भाजपा की नई मीडिया टीम का ऐलान, डॉ. रजनीश बने प्रदेश प्रवक्ता; दीपक बघेल को मीडिया सह-संयोजक की जिम्मेदारी
भाजपा की नई प्रदेश एवं क्षेत्रीय मीडिया टीम में आगरा और ब्रज क्षेत्र के नेताओं को अहम जिम्मेदारियां मिलीं। दीपक बघेल प्रदेश मीडिया सह-संयोजक और डॉ. रजनीश त्यागी प्रदेश प्रवक्ता बने।
आगरा। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने शनिवार को पार्टी की नई प्रदेश एवं क्षेत्रीय मीडिया टीम की आधिकारिक घोषणा की। नई टीम में आगरा और ब्रज क्षेत्र के कई कार्यकर्ताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
आगरा निवासी और अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की पृष्ठभूमि से जुड़े दीपक बघेल को प्रदेश मीडिया सह-संयोजक बनाया गया है। इससे पहले वह प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी संभाल चुके हैं। दीपक बघेल वर्ष 2015 में आगरा विश्वविद्यालय के छात्रसंघ चुनाव में संयुक्त सचिव भी चुने गए थे।
वहीं, ब्रज क्षेत्र के पूर्व मंत्री रहे डॉ. रजनीश त्यागी को पदोन्नति देते हुए प्रदेश प्रवक्ता की जिम्मेदारी सौंपी गई है। पार्टी की प्रदेश स्तरीय मीडिया टीम में आगरा से जुड़े अन्य नेताओं को भी स्थान मिला है।
राज कुमार राजू और आगरा जिला भाजपा के पूर्व प्रभारी रहे अमित वाल्मीकी को प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट बनाया गया है। राज कुमार राजू भाजपा के पुराने कार्यकर्ताओं में शामिल हैं, जबकि अमित वाल्मीकी प्रदेश मंत्री की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं।
ब्रज क्षेत्र की मीडिया टीम में भी स्थानीय नेताओं को जिम्मेदारी
भाजपा की ब्रज क्षेत्रीय मीडिया टीम में भी स्थानीय नेताओं को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां दी गई हैं। अंकित माहेश्वरी को ब्रज क्षेत्र का क्षेत्रीय मीडिया संयोजक नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा खेरागढ़ निवासी श्याम सुंदर पराशर को शशि भूषण गुप्ता, अमित गुप्ता और नीशित शर्मा के साथ क्षेत्रीय सह मीडिया संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
भाजपा की नई मीडिया टीम में आगरा और ब्रज क्षेत्र के कार्यकर्ताओं को मिली जिम्मेदारियों के बाद पार्टी के मीडिया और संगठनात्मक संचार से जुड़े कार्यों को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। नई टीम पार्टी की गतिविधियों, कार्यक्रमों और संगठन से जुड़े विषयों को मीडिया तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।