हुआ, इसका आकलन भी जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *