आंखें निकालने की धमकी तक पहुंची बहस: आगरा में विधायक और लोगों के बीच तीखी नोकझोंक, सड़क की मांग पर मचा हंगामा
आगरा के फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का वीडियो वायरल हो रहा है। वीडियो में विधायक ग्रामीणों और एक युवती से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। बताया जा रहा है कि ग्रामीणों ने खराब सड़क की समस्या उठाई थी।
आगरा। फतेहाबाद से भाजपा विधायक छोटेलाल वर्मा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। करीब तीन मिनट चार सेकेंड के इस वीडियो में विधायक एक परिवार के यहां सांत्वना देने पहुंचे हैं और वहां मौजूद ग्रामीणों व एक युवती से तीखी बहस करते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद यह मामला क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है।
सांत्वना देने पहुंचे थे विधायक
बताया जा रहा है कि विधायक छोटेलाल वर्मा बुधवार को फतेहाबाद क्षेत्र के गांव रामदास की ठार चाचीपुरा खंडेर में एक परिवार के यहां शोक संवेदना व्यक्त करने पहुंचे थे। इसी दौरान ग्रामीणों ने गांव के रास्ते की खराब स्थिति की समस्या विधायक के सामने रखी।
ग्रामीणों का कहना है कि रास्ता खराब होने के कारण लोगों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ता है। हालांकि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में सड़क या रास्ते की समस्या को लेकर हुई बातचीत का शुरुआती हिस्सा दिखाई नहीं देता।
वायरल वीडियो में दिखे विधायक के तीखे तेवर
वीडियो की शुरुआत विधायक के कथित तौर पर “आंखें निकाल रहा है” कहते हुए होती है। वह सामने बैठे किसी व्यक्ति को फटकार लगाते दिखाई देते हैं। विधायक के तेवर तीखे होने पर वहां मौजूद कुछ लोग उन्हें शांत कराने का प्रयास करते हैं। कुछ लोग हाथ के पंखे से उन्हें हवा करते हुए भी दिखाई देते हैं।
इसके बाद वहां मौजूद एक युवती कुछ कहती है, जिस पर विधायक उससे भी नाराज होते नजर आते हैं। वीडियो में विधायक युवती को फटकार लगाते हुए दिखाई देते हैं। बाद में वह कुर्सी से उठकर बाहर की ओर चले जाते हैं और बहस के दौरान काफी गुस्से में नजर आते हैं।
“घर से बाहर निकलकर आ जा...” कहते दिखे विधायक
वायरल वीडियो में विधायक को युवती की ओर इशारा करते हुए “घर से बाहर निकल के आ जा, तोहे बता दूं...” जैसे शब्द कहते हुए भी सुना जा सकता है। इसके बाद वह युवती को जवाब देने और बहस करने के अंदाज में नजर आते हैं।
हालांकि वीडियो का एक हिस्सा ही सोशल मीडिया पर प्रसारित हुआ है। इसलिए विधायक और ग्रामीणों के बीच विवाद की शुरुआत किस बात से हुई, इसका पूरा घटनाक्रम स्पष्ट नहीं है।
वीडियो को लेकर क्षेत्र में चर्चा
वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय स्तर पर विधायक के व्यवहार को लेकर चर्चा शुरू हो गई है। खास तौर पर यह सवाल उठ रहा है कि ग्रामीणों द्वारा सड़क की समस्या उठाए जाने के बाद आखिर विवाद किस बात पर बढ़ा।
वहीं, वायरल वीडियो में युवती से विधायक की नाराजगी का वास्तविक कारण भी स्पष्ट नहीं हो सका है। वीडियो के आधार पर किसी निष्कर्ष पर पहुंचने से पहले पूरे घटनाक्रम और संबंधित पक्षों का बयान सामने आना जरूरी है।
बताया जा रहा है कि इससे पहले भी एक कार्यक्रम में विधायक के नाराज होने का वीडियो सामने आया था। विधायक छोटेलाल वर्मा का पक्ष जानने के लिए संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनसे बात नहीं हो सकी।