आगरा बनेगा यूपी का प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन, विशेषज्ञों ने किया मंथन; एक्सपो में 5 हजार से अधिक लोग शामिल
आगरा को प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन बनाने पर विशेषज्ञों ने किया मंथन।
आगरा। पर्यटन और आतिथ्य के क्षेत्र में आगरा की पहचान को और मजबूत करने के लिए शहर को देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने की दिशा में प्रयास तेज हो गए हैं। ताज कन्वेंशन सेंटर में आयोजित दो दिवसीय इंडियन वेडिंग इंडस्ट्रीज कॉन्क्लेव एंड एक्सपो-2026 के समापन अवसर पर विशेषज्ञों ने वेडिंग इंडस्ट्री के भविष्य, पर्यटन नीति और बदलते खानपान के ट्रेंड पर चर्चा की।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश लघु उद्योग निगम के अध्यक्ष राकेश गर्ग ने कहा कि किसी भी क्षेत्र में बदलाव के लिए नेता, नीति और नीयत तीनों जरूरी हैं। उन्होंने कहा कि सरकार वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े उद्यमियों के साथ खड़ी है। आगरा के आतिथ्य और खानपान उद्योग की देशभर में पहचान है और नई पर्यटन नीति के माध्यम से इस क्षेत्र से जुड़े उद्यमियों को आगे बढ़ाने का प्रयास किया जा रहा है।
उत्तर प्रदेश वेडिंग इंडस्ट्री एसोसिएशन की ओर से आयोजित कॉन्क्लेव में वक्ताओं ने कहा कि आगरा की बेहतर कनेक्टिविटी और पर्यटन सुविधाओं से वेडिंग तथा हॉस्पिटैलिटी सेक्टर को बढ़ावा मिल रहा है। क्षेत्रीय पर्यटन अधिकारी शक्ति सिंह ने बताया कि पर्यटन नीति-2022 के तहत उद्यमियों को कई तरह की सुविधाएं दी जा रही हैं। इनमें भूमि खरीद पर सात प्रतिशत स्टांप शुल्क में छूट और छोटे निवेशकों को बैंक ऋण पर 25 प्रतिशत तक सब्सिडी जैसी सुविधाएं शामिल हैं। उनके अनुसार, बेहतर कनेक्टिविटी के चलते प्रदेश के इस सेक्टर में 24 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गई है।
वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित होगा आगरा
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष मनीष अग्रवाल रावी ने कहा कि आगरा पर्यटन और मोहब्बत के शहर के रूप में दुनियाभर में जाना जाता है। अब शहर को देश के प्रमुख वेडिंग डेस्टिनेशन के रूप में विकसित करने के लिए संगठित स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं।
कॉन्क्लेव के दौरान यूपी टूरिज्म, एंटरटेनमेंट की क्रांति और आतिथ्य का भविष्य जैसे विषयों पर विभिन्न सत्र आयोजित किए गए। इनमें रजनी नायर, अमूल्य कक्कड़ सहित कई विशेषज्ञों ने वेडिंग इंडस्ट्री में आ रहे बदलावों और भविष्य की संभावनाओं पर विचार साझा किए। समापन पर ताज कन्वेंशन के महाप्रबंधक राजेश चक्रवर्ती ने सभी अतिथियों और प्रतिभागियों का आभार जताया।
स्मारिका का विमोचन
कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने एसोसिएशन की स्मारिका वेडिंग मैग का विमोचन किया। मंच पर नवनियुक्त संयुक्त सचिव सनी गुप्ता और शिरीष सिन्हा को सम्मानित किया गया। वहीं, वर्ष 2027 के एक्सपो के लिए मनीष सिंघल को राष्ट्रीय संयोजक और अमित गोयल को स्वीट्स एंड वेडिंग हैंपर का चेयरमैन घोषित किया गया।
मिनिएचर फूड और थीम आधारित इंस्टॉलेशन का बढ़ा चलन
बियोंड द बैंक्वेट सत्र में विशेषज्ञों ने बदलते खानपान के ट्रेंड पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि अब शादियां केवल पारंपरिक बैंक्वेट हॉल तक सीमित नहीं रह गई हैं। कैटरिंग में मिनिएचर फूड, थीम आधारित इंस्टॉलेशन और अनुभव आधारित फूड प्रेजेंटेशन का चलन तेजी से बढ़ रहा है। छोटे आकार में तैयार आकर्षक व्यंजनों के साथ भोजन को एक खास अनुभव के रूप में प्रस्तुत किया जा रहा है।
50 से अधिक स्टॉल, पांच हजार से ज्यादा लोग पहुंचे
दो दिवसीय एक्सपो में पांच हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया। एक्सपो में 50 से अधिक स्टॉल लगाए गए, जहां वेडिंग प्लानर, फैशन, फोटोग्राफी, इत्र, डेकोर, क्रूज, डीजे और कैटरिंग समेत वेडिंग इंडस्ट्री से जुड़े उत्पादों और सेवाओं को प्रदर्शित किया गया।
विजिटर्स ने विभिन्न स्टॉलों का भ्रमण करने के साथ सेवा प्रदाताओं से संवाद किया और वेडिंग इंडस्ट्री में नए उत्पादों, सेवाओं और बदलते ट्रेंड की जानकारी हासिल की।