logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

मां तुझे प्रणाम: देशभक्ति की रोशनी से जगमगाया कैलाश घाट, शहीदों की याद में जले 1100 दीप

आगरा के कैलाश घाट पर शहीदों की याद में 1100 दीप जलाए गए। देशभक्ति से सराबोर कार्यक्रम में लोगों ने अमर शहीदों को श्रद्धांजलि दी।


  • August 09, 2026
  • 1 minute
  • 6 Views
Image

आगरा। सूरज ढलते ही कैलाश मंदिर के किनारे यमुना घाट दीपों की रोशनी से जगमगा उठा। यमुना की लहरों के बीच एक साथ जलते 1100 दीपों ने ऐसा मनोहारी दृश्य बनाया कि घाट श्रद्धा और राष्ट्रप्रेम के रंग में रंग गया। हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शहरवासियों ने मां यमुना को नमन किया और देश की रक्षा के लिए अपने प्राण न्योछावर करने वाले अमर शहीदों को दीप अर्पित कर श्रद्धांजलि दी।

मौका था अमर उजाला के अभिनव अभियान 'मां तुझे प्रणाम' के तहत आयोजित 'एक दीप देश के नाम' कार्यक्रम का। शनिवार शाम कैलाश घाट पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिला, पुरुष, युवा और बच्चे पहुंचे। सभी में शहीदों की स्मृति में दीप जलाने और उन्हें नमन करने का उत्साह दिखाई दिया।

1100 दीपों से जगमगाया कैलाश घाट

सूरज ढलने के साथ ही कैलाश घाट पर दीप प्रज्ज्वलित किए गए। देखते ही देखते यमुना तट पर 1100 दीपों की दीपमाला जगमगा उठी। लहरों के बीच टिमटिमाते दीपों और अमर शहीदों के जयकारों ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से भर दिया।

कार्यक्रम में शामिल लोगों ने शहीदों के बलिदान को याद करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। दीपदान के दौरान घाट पर श्रद्धा के साथ राष्ट्रप्रेम का भी अद्भुत संगम देखने को मिला।

दीप प्रज्ज्वलित कर हुआ कार्यक्रम का शुभारंभ

अमर उजाला और जीजी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ जीजी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के चेयरमैन मुकेश गुप्ता और महंत निर्मल गिरि ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।

कार्यक्रम में जीजी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के डायरेक्टर आयुष बंसल, शिवालिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के चेयरमैन एसएस यादव, बीडी कॉर्नेट सीनियर सेकेंडरी स्कूल के चेयरमैन डॉ. देवव्रत शर्मा और डायरेक्टर डॉ. चंद्रव्रत सारस्वत, बचपन प्ले स्कूल एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल के डायरेक्टर मोहित गर्ग, जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल के संस्थापक इंजी. आरके सिंह राघव, एसएस कॉन्वेंट स्कूल के मैनेजर मनीष गुप्ता, अंबे हॉस्पिटल से डॉ. महेश चौधरी, आगरा पायल से बृजमोहन रेपुरिया, केक एंड मोर से कमल छाबड़िया, मैजिक फ्रेम के डायरेक्टर राम अग्रवाल, प्रभात ज्वैलर्स से प्रभात वर्मा, आगरा ऑयल एंड जनरल इंडस्ट्रीज के एमडी कुमार कृष्ण गोयल और पुरुषोत्तमदास सावित्री देवी कैंसर केयर एंड रिसर्च सेंटर से डॉ. संदीप अग्रवाल समेत अन्य लोग मौजूद रहे।

मां यमुना की आरती से भक्तिमय हुआ माहौल

दीपदान के बाद मां यमुना की आरती की गई। आरती के दौरान कैलाश घाट का माहौल पूरी तरह भक्तिमय हो गया। श्रद्धालुओं ने मां यमुना से देश में सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की।

इस दौरान यमुना को स्वच्छ और निर्मल बनाए रखने का संकल्प भी लिया गया। लोगों से यमुना में कूड़ा और पॉलीथिन न डालने तथा नदी को स्वच्छ रखने में सहयोग करने की अपील की गई।

'युवा पीढ़ी को शहीदों के बलिदान से परिचित कराना जरूरी'

जीजी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के चेयरमैन मुकेश गुप्ता ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी को स्वतंत्रता के वास्तविक मायने और देश की आजादी के लिए दिए गए बलिदानों की जानकारी होना जरूरी है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन युवाओं को देश के लिए बलिदान देने वाले वीरों के त्याग और शौर्य से परिचित कराने का काम करते हैं। शहीदों को नमन करना और उनकी स्मृतियों को जीवंत रखना हम सभी का दायित्व है।

'वीरों को नमन करना हम सभी की जिम्मेदारी'

शारदा ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस के वाइस चेयरमैन वाईके गुप्ता ने कहा कि कैलाश घाट वाराणसी के घाटों की तरह सुंदर और मनोहारी नजर आ रहा है। शहीदों की याद में दीपदान और उनके सम्मान में आयोजित देशभक्ति का यह कार्यक्रम सराहनीय प्रयास है। देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले वीरों को नमन करना हम सभी का दायित्व है।

'यमुना आगरा की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान'

साइंटिफिक मेट्रोपोलिस पैथोलॉजी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर डॉ. अशोक शर्मा ने कहा कि यमुना केवल आस्था का केंद्र नहीं, बल्कि आगरा की सांस्कृतिक और पर्यावरणीय पहचान भी है। देशभक्ति के कार्यक्रम के साथ यमुना महारानी की आरती हमारी आध्यात्मिक विरासत को मजबूत करती है। साथ ही ऐसे आयोजन समाज में स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी देते हैं।

कैलाश घाट पर 1100 दीपों की रोशनी में आयोजित यह कार्यक्रम शहीदों के प्रति सम्मान, देशभक्ति, आस्था और यमुना संरक्षण का संदेश देकर संपन्न हुआ।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *