logo logo
logo logo

Contact Information

Branch office:- Shop 10 38/4A Basement, block Samriddhi building, near balaji juice ,J&k bank and Yes bank, Sanjay Palace, Sanjay Place, Civil Lines, Agra, Uttar Pradesh 282002

Call: +91 6399 505 060

agratrends@gmail.com
Trending in Agra

आगरा में व्यापारियों की समस्याओं के समाधान के लिए पुलिस करेगी मासिक बैठक, एमजी रोड जाम और अतिक्रमण पर होगी सख्ती

आगरा पुलिस अब व्यापारियों की सुरक्षा और समस्याओं के समाधान के लिए हर महीने बैठक करेगी। एमजी रोड जाम, अतिक्रमण, अवैध पार्किंग और नो-वेंडिंग जोन के पालन पर सख्ती होगी।


  • August 20, 2026
  • 1 minute
  • 8 Views
Image

आगरा। व्यापारियों की सुरक्षा और उनकी समस्याओं के त्वरित समाधान के लिए आगरा पुलिस अब व्यापारिक संगठनों के साथ हर महीने नियमित बैठक करेगी। पुलिस प्रशासन ने व्यापारियों और अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने के लिए बैठक का स्थायी कार्यक्रम तय किया है। इसके तहत हर महीने के पहले बुधवार को थानों और तीसरे बुधवार को पुलिस मुख्यालय स्तर पर बैठक आयोजित की जाएगी।

पुलिस लाइंस स्थित शहीद प्रशांत मेमोरियल हॉल में अपर पुलिस आयुक्त सचिंद्र पटेल की अध्यक्षता में विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारियों के साथ समन्वय गोष्ठी आयोजित हुई। बैठक में व्यापारियों ने सुरक्षा के साथ-साथ शहर की बिगड़ती यातायात व्यवस्था और बाजारों से जुड़ी कई समस्याएं अधिकारियों के सामने रखीं।

एमजी रोड पर जाम और अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुख

बैठक में व्यापारियों ने एमजी रोड पर मेट्रो कार्य के चलते लगने वाले जाम को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने, फुटपाथों से अतिक्रमण हटाने और रात के समय पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था कराने की मांग की।

व्यापारियों ने प्रमुख चौराहों और तिराहों के आसपास करीब 50 मीटर क्षेत्र को पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रखने का सुझाव दिया। साथ ही नो-वेंडिंग जोन का प्रभावी पालन कराने और सड़क किनारे अवैध ठेले-खोखे हटाने की मांग भी रखी गई।

अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए संबंधित विभागों के साथ समन्वय कर प्रभावी समाधान कराने के निर्देश दिए।

अवैध पार्किंग और ऑटो चालकों का होगा सत्यापन

शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने के लिए पुलिस अधिकारियों ने चौराहों, तिराहों और प्रमुख मोड़ों पर अवैध पार्किंग रोकने के निर्देश दिए। सर्विस रोड को आवागमन के लिए पूरी तरह खाली रखने और ऑटो चालकों के सत्यापन के लिए विशेष अभियान चलाने पर भी जोर दिया गया।

पुलिस को यह भी निर्देश दिए गए कि अभियान के दौरान हटाए गए अतिक्रमण दोबारा न लौटें। इसके लिए नियमित निगरानी की जाएगी। बाजारों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस गश्त बढ़ाने के साथ संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की जांच भी तेज करने के निर्देश दिए गए हैं।

बाजारों में सीसीटीवी से बढ़ेगी सुरक्षा

व्यापारिक प्रतिष्ठानों और बाजारों की सुरक्षा के लिए सीसीटीवी कैमरों की संख्या बढ़ाने पर भी जोर दिया गया। अपर पुलिस आयुक्त ने बाजारों में नए कैमरे लगवाने तथा पुराने और खराब सीसीटीवी कैमरों की जांच कर उन्हें दुरुस्त कराने के निर्देश दिए।

चौराहों के आसपास अवैध ठेले-खोखे हटाने के साथ 50 मीटर क्षेत्र को नो-वेंडिंग और नो-एन्क्रोचमेंट जोन बनाए रखने की बात कही गई। इसके अलावा ओवरलोड वाहनों की जांच कर नियमों के अनुसार कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए गए।

व्यापारियों और पुलिस के बीच बढ़ेगा संवाद

पुलिस प्रशासन का मानना है कि नियमित बैठकों से व्यापारियों की समस्याएं अधिकारियों तक सीधे पहुंचेंगी और उनका समयबद्ध समाधान किया जा सकेगा। इससे बाजारों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत होने के साथ शहर की यातायात व्यवस्था सुधारने में भी मदद मिलेगी।

बैठक में आगरा व्यापार मंडल, फेडरेशन ऑफ उद्योग व्यापार एसोसिएशन, आगरा पेठा एसोसिएशन, आगरा कारपेट एक्सपोर्ट एसोसिएशन, ऑटो ट्रेडर्स और लघु उद्योग भारती समेत विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में व्यापारी मौजूद रहे।


Leave a reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *