हरियाली तीज 14 या 15 अगस्त? जानें सही तारीख और पूजा का शुभ मुहूर्त
Hariyali Teej 2026: हरियाली तीज की तारीख को लेकर 14 और 15 अगस्त का संशय है। जानें 2026 में हरियाली तीज की सही तारीख, पूजा का शुभ मुहूर्त, व्रत और पूजा विधि।
आगरा। सावन मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि पर मनाया जाने वाला हरियाली तीज पर्व इस बार शनिवार, 15 अगस्त 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ मनाया जाएगा। पर्व को लेकर सुहागिन महिलाओं में खासा उत्साह है। महिलाएं पति की दीर्घायु और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना के लिए निर्जला व्रत रखेंगी और भगवान शिव-माता पार्वती की विधि-विधान से पूजा करेंगी।
हरियाली तीज को लेकर आगरा के बाजारों में भी रौनक बढ़ गई है। मेहंदी, हरी चूड़ियों, राजस्थानी लहरिया साड़ियों, घेवर, फेनी और शृंगार सामग्री की दुकानों पर महिलाओं की भीड़ देखने को मिल रही है। बाजारों में तीज को लेकर विशेष तैयारियां की गई हैं।
हरे रंग और लहरिया साड़ियों की बढ़ी मांग
विजय नगर निवासी अर्चना जैन ने बताया कि इस बार राजस्थानी लहरिया साड़ी और हरी चूड़ियां महिलाओं को खास तौर पर आकर्षित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि वह सुबह भगवान शिव और माता पार्वती की कथा सुनने के बाद ही जल ग्रहण करेंगी।
हरियाली तीज पर हरे रंग को विशेष महत्व दिया जाता है। महिलाएं हरे परिधान, चूड़ियां और मेहंदी के साथ तीज के पर्व को मनाती हैं। कई जगह महिलाएं पारंपरिक झूला झूलने और तीज के गीत गाने की परंपरा भी निभाती हैं।
तीज सिर्फ व्रत नहीं, बचपन की यादों से भी जुड़ा त्योहार
शास्त्रीपुरम निवासी श्वेता ने बताया कि बचपन में सभी सखियां एक साथ झूला झूलती थीं और कजरी-तीज के गीत गाती थीं। उनके अनुसार, तीज का त्योहार केवल व्रत और पूजा तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आपसी प्रेम, मेल-जोल और पारंपरिक संस्कृति को सहेजने का अवसर भी देता है।
वहीं, बोदला निवासी निशा उत्प्रेरी के लिए इस बार की तीज खास है। शादी के बाद यह उनकी पहली हरियाली तीज है। उन्होंने बताया कि वह मायके से आए विशेष शृंगार के सामान और हरे जोड़े में भगवान शिव-पार्वती की पूजा करेंगी और बुजुर्गों का आशीर्वाद लेकर पारंपरिक तरीके से पर्व मनाएंगी।
15 अगस्त को शाम तक रहेगी तृतीया तिथि
ज्योतिषाचार्य डॉ. अरविंद मिश्रा के अनुसार, श्रावण शुक्ल तृतीया तिथि 15 अगस्त को शाम 5:28 बजे तक रहेगी। इस दिन पूरे दिन रवियोग रहने की बात बताई गई है।
हरियाली तीज 2026 शुभ मुहूर्त
- पर्व: हरियाली तीज
- तारीख: शनिवार, 15 अगस्त 2026
- तिथि: श्रावण शुक्ल तृतीया
- तृतीया तिथि समाप्त: शाम 5:28 बजे
- रवियोग: पूरे दिन
पूजा के शुभ समय:
- सुबह: 6:00 बजे से 9:09 बजे तक
- दोपहर: 12:48 बजे से 3:06 बजे तक