गजब हाल: पूछताछ पर सन्नाटा, रिटायरिंग रूम में ताला और ट्रैक पार करते यात्री; ये है आगरा का राजा मंडी स्टेशन
आगरा के राजा मंडी रेलवे स्टेशन पर पूछताछ खिड़की खाली, पेयजल स्थल के पास गंदगी और रिटायरिंग रूम बंद मिले। यात्रियों के खुलेआम रेलवे ट्रैक पार करने से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठे।
आगरा। शहर के व्यस्त राजा मंडी रेलवे स्टेशन पर बुधवार को यात्री सुविधाओं और सुरक्षा व्यवस्था में लापरवाही सामने आई। निरीक्षण के दौरान पूछताछ खिड़की खाली मिली, पेयजल स्थल के आसपास गंदगी फैली हुई थी और प्लेटफॉर्म पर बने रिटायरिंग रूम पर ताला लटका मिला। वहीं, यात्री बिना किसी रोक-टोक के रेलवे ट्रैक पार करते नजर आए। मौके पर रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) के जवानों की अनुपस्थिति ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
पूछताछ खिड़की खाली, ट्रेनों की जानकारी के लिए भटके यात्री
राजा मंडी स्टेशन पर ट्रेनों के आगमन और प्रस्थान की जानकारी देने वाली पूछताछ खिड़की पर कोई कर्मचारी मौजूद नहीं था। इसके चलते यात्रियों को ट्रेनों की स्थिति जानने में परेशानी का सामना करना पड़ा। मुरैना जाने के लिए स्टेशन पहुंचे यात्री देवेंद्र ने बताया कि उनकी ट्रेन काफी देर से चल रही है, लेकिन यह जानकारी नहीं मिल पा रही कि ट्रेन कितने बजे आएगी और किस प्लेटफॉर्म पर पहुंचेगी।
यात्रियों की इस परेशानी की जानकारी आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी को दी गई। उन्होंने मामले में रिपोर्ट मांगने की बात कही। इसके कुछ ही देर बाद प्लेटफॉर्म पर मौजूद एक महिला कर्मचारी को पूछताछ खिड़की पर बैठाया गया, जिसके बाद यात्रियों को ट्रेनों की जानकारी मिलनी शुरू हुई।
पेयजल स्थल के पास गंदगी, रिटायरिंग रूम पर लटका मिला ताला
स्टेशन पर स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति भी संतोषजनक नहीं मिली। पेयजल स्थल के आसपास तंबाकू और गुटखे के पाउच पड़े हुए थे। इससे यात्रियों को साफ-सुथरा वातावरण उपलब्ध कराने के दावों पर सवाल उठे।
वहीं, प्लेटफॉर्म पर बने 21 और 22 नंबर के रिटायरिंग रूम बंद मिले। इनके बाहर लगे बोर्ड पर 12 घंटे के लिए 250 रुपये और 24 घंटे के लिए 450 रुपये किराया लिखा हुआ था। हालांकि, कमरों पर ताला लगा होने के कारण यात्रियों को इन सुविधाओं का लाभ नहीं मिल पा रहा था।
खुलेआम रेलवे ट्रैक पार करते दिखे यात्री, सुरक्षा पर सवाल
स्टेशन पर यात्री सुरक्षा के इंतजामों में भी लापरवाही देखने को मिली। कई यात्री बिना किसी रोक-टोक के रेलवे ट्रैक पार करते नजर आए। इस दौरान उन्हें रोकने या सुरक्षित रास्ते का इस्तेमाल करने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से मौके पर आरपीएफ कर्मी दिखाई नहीं दिए।
रेलवे ट्रैक पार करना यात्रियों के लिए गंभीर हादसे का कारण बन सकता है। ऐसे में स्टेशन पर सुरक्षा कर्मियों की मौजूदगी और नियमों का पालन सुनिश्चित करना जरूरी है। इसके बावजूद मौके पर प्रभावी निगरानी के इंतजाम नजर नहीं आए।
रेलवे अधिकारियों ने मांगी रिपोर्ट
मामले पर आगरा मंडल के जनसंपर्क अधिकारी संजय कुमार गौतम ने बताया कि पूरे प्रकरण की जानकारी ली जा रही है। स्टेशन पर फैली गंदगी को तत्काल साफ कराने के निर्देश दिए जाएंगे और संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट मांगी जाएगी।
अब देखना होगा कि रेलवे प्रशासन इन अव्यवस्थाओं को दूर करने के लिए क्या कदम उठाता है। यात्रियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ-साथ पूछताछ खिड़की पर कर्मचारियों की उपलब्धता, रिटायरिंग रूम का संचालन, साफ-सफाई और रेलवे ट्रैक पर सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करना जरूरी है।