परिवहन मेला: टैक्स पर 70% छूट, लेकिन चालान पर नहीं मिली राहत; मायूस होकर लौटे वाहन स्वामी
आगरा परिवहन मेले में रोड टैक्स की बकाया पेनाल्टी पर 70% छूट मिलेगी। चालान में राहत के लिए लोक अदालत जाना होगा। अगला परिवहन मेला 26 दिसंबर को होगा।
आगरा में परिवहन विभाग की ओर से आयोजित परिवहन मेले में चालान के जुर्माने में छूट की उम्मीद लेकर पहुंचे वाहन स्वामियों को निराशा हाथ लगी। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि 70 प्रतिशत तक की छूट केवल बकाया रोड टैक्स की पेनाल्टी पर दी जा रही है, जबकि ट्रैफिक चालान के जुर्माने में राहत पाने के लिए वाहन स्वामियों को लोक अदालत में जाना होगा।
शुक्रवार को आगरा आरटीओ कार्यालय में आयोजित परिवहन मेले में बड़ी संख्या में वाहन स्वामी पहुंचे। कई लोग बार-बार हुए चालान और बढ़ती जुर्माने की राशि में राहत मिलने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन उन्हें बताया गया कि परिवहन मेले में चालान माफी या चालान के जुर्माने में छूट की व्यवस्था नहीं है।
बकाया रोड टैक्स की पेनाल्टी पर 70 प्रतिशत छूट
एआरटीओ प्रशासन विनय कुमार ने बताया कि वाहन स्वामियों को बकाया वाहन कर की पेनाल्टी पर 70 प्रतिशत तक छूट दी जा रही है। हालांकि, इस छूट का लाभ केवल पेनाल्टी पर मिलेगा, मूल टैक्स वाहन स्वामी को जमा करना होगा। मेले में कई वाहन स्वामियों ने इस योजना का लाभ उठाकर अपने बकाया टैक्स से संबंधित काम पूरे किए।
चालान में राहत के लिए लोक अदालत का विकल्प
परिवहन मेले में चालान के जुर्माने में छूट की उम्मीद लेकर पहुंचे लोगों को अधिकारियों ने लोक अदालत का रास्ता बताया। वाहन स्वामियों को अपने लंबित चालान के मामलों में राहत पाने के लिए लोक अदालत में आवेदन और प्रक्रिया पूरी करनी होगी।
44 परिवहन सेवाएं ऑनलाइन, कार्यालय आने की जरूरत कम
आरटीओ संजय तिवारी के नेतृत्व में कार्यालय की दूसरी मंजिल स्थित हॉल में परिवहन मेला आयोजित किया गया। आरटीओ ने बताया कि परिवहन विभाग की 44 सेवाएं ऑनलाइन हो चुकी हैं। अब लोगों को सामान्य कार्यों के लिए कार्यालय के चक्कर लगाने की जरूरत नहीं है।
ड्राइविंग लाइसेंस से संबंधित कई प्रक्रियाएं भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं। केवल स्थायी ड्राइविंग लाइसेंस के लिए टेस्ट और बायोमीट्रिक कराने कार्यालय आना होगा।
स्क्रैप कराने पर नए वाहन की खरीद में 15% छूट
परिवहन विभाग की ओर से स्क्रैप नीति के बारे में भी लोगों को जानकारी दी गई। एआरटीओ प्रशासन विनय कुमार ने बताया कि पुराने वाहन को स्क्रैप कराने के बाद नया वाहन खरीदने पर 15 प्रतिशत तक छूट का लाभ मिल सकता है। यदि वाहन स्वामी नया वाहन नहीं खरीदना चाहते हैं, तो वे पोर्टल के माध्यम से पुराने वाहन को बेच भी सकते हैं।
मेले में फिटनेस, परमिट और पंजीकरण से संबंधित कार्य भी किए गए। साथ ही आयु पूरी कर चुके वाहनों और ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) के नियमों को लेकर वाहन स्वामियों को जागरूक किया गया।
भीड़ और तकनीकी समस्याओं से लोगों को परेशानी
परिवहन मेले में वाहन पोर्टल की तकनीकी दिक्कत के कारण कई लोगों को ऑनलाइन सेवाओं का लाभ नहीं मिल सका। वहीं, टोकन व्यवस्था नहीं होने और आयोजन स्थल पर जगह कम होने के कारण भीड़ जमा हो गई। एआरटीओ प्रवर्तन आलोक कुमार ने परिवहन मेले की उपयोगिता बताते हुए लोगों से विभागीय योजनाओं का लाभ उठाने की अपील की।
अगला परिवहन मेला 26 दिसंबर को
आगरा में अगला परिवहन मेला 26 दिसंबर को आयोजित किया जाएगा। वाहन स्वामी इस मेले में बकाया वाहन कर, पेनाल्टी में छूट, फिटनेस, परमिट और पंजीकरण संबंधी कार्यों के लिए पहुंच सकते हैं।
यह ख़बर अपने दोस्तों और परिवार के साथ शेयर करें
WhatsApp पर भेजें
अपनी राय दें