गणेश चतुर्थी 2026: सफेद आक से तैयार हो रहे 3.30 फीट के गजानन, बादाम के तेल से हो रही सेवा
आगरा के श्री श्वेतार्क गणेश मंदिर में गणेश चतुर्थी पर सफेद आक से बनी 3.30 फीट की गणपति प्रतिमा का विशेष अभिषेक और शृंगार होगा। डेढ़ घंटे तक बादाम तेल से मालिश की जाएगी।
आगरा। गणेश चतुर्थी को लेकर शहर के मंदिरों में तैयारियां तेज हो गई हैं। 14 सितंबर को होने वाले गणेश चतुर्थी पर्व के लिए आवास विकास स्थित श्री श्वेतार्क गणेश मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना और शृंगार की तैयारियां चल रही हैं। मंदिर में विराजमान करीब 3.30 फीट ऊंची भगवान गणेश की प्रतिमा इस बार श्रद्धालुओं के लिए खास आकर्षण का केंद्र रहेगी।
इस प्रतिमा की सबसे खास बात यह है कि यह मिट्टी या पत्थर से नहीं, बल्कि सफेद आक के पौधे से बनी है। गणेश चतुर्थी के अवसर पर भगवान गणेश का विशेष अभिषेक, पूजन और भव्य शृंगार किया जाएगा।
सफेद आक के पौधे से मिली थी गणपति की प्रतिमा
गणेश सेवक अनु शर्मा के अनुसार, वर्ष 2006 में उनके पैतृक मकान में लगे सफेद आक के पौधे में भगवान गणेश की प्रतिमा मिली थी। इसके बाद विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर प्रतिमा को आवास विकास स्थित मंदिर में स्थापित किया गया।
यह मंदिर पुष्पांजलि गार्डनिया अपार्टमेंट के समीप स्थित है। यहां पूरे भाद्रपद मास में भगवान गणेश के लिए विशेष अनुष्ठान और धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
गंगाजल और शर्करा रस से होगा अभिषेक
गणेश चतुर्थी के दिन भगवान गणेश का विशेष अभिषेक किया जाएगा। सबसे पहले प्रतिमा को गंगाजल और शर्करा रस से स्नान कराया जाएगा। इसके बाद भगवान गणेश की विशेष सेवा और पूजा की जाएगी।
अभिषेक के बाद प्रतिमा पर शुद्ध बादाम के तेल से करीब एक से डेढ़ घंटे तक मालिश की जाएगी। इसके बाद इत्र और सिंदूर से भगवान का शृंगार कर चोला चढ़ाया जाएगा।
सोने-चांदी के वर्क और रत्न जड़ित पोशाक से होगा शृंगार
विशेष शृंगार के दौरान भगवान गणेश को सोने और चांदी के वर्क से सजाया जाएगा। इसके साथ ही रत्न जड़ित पोशाक, आकर्षक मुकुट-हार और मोतियों के हार से गणपति बप्पा का भव्य शृंगार किया जाएगा।
मंदिर परिसर में फूलबंगला भी सजाया जाएगा। पूरे मंदिर को फूलों से सजाकर गणपति उत्सव का विशेष वातावरण तैयार किया जाएगा।
मोदक का लगेगा भोग, होगा अथर्वशीर्ष का पाठ
पूजा-अर्चना के दौरान भगवान गणेश को मोदक का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद दिव्य आरती और श्री गणेश अथर्वशीर्ष का पाठ किया जाएगा।
गणेश चतुर्थी के इस विशेष आयोजन को लेकर मंदिर में तैयारियां लगातार जारी हैं। श्रद्धालुओं में भी बप्पा के विशेष अभिषेक और शृंगार को लेकर उत्साह है। सफेद आक से बनी भगवान गणेश की अनूठी प्रतिमा इस धार्मिक आयोजन का प्रमुख आकर्षण रहने वाली है।