नगर परिक्रमा आज: सड़कों पर उमड़ेगा भक्तों का सैलाब, होगी पुष्पवर्षा; दो जोन में बांटा शहर, ड्रोन से रहेगी नजर
आगरा में 44 किमी लंबी नगर परिक्रमा आज शुरू होगी। 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। सुरक्षा के लिए शहर को दो सुपर जोन में बांटा गया है और ड्रोन से निगरानी होगी
आगरा। सावन के दूसरे सोमवार से पहले रविवार शाम से आगरा में नगर परिक्रमा शुरू होने जा रही है। शहर के चारों कोनों में स्थित प्रमुख शिव मंदिरों की करीब 44 किलोमीटर लंबी परिक्रमा के लिए लाखों श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। प्रशासन और नगर निगम ने श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा के लिए व्यापक इंतजाम किए हैं। इस बार नगर निगम की ओर से पहली बार परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा भी की जाएगी।
दो सुपर जोन में बांटा गया शहर, ड्रोन से निगरानी
नगर परिक्रमा को लेकर पुलिस ने पूरे शहर को दो सुपर जोन में बांटा है। प्रत्येक सुपर जोन की जिम्मेदारी एक एडीसीपी को दी गई है। प्रमुख शिव मंदिरों पर एसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती रहेगी, जबकि दो एसीपी परिक्रमा मार्ग की व्यवस्थाओं की निगरानी करेंगे।
डीसीपी सिटी सय्यद अली अब्बास के अनुसार सुरक्षा व्यवस्था शिफ्टों में संचालित होगी। पहली शिफ्ट दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक और दूसरी शिफ्ट रात 10 बजे से सुबह आठ बजे तक रहेगी। इसके अलावा एलआईयू की टीम भी सक्रिय रहेगी और शहर में सेक्टर-जोनल व्यवस्था लागू रहेगी।
परिक्रमा मार्ग और प्रमुख स्थानों पर ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी। बल्केश्वर मेले में सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकासी के लिए अलग-अलग गेट बनाए गए हैं।
10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
आगरा के बल्केश्वर महादेव मंदिर में रविवार शाम से सावन मेला शुरू होगा। वहीं शहर के चारों दिशाओं में स्थित प्रमुख शिवालयों की परिक्रमा के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचेंगे। प्रशासन को 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के नगर परिक्रमा में शामिल होने की संभावना है।
परिक्रमा मार्ग पर जगह-जगह भंडारे लगाए गए हैं। श्रद्धालुओं के लिए म्यूजिक सिस्टम के साथ मंच भी तैयार किए गए हैं। नगर निगम ने सफाई व्यवस्था के लिए करीब 1500 कर्मचारियों की तैनाती की है।
गड्ढे भरे, खराब लाइटें भी दुरुस्त
परिक्रमा शुरू होने से पहले नगर निगम ने परिक्रमा मार्ग की खराब सड़कों और गड्ढों को दुरुस्त कराया। नगर निगम के प्रभारी चीफ इंजीनियर अरविंद श्रीवास्तव ने बताया कि सड़कों के गड्ढों को सीसी से भरने का काम कराया गया है।
चीफ इंजीनियर अजय कुमार राम के अनुसार कैलाश मंदिर, बल्केश्वर, राजेश्वर, रावली, मनकामेश्वर और पृथ्वीनाथ महादेव मंदिरों के आसपास तथा परिक्रमा मार्ग की खराब स्ट्रीट लाइटों को भी ठीक कराया गया है।
वनखंडी महादेव मंदिर से जुड़े करीब दो किलोमीटर के जंगल क्षेत्र में बल्लियां लगाकर रोशनी की व्यवस्था की जाएगी, ताकि रात में परिक्रमा करने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो।
भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी
नगर परिक्रमा को देखते हुए पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। परिक्रमा के दौरान शहर में भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी रहेगी। भीड़ और श्रद्धालुओं की संख्या को देखते हुए प्रमुख मार्गों पर पुलिस और यातायात कर्मियों की तैनाती की गई है।
पुलिस ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे निर्धारित मार्ग का पालन करें और किसी भी परेशानी की स्थिति में मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों या अधिकारियों को सूचना दें।
जेबकतरों पर भी पुलिस की नजर
बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ को देखते हुए पुलिस को जेबकतरों और संदिग्ध लोगों की सक्रियता की आशंका है। इसके लिए महिला और पुरुष पुलिसकर्मियों की सादे कपड़ों में ड्यूटी लगाई गई है।
ये पुलिसकर्मी भीड़ के बीच संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखेंगे और जरूरत पड़ने पर कंट्रोल रूम को सूचना देंगे। अस्थायी कैमरों के साथ स्मार्ट सिटी के कैमरों से भी निगरानी की जाएगी। इसके लिए अलग टीम तैनात की गई है।
श्रद्धालुओं के लिए सड़क पर बालू की व्यवस्था
नगर निगम ने परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं की सुविधा का भी ध्यान रखा है। जिन स्थानों पर सीएम ग्रिड के तहत सड़क निर्माण का काम चल रहा है, वहां गिट्टियों से श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए बालू बिछाई गई है।
नगर निगम के अनुसार घाटों पर बैरिकेडिंग, पंडाल और अर्पण कलश की व्यवस्था भी की गई है। नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने कहा कि परिक्रमा मार्ग पर श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं की गई हैं।
नगर परिक्रमा के प्रमुख इंतजाम एक नजर में
- करीब 44 किमी लंबी नगर परिक्रमा
- 10 लाख से अधिक श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना
- शहर को दो सुपर जोन में बांटा गया
- प्रमुख मंदिरों पर एसीपी स्तर के अधिकारियों की तैनाती
- परिक्रमा मार्ग पर ड्रोन से निगरानी
- सुरक्षा व्यवस्था दो शिफ्टों में
- परिक्रमा मार्ग पर 1500 सफाई कर्मचारी
- पहली बार श्रद्धालुओं पर पुष्पवर्षा
- बल्केश्वर मेले में सीसीटीवी कैमरों से निगरानी
- भारी वाहनों के प्रवेश पर पाबंदी
- जेबकतरों पर नजर रखने के लिए सादे कपड़ों में पुलिसकर्मी तैनात
- खराब सड़कों और स्ट्रीट लाइटों को दुरुस्त कराया गया