logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office: - Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice, J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

यातायात माह: ट्रैफिक सुधारने निकली पुलिस की रैली, खुद ही लगा दिया शहर में जाम; सड़कों पर फंसे सैकड़ों वाहन

आगरा में यातायात माह के उद्घाटन पर पुलिस की वाहन रैली के कारण पंचकुइयां से एमजी रोड तक करीब एक घंटे जाम लगा। स्कूलों की छुट्टी के बाद सेंट जोंस, लोहामंडी, शाहगंज और हरीपर्वत समेत कई इलाकों में वाहन फंसे रहे।


  • November 03, 2026
  • 1 minute
  • 12 Views
Image

आगरा। शहर में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से सोमवार को यातायात माह का उद्घाटन किया गया। इस दौरान पुलिस लाइन से निकाली गई वाहन रैली आम लोगों के लिए परेशानी का कारण बन गई। रैली के चलते पंचकुइयां से एमजी रोड तक करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़कों पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और सैकड़ों राहगीरों को जाम में फंसकर परेशान होना पड़ा।

सोमवार सुबह पुलिस लाइन स्थित यातायात पुलिस क्लब से यातायात माह का शुभारंभ किया गया। इसके बाद करीब 11:30 बजे पुलिसकर्मियों ने वाहन रैली निकाली। रैली पुलिस लाइन से पंचकुइयां पहुंची और सुभाष पार्क तिराहे से होते हुए एमजी रोड पर निकली। इसके बाद नालबंद होते हुए वापस पंचकुइयां पहुंची और फिर पुलिस लाइन की ओर रवाना हो गई।

रैली के गुजरने के दौरान पुलिसकर्मियों ने कई स्थानों पर वाहनों की आवाजाही रोक दी। एमजी रोड, जीआईसी, शाहगंज बाजार और तहसील तिराहे पर यातायात रोकने से जाम की स्थिति बन गई। जीआईसी मैदान के आसपास फंसे वाहन चालकों ने राजकीय इंटर कॉलेज और रुई की मंडी वाले रास्ते से निकलने की कोशिश की, लेकिन वैकल्पिक मार्गों पर भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। कोठी मीना बाजार मार्ग पर भी करीब एक घंटे तक वाहन रेंगते रहे।

स्कूलों की छुट्टी के बाद बिगड़े हालात

दोपहर में स्कूलों की छुट्टी होने के बाद शहर की यातायात व्यवस्था और बिगड़ गई। सेंट जोंस चौराहा, लोहामंडी, घटिया आजम खां और हरीपर्वत चौराहे पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सेंट जोंस से लोहामंडी और घटिया की ओर जाने वाले रास्तों पर दोपहर 12 बजे से ही जाम की स्थिति बनी हुई थी।

दोपहर एक बजे स्कूलों की छुट्टी के बाद हालात और गंभीर हो गए। यातायात पुलिस के साथ थाना हरीपर्वत और लोहामंडी की पुलिस फोर्स को भी सड़क पर उतरना पड़ा। पुलिसकर्मियों ने एक-एक करके वाहनों को निकलवाया। इसके बाद दोपहर करीब दो बजे लोगों को जाम से राहत मिल सकी। शाहगंज, बोदला और भगवान टॉकीज सहित कई अन्य इलाकों में भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।

प्रमुख बाजारों में बैरियर लगाने के बावजूद जाम

शहर के प्रमुख बाजारों में भी यातायात व्यवस्था चुनौती बनी हुई है। शाहगंज, लोहामंडी, सिंधी बाजार, किनारी बाजार, रावतपाड़ा और सुभाष बाजार में लगने वाले जाम से दुकानदारों और ग्राहकों को परेशानी हो रही है। इस समस्या को देखते हुए पुलिस ने बाजारों में चार पहिया और तीन पहिया वाहनों की आवाजाही नियंत्रित करने के लिए बैरियर लगाए हैं। इसके बावजूद कई मार्गों पर वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं।

डीसीपी ट्रैफिक ने क्या कहा?

डीसीपी ट्रैफिक ज्ञानेंद्र ने बताया कि यातायात माह के उद्घाटन के अवसर पर वाहन रैली निकाली गई थी। पंचकुइयां पर कुछ देर के लिए यातायात बाधित हुआ था। पुलिसकर्मियों ने मौके पर पहुंचकर यातायात व्यवस्था को संभाला।

यातायात माह की शुरुआत का उद्देश्य लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक करना है, लेकिन उद्घाटन के दौरान ही शहर के प्रमुख मार्गों पर लगे जाम ने यातायात प्रबंधन की तैयारियों पर सवाल खड़े कर दिए।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *