आगरा में युवक-युवती ने की आत्महत्या, प्रेम संबंध में नाकामी की आशंका; एक ही कमरे में मिले शव
आगरा के एत्मादपुर के रहनकलां गांव में युवक-युवती के शव एक ही स्थान पर मिले। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम संबंध से जुड़ा बताया जा रहा है। पुलिस जांच में जुटी है।
आगरा। एत्मादपुर थाना क्षेत्र के रहनकलां गांव में सोमवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब एक युवक और युवती के शव घर के कमरे में फंदे पर लटके मिले। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक जांच में मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा बताया जा रहा है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक की पहचान प्रीतम और युवती की पहचान इंद्रवती के रूप में हुई है। दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई है। बताया जा रहा है कि युवती का रिश्ता परिवार ने दूसरी जगह तय कर दिया था, जबकि युवक पहले से शादीशुदा था।
परिवार के घर लौटने पर मिली घटना की जानकारी
बताया गया कि रविवार को युवती के परिजन किसी रिश्तेदारी में गए हुए थे। सोमवार सुबह जब वे वापस लौटे तो घर के कमरे में युवक और युवती को फंदे पर लटका देखा। दोनों को एक ही दुपट्टे के सहारे पंखे से लटका देखकर परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
परिजनों ने तत्काल पुलिस को घटना की सूचना दी। कुछ ही देर में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। घटना की जानकारी मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौके पर जुट गए।
युवक पहले से था शादीशुदा
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार प्रीतम की शादी पिछले वर्ष मई में हुई थी। वह दोपहिया कैब चलाने का काम करता था। पुलिस के मुताबिक, रविवार को वह घर से काम पर जाने की बात कहकर निकला था। इसके बाद वह रहनकलां पहुंचा।
वहीं, युवती का विवाह दूसरी जगह तय किया जा चुका था। पुलिस फिलहाल दोनों के बीच संबंध और घटना से पहले की परिस्थितियों की जानकारी जुटा रही है।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य
घटना की सूचना के बाद फॉरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस आसपास के लोगों और दोनों के परिजनों से भी पूछताछ कर रही है।
युडीसीपी पश्चिमी जोन आदित्य ने बताया कि रहनकलां निवासी प्रीतम पहले से शादीशुदा था, जबकि युवती का रिश्ता उसके परिवार ने कहीं और तय कर दिया था। प्रारंभिक छानबीन में दोनों के बीच प्रेम संबंध की बात सामने आई है।
सभी पहलुओं से जांच कर रही पुलिस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटना के पीछे की वास्तविक वजह जानने के लिए सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फॉरेंसिक जांच के निष्कर्षों को भी जांच में शामिल किया जाएगा।
फिलहाल पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और घटना से जुड़े तथ्यों की पड़ताल जारी है।