तिरंगे की शान में आगरा में निकली यात्रा, बलिदानियों को नमन करते हुए बढ़े हजारों कदम; देखें तस्वीरें
स्वतंत्रता दिवस से पहले आगरा में ‘एक यात्रा बलिदानियों के नाम’ तिरंगा यात्रा निकली। हजारों शहरवासियों ने तिरंगा थामकर शहीदों को नमन किया और देशभक्ति के नारों से ताजनगरी गूंज उठी।
आगरा। स्वतंत्रता दिवस से दो दिन पहले गुरुवार को ताजनगरी देशभक्ति के रंग में रंगी नजर आई। दैनिक जागरण की ओर से ‘एक यात्रा बलिदानियों के नाम’ तिरंगा यात्रा निकाली गई, जिसमें हजारों शहरवासियों ने हाथों में तिरंगा लेकर हिस्सा लिया। एमजी रोड समेत शहर के प्रमुख मार्ग देशभक्ति के नारों और राष्ट्रभक्ति की धुनों से गूंज उठे।
दैनिक जागरण, नगर निगम, जिला प्रशासन, पुलिस और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के संयुक्त आयोजन में निकली यह यात्रा नगर निगम परिसर से शुरू होकर खंदारी स्थित विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद परिसर तक पहुंची। यात्रा का उद्देश्य देश की आजादी के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले बलिदानियों को नमन करना और युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को मजबूत करना रहा।
सुबह से ही जुटने लगा था शहर
सुबह करीब सात बजे से ही शहरवासी सूरसदन स्थित नगर निगम परिसर में पहुंचने लगे थे। कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर माहौल को देशभक्ति से भर दिया। सुबह आठ बजे उत्तर प्रदेश के सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री और जिले के प्रभारी मंत्री भूपेंद्र सिंह ने कार्यक्रम का उद्घाटन किया।
उन्होंने नगर निगम परिसर में लगाई गई प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया। अतिथियों के संबोधन के बाद गुब्बारे उड़ाए गए और हरी झंडी दिखाकर तिरंगा यात्रा को रवाना किया गया।
हाथों में तिरंगा, जुबां पर देशभक्ति के नारे
हरी झंडी मिलते ही हजारों युवा, बच्चे, महिलाएं और पुरुष तिरंगा लेकर शहर की सड़कों पर निकल पड़े। यात्रा के दौरान भारत माता की जय और वंदे मातरम् के नारों से वातावरण गूंजता रहा। देशभक्ति गीतों की धुन और घोष पथसंचलन की कदमताल ने यात्रा में अलग ही ऊर्जा भर दी।
यात्रा में शामिल लोगों ने स्वतंत्रता संग्राम के वीरों और देश के लिए बलिदान देने वाले शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए राष्ट्रसेवा का संकल्प लिया।
भारत माता को नमन के बाद खंदारी कैंपस पहुंचा कारवां
तिरंगा यात्रा का पहला प्रमुख पड़ाव दीवानी स्थित भारत माता प्रतिमा स्थल रहा। यहां भारत माता को श्रद्धा सुमन अर्पित कर बलिदानियों को नमन किया गया।
इसके बाद तिरंगों का कारवां सूर्य नगर कॉलोनी और खंदारी हनुमान मंदिर चौराहे से होते हुए डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के स्वामी विवेकानंद परिसर (खंदारी कैंपस) के दीक्षांत समारोह मैदान पहुंचा। यहां राष्ट्रगान के साथ यात्रा का समापन हुआ।
आगे बाइकर्स, पीछे तिरंगों का सैलाब
तिरंगा यात्रा की अगुवाई बाइकर्स ग्रुप ने की। सबसे आगे बाइक सवार तिरंगा थामे चल रहे थे। उनके पीछे विभिन्न सामाजिक संगठनों, संस्थाओं और शिक्षण संस्थानों से जुड़े लोग शामिल हुए।
हजारों विद्यार्थियों की मौजूदगी यात्रा का खास आकर्षण रही। स्कूली बच्चों का घोष की ताल पर पथसंचलन और हाथों में लहराता तिरंगा लोगों का ध्यान खींचता रहा।
देशभक्ति से सराबोर दिखी ताजनगरी
‘एक यात्रा बलिदानियों के नाम’ ने आगरा में स्वतंत्रता दिवस की पूर्व बेला पर राष्ट्रप्रेम और एकता का संदेश दिया। हजारों कदम जब तिरंगे की शान में एक साथ आगे बढ़े तो शहर में देशभक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला।