logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

कैलाश मेला कल, आज शाम से रूट डायवर्जन: दो दिन भारी वाहनों की नो एंट्री, शहर में भी बदली ट्रैफिक व्यवस्था

सावन के तीसरे सोमवार पर कैलाश महादेव मंदिर में मेले और जलाभिषेक को देखते हुए आगरा में 16 अगस्त शाम 4 बजे से ट्रैफिक डायवर्जन लागू होगा। भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी और कई प्रमुख मार्गों पर रूट बदले जाएंगे।


  • August 16, 2026
  • 1 minute
  • 5 Views
Image

आगरा में सावन के तीसरे सोमवार को सिकंदरा स्थित कैलाश महादेव मंदिर में बड़ा मेला आयोजित होगा। मंदिर में जलाभिषेक और पूजा-अर्चना के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे देखते हुए आगरा यातायात पुलिस ने शहर और आसपास के प्रमुख मार्गों पर व्यापक ट्रैफिक डायवर्जन लागू किया है।

यातायात व्यवस्था के अनुसार 16 अगस्त की शाम 4 बजे से भारी वाहनों की एंट्री पर रोक रहेगी। यह व्यवस्था 17 अगस्त को कार्यक्रम संपन्न होने तक लागू रहेगी। इस दौरान नो-एंट्री पास और अन्य अनुमति पत्र भी प्रभावी नहीं माने जाएंगे।

दिल्ली, हाथरस और अन्य मार्गों से आने वाले भारी वाहनों पर रोक

दिल्ली से आगरा आने वाले भारी वाहनों को रिफाइनरी स्थित टाउनशिप चौराहे से मथुरा पुलिस डायवर्ट करेगी। इन वाहनों को गोकुल बैराज और यमुना एक्सप्रेसवे सहित वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

हाथरस की ओर से आगरा आने वाले भारी वाहनों को सिकंदराराऊ और सादाबाद होते हुए मथुरा की तरफ भेजा जाएगा। वहीं रोहता नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, एनएच-19, रुनकता, कुबेरपुर कट, एत्माद्दौला, खंदौली, रामबाग, तोरा चौकी, एकता चौकी और मलपुरा समेत प्रमुख प्रवेश मार्गों से भारी वाहनों का शहर में प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा।

एनएच-19 पर भी रहेगा विशेष डायवर्जन

फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले ट्रक, ट्रेलर और कैंटर कुबेरपुर कट से यमुना एक्सप्रेसवे के रास्ते जाएंगे। मथुरा से फिरोजाबाद जाने वाले भारी वाहनों को रैपुरा जाट, दक्षिणी बाईपास, रोहता नहर, दिगनेर और इनर रिंग रोड के रास्ते भेजा जाएगा।

ग्वालियर, जयपुर, जलेसर, हाथरस, फिरोजाबाद और मथुरा की ओर जाने वाले भारी वाहनों के लिए भी अलग-अलग वैकल्पिक रूट निर्धारित किए गए हैं। यातायात पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे निर्धारित डायवर्जन मार्गों का ही इस्तेमाल करें।

कैलाश मंदिर के आसपास वाहनों की नो एंट्री

सिकंदरा मंडी से एनएच-19 होते हुए सिकंदरा चौराहे की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। वाहन सर्विस रोड, मंडी अंडरपास और शास्त्रीपुरम पुल के रास्ते जाएंगे।

एनएच-19 के कैलाश मोड़ से कैलाश मंदिर तक सभी प्रकार के वाहनों का प्रवेश बंद रहेगा। इसके अलावा सिकंदरा मंडी के नीचे सर्विस रोड और कारगिल चौराहे से सिकंदरा चौराहे की ओर भी वाहनों को नहीं जाने दिया जाएगा।

मथुरा, फिरोजाबाद, अलीगढ़ और रामबाग की ओर जाने वाले हल्के वाहनों के लिए गुरुद्वारा गुरु का ताल, करकुंज, कारगिल पेट्रोल पंप, सिकंदरा आरओबी और यूपीएसआईडीसी रोड समेत वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए गए हैं।

अन्य शिव मंदिरों पर भी रहेगी नजर

सावन के तीसरे सोमवार को आगरा के अन्य प्रमुख शिव मंदिरों में भी श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ने की संभावना है। राजेश्वर मंदिर की ओर सभी प्रकार के चार पहिया और दोपहिया वाहनों का आवागमन भी प्रतिबंधित रहेगा।

वहीं 17 अगस्त को सुबह 4 बजे से जलाभिषेक और पूजा-अर्चना पूरी होने तक भोगीपुरा से पृथ्वीनाथ फाटक तक चार पहिया और बड़े वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। वायु विहार से पृथ्वीनाथ फाटक की ओर भी चार पहिया वाहनों को जाने की अनुमति नहीं होगी।

यातायात पुलिस ने सभी प्रमुख एंट्री प्वाइंट पर पुलिसकर्मियों की तैनाती की है। परिवर्तित मार्गों पर पुलिसकर्मी वाहनों को निकालेंगे और ट्रैफिक व्यवस्था पर लगातार निगरानी रखेंगे।

किसी भी प्रकार की यातायात संबंधी परेशानी होने पर वाहन चालक ट्रैफिक कंट्रोल रूम हेल्पलाइन नंबर 9454457886 पर संपर्क कर सकते हैं।

सावन के तीसरे सोमवार को आगरा आने-जाने वाले लोग घर से निकलने से पहले रूट डायवर्जन की जानकारी जरूर ले लें, ताकि जाम और अनावश्यक परेशानी से बचा जा सके।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *