आगरा में व्यापारी से तमंचे के बल पर रुपयों से भरा थैला लूटा, दुकान से घर लौटते समय बदमाशों ने दिया वारदात को अंजाम
आगरा के कमला नगर में देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने व्यापारी नंदन गुप्ता को तमंचा दिखाकर रुपयों से भरा थैला लूट लिया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए बदमाशों की तलाश कर रही है।
आगरा। कमला नगर में मंगलवार देर रात बाइक सवार दो बदमाशों ने एक व्यापारी को तमंचा दिखाकर रुपयों से भरा थैला लूट लिया। वारदात के बाद दोनों बदमाश तमंचा लहराते हुए मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश की, लेकिन उनका कोई सुराग नहीं लगा। पुलिस अब सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर आरोपियों की पहचान करने में जुटी है।
एक्टिवा रोककर व्यापारी को बनाया निशाना
घटना रात करीब 12:45 बजे कमला नगर के जी ब्लॉक की बताई जा रही है। यहां रहने वाले नंदन गुप्ता मनकामेश्वर मंदिर के पास पूजा सामग्री की दुकान चलाते हैं।
बताया गया कि मंगलवार रात दुकान का काम पूरा करने के बाद वह एक परिचित के पास गए थे। इसके बाद देर रात एक्टिवा से अपने घर लौट रहे थे। जैसे ही वह जी ब्लॉक क्षेत्र में पहुंचे, बाइक सवार दो बदमाशों ने उनकी एक्टिवा को रोक लिया।
व्यापारी के कुछ समझने से पहले ही बदमाशों ने तमंचा दिखाकर उन्हें धमकाया और रुपयों से भरा थैला छीन लिया। इसके बाद दोनों बदमाश बाइक से फरार हो गए। जाते समय उन्होंने तमंचा भी लहराया, जिससे इलाके में दहशत फैल गई।
यूपी 112 पर दी सूचना
वारदात के तुरंत बाद व्यापारी ने यूपी 112 पर पुलिस को सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के इलाके में बदमाशों की तलाश शुरू की। पुलिस ने संभावित रास्तों पर भी जांच की, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।
सीसीटीवी फुटेज से बदमाशों की तलाश
पुलिस अब घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए बदमाशों की पहचान और उनके भागने के रास्ते का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
देर रात हुई इस लूट की वारदात से कमला नगर क्षेत्र के व्यापारियों में भी चिंता का माहौल है। पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर बदमाशों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।