मां तुझे प्रणाम: तिरंगे के रंग में रंगा शहर, देशभक्ति के तरानों के बीच निकली वॉक फॉर यूनिटी
आगरा के लोहामंडी में मां तुझे प्रणाम अभियान के तहत वॉक फॉर यूनिटी निकली। सैकड़ों स्कूली बच्चों और एनसीसी कैडेट्स ने तिरंगे के साथ देशभक्ति के नारे लगाए |
आगरा। ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान के तहत मंगलवार को लोहामंडी क्षेत्र में आयोजित वॉक फॉर यूनिटी ने शहर को देशभक्ति के रंग में रंग दिया। हाथों में तिरंगा और जुबां पर ‘वंदे मातरम’, ‘भारत माता की जय’ और ‘शहीद अमर रहें’ के नारों के साथ सैकड़ों स्कूली बच्चे और एनसीसी कैडेट्स करीब दो किलोमीटर तक कदमताल करते हुए आगे बढ़े। उमस भरी गर्मी भी बच्चों के उत्साह और देशभक्ति के जज्बे को कम नहीं कर सकी।
अमर उजाला के ‘मां तुझे प्रणाम’ अभियान की कड़ी में आयोजित इस वॉक फॉर यूनिटी में दर्जनों स्कूलों के विद्यार्थी, एनसीसी कैडेट्स और सामाजिक संगठनों के लोग शामिल हुए। महाराजा अग्रसेन सेवा सदन, लोहामंडी से शुरू हुई यात्रा को मुख्य अतिथि जीजी स्कूल ऑफ नर्सिंग एंड पैरामेडिकल के चेयरमैन मुकेश कुमार गुप्ता और विशिष्ट अतिथि महाराजा अग्रसेन सेवा सदन के महासचिव डॉ. वीडी अग्रवाल ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
तिरंगा लेकर निकला देशभक्ति का कारवां
वॉक फॉर यूनिटी में बच्चों के हाथों में लहराते तिरंगे और कई फीट लंबे राष्ट्रीय ध्वज आकर्षण का केंद्र रहे। एनसीसी आर्मी विंग के कैडेट्स ने अनुशासित कदमताल करते हुए ‘वंदे मातरम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाए। यूनिफॉर्म में कदम से कदम मिलाकर चलते कैडेट्स सेना के जवानों की झलक पेश कर रहे थे।
यात्रा जैसे-जैसे आगे बढ़ी, सड़क किनारे मौजूद लोगों की भीड़ भी बढ़ती गई। पैदल राहगीर और वाहन सवार लोग बच्चों की प्रस्तुतियां देखने के लिए रुक गए। कई लोगों ने मोबाइल से वीडियो बनाए और तस्वीरें खींचीं। लोगों ने बच्चों के साथ सेल्फी भी ली।
शहीदों की झांकी ने खींचा लोगों का ध्यान
वॉक फॉर यूनिटी में शामिल विभिन्न झांकियां भी लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। सरदार भगत सिंह, सुखदेव और राजगुरु के बलिदान को दर्शाती झांकी ने विशेष रूप से लोगों का ध्यान खींचा। शहीदों के बलिदान को देखकर लोगों में देशभक्ति का भाव और गहरा हो गया और रास्तों पर ‘भारत माता की जय’ के जयकारे गूंजने लगे।
बच्चों ने यात्रा के दौरान देशभक्ति गीतों पर प्रस्तुतियां भी दीं। गीत, झांकियां और बच्चों का उत्साह देखकर सड़क पर मौजूद लोग कुछ देर के लिए ठहर गए। करीब दो घंटे तक चले इस आयोजन में पूरे मार्ग पर देशभक्ति का माहौल बना रहा।
इन रास्तों से गुजरी वॉक फॉर यूनिटी
वॉक फॉर यूनिटी की शुरुआत महाराजा अग्रसेन सेवा सदन से हुई। इसके बाद यात्रा कोठी मीना बाजार, साकेत कॉलोनी, लोहामंडी और जयपुर हाउस होते हुए वापस सेवा सदन पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। करीब दो किलोमीटर की यात्रा के दौरान बच्चों और कैडेट्स ने लगातार देशभक्ति के नारे लगाए।
कई स्कूलों के विद्यार्थी हुए शामिल
अमर उजाला की ओर से आयोजित वॉक फॉर यूनिटी में प्रिल्यूड पब्लिक स्कूल, शिवालिक ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, मिल्टन पब्लिक स्कूल, होली लाइट पब्लिक स्कूल, सिम्बॉयजिया वर्ल्ड स्कूल, बीडी कॉन्वेंट सीनियर सेकेंडरी स्कूल, ऑल सेंट्स स्कूल, बचपन प्ले स्कूल एवं एकेडमिक हाइट्स पब्लिक स्कूल, कर्नल्स ब्राइटलैंड पब्लिक स्कूल, जिम कॉर्बेट पब्लिक स्कूल, डॉ. बलूनी ग्रुप ऑफ इंस्टीट्यूशंस, एसएस कॉन्वेंट स्कूल, सचदेवा मिलेनियम स्कूल, माही इंटरनेशनल स्कूल एंड ईशान कॉलेज, सेंट एंड्रयूज पब्लिक स्कूल, हेरिटेज पब्लिक स्कूल, गणेश राम नगर बालिका सरस्वती विद्यालय, सरस्वती विद्या मंदिर, न्यू मिल्टन पब्लिक स्कूल, दिल्ली पब्लिक इंटरनेशनल स्कूल, जॉन मिल्टन पब्लिक स्कूल और होली पब्लिक जूनियर कॉलेज के विद्यार्थी शामिल रहे।
इस आयोजन ने न केवल बच्चों में देशभक्ति की भावना को मजबूत किया, बल्कि शहरवासियों को भी शहीदों के बलिदान और राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी का संदेश दिया। तिरंगे की शान में निकला यह कारवां लंबे समय तक लोगों की यादों में देशभक्ति की तस्वीर बनकर दर्ज रहा।