logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

एमएलसी चुनाव: नामांकन प्रक्रिय हुई शुरू, पहले दिन 15 दावेदारों ने खरीदे पर्चे; 6 अक्तूबर तक होगा नामांकन

आगरा एमएलसी चुनाव में पहले दिन 15 दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे, लेकिन किसी ने पर्चा दाखिल नहीं किया।


  • September 30, 2026
  • 1 minute
  • 13 Views
Image

आगरा। उत्तर प्रदेश विधान परिषद के आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव के लिए मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो गई। नामांकन के पहले दिन शिक्षक खंड के सात और स्नातक खंड के आठ दावेदारों ने नामांकन पत्र खरीदे। हालांकि, पहले दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना नामांकन पत्र दाखिल नहीं किया।

कमिश्नरी स्थित आयुक्त न्यायालय में रिटर्निंग ऑफिसर एवं आगरा मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप, जिलाधिकारी मनीष बंसल और अपर आयुक्त राजेश कुमार की मौजूदगी में नामांकन प्रक्रिया शुरू हुई।

शिक्षक खंड में सात और स्नातक में आठ पर्चे बिके

पहले दिन आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए सात नामांकन पत्र खरीदे गए। इनमें भोज कुमार शर्मा, अंबेडकरी हसनू राम, दिलीप कुमार, राहुल पाराशर, चंद्र प्रकाश, मो. वसीम और शैलेंद्र मोहन मिश्रा शामिल हैं।

वहीं, स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए आठ नामांकन पत्र खरीदे गए। इनमें अम्बरीश पाल सिंह, अंबेडकरी हसनू राम, डॉ. रूमा कुमारी और मानवेंद्र प्रताप सिंह सहित अन्य दावेदार शामिल हैं।

73 मतदान केंद्र प्रस्तावित

प्रशासन ने चुनाव को लेकर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 27 और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 46 मतदान केंद्र प्रस्तावित किए गए हैं।

अधिकारियों की बैठक में बताया गया कि बिचपुरी और कटरा वजीर खां मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की संख्या अधिक होने के कारण एक-एक सहायक मतदेय स्थल बनाने का प्रस्ताव है।

इसके अलावा नगर निगम जूनियर हाईस्कूल वजीरपुरा का भवन जर्जर होने के कारण स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए पास स्थित सेंट जोसेफ गर्ल्स इंटर कॉलेज, वजीरपुरा रोड में नया मतदान केंद्र बनाने का प्रस्ताव रखा गया है।

6 अक्तूबर तक दाखिल होंगे नामांकन

मंडलायुक्त नगेंद्र प्रताप के अनुसार नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि 6 अक्तूबर है। प्रत्याशी सुबह 11 बजे से दोपहर 3 बजे तक नामांकन पत्र जमा कर सकेंगे। सुरक्षा व्यवस्था और आदर्श आचार संहिता के पालन को देखते हुए नामांकन कक्ष में केवल प्रत्याशी और उनके प्रस्तावकों को प्रवेश दिया जाएगा।

7 अक्तूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्तूबर तक प्रत्याशी अपना नाम वापस ले सकेंगे। इसके बाद 23 अक्तूबर को सुबह 8 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान कराया जाएगा। मतगणना के बाद 27 अक्तूबर को परिणाम घोषित किए जाएंगे।

12 जिलों में लागू है आचार संहिता

आगरा खंड शिक्षक एवं स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में आगरा, मथुरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, अलीगढ़, कासगंज, एटा, हाथरस, इटावा, औरैया, कन्नौज और फर्रुखाबाद समेत 12 जिले शामिल हैं। इन सभी जिलों में आदर्श आचार संहिता लागू है।

सभी जिलों के जिलाधिकारियों को सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) बनाया गया है। प्रशासन के अनुसार इन 12 जिलों में शिक्षक खंड के करीब 51 हजार और स्नातक खंड के लगभग 1.80 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे।

हसनू राम ने फिर खरीदे दोनों खंडों के नामांकन पत्र

नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन हसनू राम भी चर्चा में रहे। राम नगर, नगला दुल्हे खां और खेरागढ़ तहसील क्षेत्र के निवासी हसनू राम ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 101वां और स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए 102वां नामांकन करने के लिए पर्चा खरीदा।

बताया गया है कि हसनू राम पार्षद से लेकर राष्ट्रपति निर्वाचन तक विभिन्न चुनावों में नामांकन करते रहे हैं। इस बार भी उन्होंने शिक्षक और स्नातक दोनों निर्वाचन क्षेत्रों के लिए नामांकन पत्र खरीदा है।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *