आगरा के रेस्तरां में सुलग रही थीं कोयले की भट्ठियां, टीम ने पानी डालकर बुझाई आग; वसूला जुर्माना
आगरा के फतेहाबाद रोड स्थित उड़ता पंजाब रेस्तरां में टीटीजेड में प्रतिबंध के बावजूद कोयले की भट्ठी जलती मिली। नगर निगम की टीम ने आग बुझाकर संचालक से ₹8 हजार जुर्माना वसूला। वहीं निर्माणाधीन होटल पर गंदगी फैलाने के मामले में ₹10 हजार का जुर्माना लगाया गया।
आगरा। ताज ट्रेपेजियम जोन (TTZ) में कोयला और लकड़ी जलाने पर प्रतिबंध के बावजूद फतेहाबाद रोड स्थित उड़ता पंजाब रेस्तरां में कोयले की भट्ठी चलती मिली। नगर निगम की टास्क फोर्स ने कार्रवाई करते हुए भट्ठी की आग पानी डालकर बुझाई और रेस्तरां संचालक से 8 हजार रुपये का जुर्माना वसूला।
कार्रवाई फतेहाबाद रोड पर टीडीआई मॉल के पास की गई। नगर निगम की टीम को सूचना मिली थी कि प्रतिबंध के बावजूद रेस्तरां में खाना पकाने के लिए कोयले की भट्ठी का इस्तेमाल किया जा रहा है। मौके पर पहुंची टीम ने जांच की तो भट्ठी में कोयला जलता हुआ मिला।
मौके पर बुझाई भट्ठी, वसूला जुर्माना
प्रभारी जेडएसओ योगेंद्र कुशवाहा के नेतृत्व में नगर निगम टास्क फोर्स रेस्तरां पहुंची। टीम ने संचालक से कोयले की भट्ठी के इस्तेमाल को लेकर पूछताछ की और टीटीजेड में प्रदूषण नियंत्रण से जुड़े प्रतिबंधों की जानकारी दी।
इसके बाद टीम ने भट्ठी में पानी डालकर आग बुझा दी। नियमों का उल्लंघन करने पर संचालक पर 8 हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया, जिसे मौके पर ही वसूल लिया गया। साथ ही संचालक को भविष्य में कोयला या लकड़ी जलाकर खाना न पकाने की हिदायत दी गई।
टीम पहुंची तो आसपास के तंदूर भी हुए बंद
नगर निगम की कार्रवाई की भनक लगते ही आसपास संचालित कई रेस्तरां और ढाबों में भी हलचल मच गई। टीम के पहुंचने से पहले ही कुछ संचालकों ने अपने तंदूर बुझा दिए। नगर निगम की टीम ने क्षेत्र में अन्य प्रतिष्ठानों की भी निगरानी की।
होटल पर भी 10 हजार रुपये की कार्रवाई
टास्क फोर्स ने इसके बाद फतेहाबाद रोड पर निर्माणाधीन होटल अकबर इंटरनेशनल का भी निरीक्षण किया। यहां फर्श की घिसाई के दौरान निकलने वाली गंदगी के निस्तारण को लेकर टीम ने जानकारी ली।
पूछताछ में होटल स्वामी ने बताया कि मजदूरों ने फर्श की घिसाई से निकली गंदगी कलाकृति रोड पर फेंक दी थी। इस मामले में नगर निगम की टीम ने 10 हजार रुपये का जुर्माना लगाया।
इस तरह नगर निगम की कार्रवाई में कोयले की भट्ठी जलाने पर 8 हजार और निर्माण सामग्री की गंदगी फैलाने के मामले में 10 हजार रुपये का जुर्माना वसूला गया।
प्रदूषण फैलाने वालों पर जारी रहेगी कार्रवाई
नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि टीटीजेड क्षेत्र में प्रदूषण फैलाने वाले होटल, रेस्तरां और अन्य प्रतिष्ठानों के खिलाफ कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने अधिकारियों को एनजीटी के आदेशों का सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
टीटीजेड क्षेत्र में कोयला और लकड़ी जलाने पर प्रतिबंध का उद्देश्य वायु प्रदूषण को नियंत्रित करना और ताजमहल सहित ऐतिहासिक धरोहरों को प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाना है। नगर निगम ने साफ किया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों पर आगे भी जुर्माने और अन्य कार्रवाई की जाएगी।