logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

50 से अधिक ट्रैफिक चालान पड़े भारी, आगरा में ब्लैकलिस्ट होंगे वाहन; आरटीओ ने जारी की चेतावनी

आगरा में यातायात नियमों के उल्लंघन पर प्रशासन सख्त हो गया है। 50 से अधिक चालान वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा, जबकि 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नीति भी सख्ती से लागू होगी। डीएम मनीष बंसल ने सड़क सुरक्षा, अतिक्रमण हटाने और स्कूल वाहनों की जांच के निर्देश दिए।


  • August 04, 2026
  • 1 minute
  • 4 Views
Image

आगरा। सड़क हादसों पर अंकुश लगाने और यातायात व्यवस्था को अधिक सुरक्षित एवं व्यवस्थित बनाने के लिए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। अब 50 से अधिक यातायात चालान वाले वाहनों को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा, जबकि 'नो हेलमेट-नो पेट्रोल' नीति को भी पूरे जिले में सख्ती से लागू किया जाएगा। यह निर्णय सोमवार को कलक्ट्रेट सभागार में आयोजित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में लिया गया, जिसकी अध्यक्षता जिलाधिकारी मनीष बंसल ने की।

बैठक में डीएम ने स्पष्ट कहा कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ अब कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जिन वाहनों पर 50 या उससे अधिक चालान लंबित हैं, उन्हें ब्लैकलिस्ट कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इसके साथ ही दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य होगा और बिना हेलमेट पेट्रोल देने पर संबंधित पेट्रोल पंप संचालकों के खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

15 दिन में सुधारें खराब सड़कें

जिलाधिकारी ने शहर और ग्रामीण क्षेत्रों की जर्जर सड़कों पर नाराजगी जताते हुए संबंधित विभागों को 15 दिनों के भीतर मरम्मत कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने चेतावनी दी कि तय समय सीमा में कार्य पूरा न होने पर जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

ओवरलोड वाहनों पर भी सख्ती

बैठक में रायभा और फतेहाबाद टोल प्लाजा प्रबंधन को भी चेतावनी दी गई। डीएम ने कहा कि यदि ओवरलोड वाहनों की सूचना समय पर संबंधित विभागों को नहीं दी गई तो टोल प्रबंधन की जवाबदेही तय की जाएगी।

अतिक्रमण हटाने और जाम खत्म करने की तैयारी

शहर को जाम मुक्त बनाने के लिए थाना और चौकी प्रभारियों की जिम्मेदारी तय की गई है। पुलिस और नगर निगम को नियमित रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाने के निर्देश दिए गए हैं, ताकि प्रमुख सड़कों और चौराहों पर यातायात सुचारु बना रहे।

स्कूल वाहनों की होगी जांच

बैठक में बिना परमिट, फिटनेस और आवश्यक दस्तावेजों के संचालित स्कूल वाहनों पर भी सख्ती बरतने का फैसला लिया गया। सभी विद्यालयों को नोटिस जारी करने और प्रत्येक स्कूल में एक नोडल अधिकारी नियुक्त करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही जिले के चिन्हित ब्लैक स्पॉट का दोबारा ऑडिट कर आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने को कहा गया।

बैठक में अपर नगर आयुक्त यमुनाधर चौहान, एआरटीओ आलोक अग्रवाल, अपर पुलिस उपायुक्त अलका, एनएचएआई, लोक निर्माण विभाग तथा नगर निगम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

प्रशासन का मानना है कि इन सख्त कदमों से सड़क दुर्घटनाओं में कमी आएगी, यातायात नियमों का बेहतर पालन होगा और शहर की ट्रैफिक व्यवस्था अधिक सुरक्षित व सुचारु बन सकेगी।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *