आगरा में आज पहुंचेगी समरसता संकल्प यात्रा, संत रविदास की चरण पादुकाओं का जीआईसी मैदान में होगा भव्य स्वागत
संत रविदास महाराज की 650वीं जयंती पर निकली समरसता संकल्प यात्रा आज आगरा पहुंचेगी। जीआईसी मैदान में चरण पादुकाओं का भव्य स्वागत और महासभा होगी।
आगरा। संत शिरोमणि श्री रविदास महाराज की 650वीं जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही समरसता संकल्प यात्रा रविवार को आगरा पहुंचेगी। पंजाब से शुरू होकर हरियाणा और दिल्ली होते हुए वाराणसी जा रही इस यात्रा के ताजनगरी आगमन पर भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। संत रविदास महाराज की पवित्र चरण पादुकाओं के साथ पहुंचने वाली यात्रा के स्वागत के लिए जीआईसी मैदान में समरसता संकल्प यात्रा महासभा आयोजित होगी।
कार्यक्रम को भव्य बनाने के लिए भाजपा ब्रज क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शनिवार को कार्यक्रम स्थल जीआईसी मैदान में वैदिक मंत्रोच्चार के साथ हवन और भूमि पूजन किया गया। आयोजन को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह देखने को मिला।
जीआईसी मैदान में होगी भव्य महासभा
समरसता संकल्प यात्रा के आगरा आगमन पर जीआईसी मैदान में विशाल महासभा का आयोजन किया जाएगा। भाजपा प्रदेश महामंत्री रामप्रताप चौहान के अनुसार, पवित्र चरण पादुकाओं के साथ आ रही यात्रा का ऐतिहासिक स्वागत किया जाएगा। महासभा में भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष शिवेश कुमार राम और उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री असीम अरुण मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
आयोजन में सर्वसमाज के लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करने की तैयारी है। संत रविदास महाराज के विचारों, सामाजिक समरसता और समानता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस यात्रा का आयोजन किया जा रहा है।
भाजपा पदाधिकारियों ने किया भूमि पूजन
कार्यक्रम स्थल पर आयोजित भूमि पूजन और हवन में क्षेत्रीय प्रभारी गीता शाक्य, क्षेत्रीय संगठक अभय गिरि, यात्रा प्रभारी एवं एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, एमएलसी विजय शिवहरे, विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष मंजू भदौरिया, महानगर अध्यक्ष राजकुमार गुप्ता और जिलाध्यक्ष प्रशांत पौनिया सहित कई पदाधिकारियों ने आहुति दी।
समरसता संकल्प यात्रा के आगरा पहुंचने को लेकर शहर में उत्साह है। यात्रा के माध्यम से संत रविदास महाराज के समानता, सद्भाव और सामाजिक एकता के संदेश को आगे बढ़ाने का संकल्प लिया जाएगा।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें